सूचना और प्रसारण मंत्रालय
स्वच्छता ही सेवा 2026 के अंतर्गत केंद्रीय विद्यालय सालावाला में स्वच्छता शपथ एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित
- विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर प्रतियोगिता विजेताओं को सम्मानित किया गया।
प्रविष्टि तिथि:
12 OCT 2026 4:27PM by PIB Dehradun
स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के अंतर्गत आज केंद्रीय विद्यालय सालावाला, देहरादून में स्वच्छता शपथ एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए उन्हें प्रेरित करना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं उपस्थित प्रतिभागियों ने स्वच्छता की शपथ ली तथा अपने विद्यालय, घर और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर व्यक्तिगत स्वच्छता, कचरे के उचित निस्तारण और स्वच्छता संबंधी आदतों को दैनिक जीवन में अपनाने के महत्व पर जोर दिया गया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री मयंक शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। विद्यार्थियों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखकर और दूसरों को इसके लिए प्रेरित करके स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देना चाहिए।”

कार्यक्रम अधिकारी एवं भारतीय सूचना सेवा के अधिकारी श्री अनिल दत्त शर्मा ने स्वच्छता अभियान में जनभागीदारी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा, “स्वच्छता ही सेवा अभियान की सफलता प्रत्येक नागरिक की जागरूकता, सहभागिता और निरंतर प्रयासों पर निर्भर करती है। विद्यार्थियों में स्वच्छता की आदत विकसित करके हम जिम्मेदार नागरिकों का निर्माण कर सकते हैं और स्वच्छ भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं।”
कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। कक्षा 7-B के नवोदय सिंह ने प्रथम, कक्षा 7-B की धनिशी ने द्वितीय तथा कक्षा 8-C की श्रेया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को उनके प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया गया।
विद्यालय के प्रति आभार स्वरूप एक कूड़ेदान भी भेंट किया गया, ताकि उचित कचरा निस्तारण को प्रोत्साहन मिले और विद्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के प्रति जागरूकता बढ़े।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक श्री राम किशोर मीना सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को कूड़ा इधर-उधर न फेंकने, स्वच्छता अपनाने तथा अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया गया।
(रिलीज़ आईडी: 2322287)
आगंतुक पटल : 4
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें:
English