रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारतीय तटरक्षक बल ने माउंट मुकुट की अत्यधिक ऊंचाई पर अभियान सफलतापूर्वक संपन्न किया

प्रविष्टि तिथि: 12 OCT 2026 5:00PM by PIB Delhi

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने 12 अक्टूबर, 2026 को देहरादून में भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) के 17 सदस्यीय पर्वतारोहण दल का भव्य स्वागत किया। इस दल ने 7 अक्टूबर, 2026 को दार्जिलिंग के हिमालय पर्वतारोहण संस्थान (एचएमआई) के विशेषज्ञ मार्गदर्शन में 7,045 मीटर ऊंची माउंट मुकुट चोटी को सफलतापूर्वक फतह किया। यह अभियान इस टीम के साहस, अनुशासन, टीम भावना और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करने की क्षमता का परिचायक है।

भारतीय तटरक्षक बल का माउंट मुकुट पर्वतारोहण अभियान 18 महीने के गहन प्रशिक्षण कार्यक्रम का पांचवां और अंतिम महत्वपूर्ण चरण था। इसका उद्देश्य वर्ष 2027 में भारतीय तटरक्षक बल की स्वर्ण जयंती के अवसर पर प्रस्तावित माउंट एवरेस्ट अभियान के लिए दल को तैयार करना था। यह अभियान 15 सितंबर, 2026 को शुरू हुआ था और इसके दौरान टीम ने एक अक्टूबर को पहला आधार शिविर स्थापित किया और खराब मौसम जैसी कठिन चुनौतियों का सामना करते हुए 7 अक्टूबर को 7,045 मीटर ऊंची माउंट मुकुट चोटी पर सफलतापूर्वक चढ़ाई पूरी की। इस अभियान से प्राप्त परिचालन अनुभव और महत्वपूर्ण सीख वर्ष 2027 के ऐतिहासिक एवरेस्ट अभियान की अंतिम तैयारियों में सहायक होंगे।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भारतीय तटरक्षक बल के पर्वतारोहण दल के असाधारण साहस एवं सहनशक्ति की सराहना करते हुए इस उपलब्धि को हिम्मत और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बताया। वहीं, भारतीय तटरक्षक बल के अपर महानिदेशक आनंद प्रकाश बडोला ने हिमालय के दुर्गम क्षेत्रों में उत्कृष्ट टीमवर्क और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में अभियान को सफलतापूर्वक पूरा करने के लिए पूरी टीम को बधाई दी।

***

पीके/केसी/आरटी/एनके


(रिलीज़ आईडी: 2322390) आगंतुक पटल : 103
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu