उपभोक्‍ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारतीय मानक ब्यूरो भोपाल द्वारा कटनी में विश्व मानक दिवस के उपलक्ष्य पर "स्टैंडर्ड्स कॉन्क्लेव" का आयोजन

प्रविष्टि तिथि: 13 OCT 2026 6:13PM by PIB Bhopal

विश्व मानक दिवस 2026 के अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), भोपाल शाखा कार्यालय द्वारा कटनी में दिनांक 12 अक्टूबर 2026 "स्टैंडर्ड्स कॉन्क्लेव" का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और उपभोक्ता अधिकार संगठनों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं कटनी के माननीय विधायक श्री संदीप प्रकाश जायसवाल, जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग कटनी के माननीय अध्यक्ष श्री सनत कुमार कश्यप ,कटनी की माननीय महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, मध्य प्रदेश लघु उद्योग संघ के उपाध्यक्ष श्री सुधीर कुमार मिश्रा तथा अखिल भारतीय उपभोक्ता उत्थान संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री हरिशंकर प्रसाद शुक्ला की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ।

उद्घाटन सत्र में भारतीय मानक ब्यूरो भोपाल शाखा कार्यालय के निदेशक एवं प्रमुख श्री मोहम्मद रिजवान ने कार्यक्रम की रूपरेखा और इस वर्ष के विषय (Theme) की जानकारी दी। उन्होंने देश में एक सुदृढ़ और गुणवत्तापूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण में भारतीय मानकों (Indian Standards) की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला। तत्पश्चात, BIS भोपाल के उप निदेशक श्री संजय कुमार विश्वकर्मा ने सतत विकास लक्ष्य 7 (SDG 7: सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा) तथा भारतीय मानक राष्ट्रीय कार्य योजना (SNAP) के बारे में विस्तार से समझाया। कार्यक्रम में उपस्थित लाइसेंसधारी उद्यमियों एवं कंपनियों के प्रतिनिधियों ने भी अपनी संस्थाओं द्वारा स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा (SDG-7) को बढ़ावा देने के लिए की गई पहलों और प्रयासों को साझा किया।

***


(रिलीज़ आईडी: 2322918) आगंतुक पटल : 18