संचार मंत्रालय
दूरसंचार विभाग के सचिव श्री अमित अग्रवाल ने एनसीए-एफ में विशेष आधारभूत प्रशिक्षण पाठ्यक्रम 2026 का उद्घाटन किया
11 अखिल भारतीय एवं केंद्रीय सिविल सेवाओं के 116 अधिकारी प्रशिक्षु दस सप्ताह के प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल
विशेष आधारभूत प्रशिक्षण पाठ्यक्रम का उद्देश्य विकसित भारत के दृष्टिकोण के प्रति प्रतिबद्ध, नैतिक मूल्यों से युक्त, नागरिक-केंद्रित और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार सिविल सेवकों का निर्माण करना है
प्रविष्टि तिथि:
12 OCT 2026 5:10PM by PIB Delhi
विशेष आधारभूत प्रशिक्षण पाठ्यक्रम (एसएफसी) 2026 का आज नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय संचार अकादमी–वित्त (एनसीए-एफ) परिसर में उद्घाटन किया गया। इस पाठ्यक्रम में अखिल भारतीय एवं केंद्रीय सिविल सेवाओं की 11 सेवाओं का प्रतिनिधित्व करने वाले कुल 116 अधिकारी प्रशिक्षु भाग ले रहे हैं। एनसीए-एफ द्वारा आयोजित यह दूसरा विशेष आधारभूत प्रशिक्षण पाठ्यक्रम है।
दूरसंचार विभाग के सचिव श्री अमित अग्रवाल इस अवसर पर मुख्य अतिथि थे। उद्घाटन संबोधन में उन्होंने ज्ञान के लोकतंत्रीकरण के इस युग में आलोचनात्मक एवं विश्लेषणात्मक कौशल के महत्व पर बल दिया। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अब भविष्य की सभी चुनौतियों के समाधान अतीत के अनुभवों में ही निहित नहीं हैं। उन्होंने अधिकारी प्रशिक्षुओं से आह्वान किया कि वे परिवर्तनकारी प्रौद्योगिकी का उपयोग विवेकपूर्ण निर्णय क्षमता और मूल मानवीय मूल्यों के आधार पर करते हुए भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार लोकसेवक बनें।
एनसीए-एफ के महानिदेशक डॉ. संजीवन सिन्हा ने अधिकारी प्रशिक्षुओं को निष्ठा की शपथ दिलाई। एसएफसी 2026 के पाठ्यक्रम निदेशक डॉ. कमल कपूर ने गणमान्य अतिथियों एवं अधिकारी प्रशिक्षुओं का स्वागत किया तथा अनुशासन, सीखने की प्रवृत्ति और सौहार्द के मूलभूत मूल्यों पर बल दिया। पाठ्यक्रम समन्वयक श्री अमरनाथ ओझा ने प्रशिक्षण पाठ्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।
12 अक्टूबर से 18 दिसंबर 2026 तक चलने वाले दस सप्ताह के इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में लोक प्रशासन, कानून, अर्थशास्त्र, नैतिकता, नेतृत्व, राष्ट्रीय सुरक्षा और सुशासन सहित 18 शैक्षणिक एवं अनुभवात्मक घटक शामिल हैं। कार्यक्रम में प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों द्वारा विकसित भारत विषय पर व्याख्यान, क्षेत्रीय अनुसंधान एवं अध्ययन कार्यक्रम तथा भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के सहयोग से हिमालयी अध्ययन यात्रा भी शामिल है।
इस पाठ्यक्रम का उद्देश्य विकसित भारत के दृष्टिकोण के प्रति प्रतिबद्ध, नैतिक मूल्यों से युक्त, नागरिक-केंद्रित और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार सिविल सेवकों का निर्माण करना है।
एनसीए-एफ के बारे में
राष्ट्रीय संचार अकादमी–वित्त (एनसीए-एफ), नई दिल्ली, दूरसंचार विभाग के अंतर्गत कार्यरत एक केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान है। क्षमता निर्माण आयोग द्वारा इसे ‘सर्वोत्कृष्ट’ श्रेणी में स्थान दिया गया है।
“सर्वस्य मूलं संचारः” — संचार ही सबका आधार है, इस ध्येय वाक्य से प्रेरित एनसीए-एफ क्षमता निर्माण, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्टता का केंद्र बनने की दिशा में प्रयासरत है। संस्थान का उद्देश्य भारतीय ज्ञान परंपराओं को वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं के साथ समन्वित करते हुए नागरिक-केंद्रित और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार सिविल सेवकों का निर्माण करना है।

विशेष आधारभूत प्रशिक्षण पाठ्यक्रम 2026 का सामूहिक छायाचित्र

दूरसंचार विभाग के सचिव श्री अमित अग्रवाल अधिकारी प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए
***
पीके/केसी /आरटी /एमएम/डीके
(रिलीज़ आईडी: 2322410)
आगंतुक पटल : 70