उपभोक्‍ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा विश्व मानक दिवस 2026 के अवसर पर “मानक महोत्सव” का आयोजन


किफायती एवं स्वच्छ ऊर्जा तथा सतत विकास में भारतीय मानकों की भूमिका पर दिया गया जोर

प्रविष्टि तिथि: 14 OCT 2026 4:54PM by PIB Bhopal

भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस), भोपाल शाखा कार्यालय (BPBO) द्वारा 14 अक्टूबर, 2026 को विश्व मानक दिवस के अवसर पर होटल रेडिसन ब्लू, भोपाल में “मानक महोत्सव” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय मानकों के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा गुणवत्ता, सुरक्षा, विश्वसनीयता और सतत विकास को प्रोत्साहित करने में मानकीकरण की भूमिका को रेखांकित करना था।

विश्व मानक दिवस 2026 की थीम “बेहतर दुनिया के लिए साझा दृष्टिकोण: सतत विकास लक्ष्य 7 – किफायती और स्वच्छ ऊर्जा” पर केंद्रित कार्यक्रम में उद्योग जगत, तकनीकी संस्थानों तथा विभिन्न हितधारकों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम में विभिन्न तकनीकी संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारियों एवं उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. संदेश कुमार जैन, प्रधान निदेशक एवं प्रमुख, CIPET भोपाल; डॉ. बी. एम. नंदेडे, निदेशक, CFMTTI, बुधनी; तथा डॉ. ए. के. दत्ता, अतिरिक्त निदेशक, CPRI भोपाल शामिल रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं स्वागत संबोधन के साथ हुआ। श्री मोहम्मद रिज़वान, वैज्ञानिक-ई/निदेशक एवं प्रमुख, बीआईएस, भोपाल शाखा कार्यालय ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत किया। इसके पश्चात गुणवत्ता शपथ के माध्यम से गुणवत्ता के प्रति प्रतिबद्धता और भारतीय मानकों के अनुपालन के महत्व को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उद्योग प्रतिनिधियों एवं बीआईएस लाइसेंसधारियों का सम्मान भी किया गया।

श्री मोहम्मद तौसीफ, वैज्ञानिक-ई, बीआईएस, भोपाल द्वारा विश्व मानक दिवस की थीम तथा SNAP 2027–32 पर प्रस्तुति दी गई। इसके अतिरिक्त, श्री अमित कनौजिया, अडानी सीमेंट द्वारा विश्व मानक दिवस की थीम पर प्रस्तुति दी गई। उद्योग जगत की ओर से श्री सौरभ बख्शी, क्वालिटी हेड, लैप इंडिया प्राइवेट लिमिटेड तथा श्री विश्वनाथ सुरेश पाटिल, DGM, सिंटेक्स एडवांस्ड प्लास्टिक्स लिमिटेड ने औद्योगिक गुणवत्ता एवं मानकीकरण से संबंधित प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम में किफायती एवं स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने, गुणवत्ता अवसंरचना को सुदृढ़ करने तथा उद्योगों में भारतीय मानकों को अपनाने के महत्व पर चर्चा की गई। इस प्रकार के आयोजन उद्योग, तकनीकी संस्थानों और मानकीकरण से जुड़े हितधारकों के बीच सहयोग एवं संवाद को प्रोत्साहित करते हैं।

बीआईएस, भोपाल शाखा कार्यालय द्वारा आयोजित मानक महोत्सव का उद्देश्य उद्योगों एवं हितधारकों के बीच गुणवत्ता चेतना को बढ़ावा देना तथा भारतीय मानकों के प्रभावी कार्यान्वयन के माध्यम से सुरक्षित, विश्वसनीय एवं सतत विकास को प्रोत्साहित करना है।

कार्यक्रम का समापन श्री आशुतोष राय, उप निदेशक/वैज्ञानिक-सी, बीआईएस, भोपाल शाखा कार्यालय द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

***


(रिलीज़ आईडी: 2323334) आगंतुक पटल : 29