वित्त मंत्रालय
डीआरआई ने कार में बने गुप्त खाँचे से लगभग 5.8 किलोग्राम विदेशी मूल का सोना जब्त किया, जिसकी कीमत 9 करोड़ रुपये है; सोने की तस्करी के शातिर तरीके का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार
प्रविष्टि तिथि:
11 OCT 2026 10:46PM by PIB Delhi
सोने की संगठित तस्करी के विरुद्ध अपनी निरंतर कार्रवाई जारी रखते हुए, राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने आसूचना-आधारित अभियान के तहत 8–9 अक्टूबर 2026 के दौरान विशाखापत्तनम में कोलकाता से हैदराबाद जा रही एक कार को रोका, जिसमें दो यात्री सवार थे। राष्ट्रीय राजमार्ग पर अधिकारियों द्वारा कड़ी सतर्कता बनाए रखते हुए लंबे समय तक पीछा किए जाने के बाद इस कार को रोका गया।

5.8 किलोग्राम सोना जब्त
वाहन की गहन तलाशी के दौरान, जिसमें लंबे समय तक जांच और व्यवस्थित तरीके से खंगालने की प्रक्रिया शामिल थी, आगे की सह-यात्री सीट के पैरों के लिए बने स्थान के नीचे विशेष रूप से निर्मित एक गुप्त खाँचे का पता चला। इस खाँचे से 24 कैरेट के विदेशी मूल के सोने के तीन पैकेट बरामद किए गए, जिनका कुल वजन 5,832.90 ग्राम और अनुमानित मूल्य लगभग 8.98 करोड़ रुपये था। वाहन में सवार लोगों ने स्वीकार किया कि सोने की भारत में तस्करी भारत-बांग्लादेश सीमा के रास्ते की गई थी और इसे हैदराबाद ले जाया जा रहा था।
बरामद सोने को सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 के संबंधित प्रावधानों के तहत जब्त कर लिया गया। दोनों व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
यह मामला डीआरआई द्वारा 18–19 सितंबर 2026 को की गई एक अन्य बड़ी जब्ती से काफी मिलता-जुलता है। उस दौरान अधिकारियों ने दिल्ली के निकट पलवल टोल प्लाजा के पास दो थार वाहनों को रोका था और उनके चेसिस में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त खाँचों से 15 किलोग्राम से अधिक विदेशी मूल का सोना बरामद किया था, जिसका मूल्य 23 करोड़ रुपये से अधिक था। उस मामले में प्रारंभिक आसूचना से संकेत मिला था कि सोने की तस्करी म्यांमार से की गई थी।
ये मामले सोने की संगठित तस्करी करने वाले गिरोहों द्वारा वाहनों में विशेष रूप से तैयार किए गए गुप्त खानों में तस्करी के सामान को छिपाकर देश भर में ले जाने के लिए अपनाए जा रहे अधिकाधिक शातिर तरीकों को उजागर करते हैं। डीआरआई ऐसी बदलती हुई छिपाने की तकनीकों की पहचान करने, तस्करी के गिरोहों को ध्वस्त करने तथा देश के आर्थिक और राजस्व हितों की रक्षा करने के लिए कृत-संकल्प है।
****
पीके/केसी/आरटी/पीके
(रिलीज़ आईडी: 2322079)
आगंतुक पटल : 71