उपभोक्ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय
भारतीय मानक ब्यूरो करेगा ‘मानक महोत्सव’ का आयोजन
श्री हरिभाऊ बागड़े, राज्यपाल होंगे ‘मानक महोत्सव’ में मुख्य अतिथि
प्रविष्टि तिथि:
13 OCT 2026 3:51PM by PIB Jaipur
भारतीय मानक ब्यूरो (Bureau of Indian Standards – BIS), जयपुर शाखा कार्यालय द्वारा विश्व मानक दिवस 2026 के अवसर पर 14 अक्टूबर 2026 को कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान, जयपुर में ‘मानक महोत्सव 2026’ का आयोजन हो रहा है। कार्यक्रम में श्री हरिभाऊ बागड़े, राज्यपाल, राजस्थान “मुख्य अतिथि” होंगे।
विश्व मानक दिवस प्रतिवर्ष 14 अक्टूबर को मानकीकरण के महत्व तथा वैश्विक स्तर पर गुणवत्ता, सुरक्षा, विश्वसनीयता और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने में मानकों की भूमिका के प्रति जागरुकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मनाया जाता है।
इस वर्ष विश्व मानक दिवस की थीम “Shared Vision for a Better World: Spotlight on UN SDG 7 – Affordable and Clean Energy” है, जो सभी के लिए किफायती, विश्वसनीय, सतत एवं आधुनिक ऊर्जा की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर केंद्रित है।
मानक महोत्सव का उद्देश्य भारतीय मानकों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, उत्पादों एवं सेवाओं में गुणवत्ता संस्कृति को प्रोत्साहित करना तथा उद्योगों, शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी विभागों और उपभोक्ताओं के बीच मानकीकरण के महत्व को रेखांकित करना है।
भारतीय मानक ब्यूरो देश में मानकीकरण, उत्पाद प्रमाणन, हॉलमार्किंग तथा गुणवत्ता आश्वासन के माध्यम से उपभोक्ताओं के हितों की सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण उत्पादों एवं सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्यरत है। इस प्रकार के आयोजन विभिन्न हितधारकों के बीच सहयोग को सुदृढ़ करने तथा देश में गुणवत्ता एवं मानकीकरण की संस्कृति विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भारतीय मानक ब्यूरो के निदेशक एवं प्रमुख, श्री आदित्य दास ने सभी संबंधित हितधारकों से मानक महोत्सव में भाग लेकर गुणवत्ता, मानकीकरण और सतत विकास के साझा संकल्प को सुदृढ़ करने का आह्वान किया है।
(रिलीज़ आईडी: 2322773)
आगंतुक पटल : 62