युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
राष्ट्रीय वंदे मातरम् युवा कैंप में पर्वतारोही मेघा परमार, ओलंपियन विवेक सागर प्रसाद, योगाचार्य डॉ. विजय शंकर मिश्रा एवं SDRF के प्रशिक्षण से युवाओं को मिली प्रेरणा
प्रविष्टि तिथि:
13 OCT 2026 4:48PM by PIB Bhopal
वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर मेरा युवा भारत (MY Bharat), मध्यप्रदेश द्वारा भारतीय वन प्रबंधन संस्थान (IIFM), भोपाल में आयोजित राष्ट्रीय वंदे मातरम् युवा कैंप 2026–27 के अंतर्गत आज युवाओं के व्यक्तित्व विकास, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, खेल भावना, साहस और आपदा प्रबंधन क्षमता को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न प्रेरणादायी गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रसिद्ध पर्वतारोही मेघा परमार, भारतीय हॉकी खिलाड़ी एवं ओलंपियन विवेक सागर प्रसाद तथा योगाचार्य डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने युवाओं का मार्गदर्शन किया। साथ ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) द्वारा विशेष प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया।

पर्वतारोही मेघा परमार ने दिया साहस और दृढ़ संकल्प का संदेश
प्रसिद्ध पर्वतारोही मेघा परमार ने युवाओं के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए उन्हें जीवन की चुनौतियों का साहसपूर्वक सामना करने, कठिन परिस्थितियों से सीखने तथा आत्मविश्वास और दृढ़ इच्छाशक्ति के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपने अनुभवों के माध्यम से यह संदेश दिया कि कठिनाइयाँ सफलता की राह में बाधा अवश्य बन सकती हैं, लेकिन निरंतर प्रयास, धैर्य और मजबूत संकल्प से उन पर विजय प्राप्त की जा सकती है।

ओलंपियन विवेक सागर प्रसाद ने खेलों के महत्व से कराया परिचित
भारतीय हॉकी खिलाड़ी एवं ओलंपियन विवेक सागर प्रसाद ने युवाओं को हॉकी के क्षेत्र में अपनी यात्रा और अनुभवों के माध्यम से प्रेरित किया। उन्होंने खेलों में अनुशासन, नियमित अभ्यास, टीम भावना, समर्पण और कठिन परिश्रम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं को अपने लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने तथा खेलों के माध्यम से देश का गौरव बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।
योगाचार्य डॉ. विजय शंकर मिश्रा के मार्गदर्शन में योगाभ्यास
शिविर में योगाचार्य डॉ. विजय शंकर मिश्रा के मार्गदर्शन में युवाओं ने योगाभ्यास किया। इस सत्र के माध्यम से शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक एकाग्रता, तनाव प्रबंधन और संतुलित जीवनशैली के महत्व को समझाया गया। युवाओं को नियमित योगाभ्यास अपनाकर स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।

SDRF प्रशिक्षण से सीखे आपदा प्रबंधन एवं सुरक्षा के गुर
युवाओं को आपातकालीन परिस्थितियों के प्रति जागरूक एवं सक्षम बनाने के उद्देश्य से राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) द्वारा प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। इसमें आपदा के समय सतर्कता, सुरक्षा, बचाव संबंधी जागरूकता तथा संकट की परिस्थितियों में जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने के महत्व पर प्रशिक्षण दिया गया। इस पहल का उद्देश्य युवाओं में आपदा प्रबंधन की समझ, सेवा भावना और सामाजिक उत्तरदायित्व को बढ़ावा देना रहा।
_20261013165256_f9fd74.jpeg)
राष्ट्रनिर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका
इन सभी गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को यह संदेश दिया गया कि साहस, अनुशासन, स्वस्थ जीवनशैली, खेल भावना और संकट के समय सेवा के लिए तत्परता एक सशक्त एवं जिम्मेदार नागरिक के महत्वपूर्ण गुण हैं। प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों के अनुभवों और प्रशिक्षण सत्रों ने युवाओं को अपने व्यक्तिगत विकास के साथ-साथ समाज एवं राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को समझने की प्रेरणा दी।
_20261013165313_22651d.jpeg)
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय वंदे मातरम् युवा कैंप 2026–27 का आयोजन 12 से 18 अक्टूबर 2026 तक भारतीय वन प्रबंधन संस्थान (IIFM), भोपाल में किया जा रहा है। सात दिवसीय इस राष्ट्रीय शिविर में छह राज्यों के 150 युवा प्रतिभागी शामिल हो रहे हैं। शिविर का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय एकता, संवैधानिक मूल्यों, सांस्कृतिक आदान-प्रदान, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रनिर्माण के प्रति प्रतिबद्धता को प्रोत्साहित करना है
***
(रिलीज़ आईडी: 2322822)
आगंतुक पटल : 20