रेल मंत्रालय
स्वच्छता पखवाड़ा-2026 एवं SWM-2026 के अंतर्गत मुरादाबाद मंडल के हरिद्वार, योग नगरी ऋषिकेश एवं लक्सर रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता जागरूकता अभियान एवं रेल जनसंवाद का आयोजन, देहरादून हेल्थ यूनिट में वृक्षारोपण कर दिया गया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।
प्रविष्टि तिथि:
13 OCT 2026 5:52PM by PIB Dehradun
मुरादाबाद मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 एवं SWM-2026 (सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट) के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने, कचरे के उचित प्रबंधन, यात्रियों की समस्याओं एवं सुझावों को जानने तथा पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिनांक 13 अक्टूबर 2026 को विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
इसी क्रम में हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर यात्रियों एवं हाउसकीपिंग स्टाफ को सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया तथा इसके उपयोग से बचने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान चार प्रकार के डस्टबिन के उपयोग एवं कचरे के पृथक्करण के महत्व को समझाते हुए सभी को कचरा निर्धारित डस्टबिन में ही डालने के लिए प्रोत्साहित किया गया। साथ ही, स्टेशन एवं स्टेशन परिसर को स्वच्छ बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।

वहीं, योग नगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर Gen-Z (युवा पीढ़ी) के यात्रियों के साथ रेल जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान स्टेशन की साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था, सुरक्षा, दिव्यांग यात्रियों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, ट्रेनों की समयबद्धता, रेल कर्मचारियों के व्यवहार तथा शिकायत निवारण प्रक्रिया जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर यात्रियों से संवाद कर उनके विचार एवं सुझाव प्राप्त किए गए। यात्रियों ने स्टेशन पर बेहतर स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल, नियमित सूचना प्रसारण एवं सुरक्षा व्यवस्था की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता पखवाड़ा-2026 एवं SWM-2026 के अंतर्गत यात्रियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए इसके उपयोग से बचने, चार प्रकार के डस्टबिन का सही उपयोग करने तथा कचरे का उचित पृथक्करण सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया गया। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों की भागीदारी से स्वच्छ, सुरक्षित एवं यात्री अनुकूल रेल परिसर विकसित करना है।
इसी प्रकार, लक्सर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों, वेंडर्स एवं हाउसकीपिंग स्टाफ के लिए स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान सिंगल यूज प्लास्टिक से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान की जानकारी देते हुए इसके उपयोग को कम करने एवं इससे बचने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही, चार प्रकार के डस्टबिन के उपयोग, कचरे के पृथक्करण तथा कचरे को उचित डस्टबिन में डालने के महत्व के बारे में विस्तार से समझाया गया। सभी से अपील की गई कि वे स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तथा कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित कर स्वच्छ एवं पर्यावरण अनुकूल रेल परिसर बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।

इसके अतिरिक्त, स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत हेल्थ यूनिट, देहरादून में ACMS/JP डॉ. लीना रॉय एवं DMO/DDN डॉ. रूपल घुमरिया द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित वातावरण के विकास तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम ने स्वच्छता के साथ-साथ हरियाली को बढ़ावा देने और पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करने के महत्व को रेखांकित किया।
मुरादाबाद मंडल द्वारा स्वच्छता पखवाड़ा-2026 एवं SWM-2026 के अंतर्गत आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से यात्रियों, रेल कर्मचारियों, वेंडर्स एवं आमजन को स्वच्छता, कचरा पृथक्करण, सिंगल यूज प्लास्टिक के कम उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। मंडल का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से रेलवे स्टेशनों को स्वच्छ, सुरक्षित, हरित एवं यात्री अनुकूल बनाना है। रेलवे प्रशासन सभी यात्रियों एवं संबंधित हितधारकों से अपील करता है कि वे स्वच्छता के नियमों का पालन करें, कचरे को निर्धारित डस्टबिन में डालें तथा पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान दें।
(रिलीज़ आईडी: 2322906)
आगंतुक पटल : 10