उपभोक्‍ता कार्य, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारतीय मानक ब्यूरो का ‘मानक महोत्सव’ आयोजित

भारतीय मानकों को वैश्विक स्तर के मानकों के अनुरूप बनाया जाना चाहिए: श्री हरिभाऊ बागड़े, राज्यपाल, राजस्थान

प्रविष्टि तिथि: 14 OCT 2026 5:10PM by PIB Jaipur

भारतीय मानक ब्यूरो (Bureau of Indian Standards – BIS), जयपुर शाखा कार्यालय द्वारा विश्व मानक दिवस 2026 के अवसर पर आज कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान, जयपुर में ‘मानक महोत्सव 2026’ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में श्री हरिभाऊ बागड़े, राज्यपाल, राजस्थान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए।

कार्यक्रम के दौरान श्री हरिभाऊ बागड़े ने भारतीय मानक ब्यूरो द्वारा मानकीकरण, उत्पाद प्रमाणन, हॉलमार्किंग तथा गुणवत्ता आश्वासन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों एवं गतिविधियों की सराहना की। उन्होंने अपने उद्बोधन में इस बात पर जोर दिया कि भारतीय मानकों को वैश्विक स्तर के मानकों के अनुरूप बनाया जाना चाहिए, ताकि भारतीय उत्पादों एवं सेवाओं की गुणवत्ता, विश्वसनीयता और प्रतिस्पर्धात्मकता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। उन्होंने उत्पादकों एवं विक्रेताओं से गुणवत्तापूर्ण वस्तुओं एवं सेवाओं का उत्पादन और विक्रय करने का आह्वान करते हुए गुणवत्ता को अपनी कार्यप्रणाली का अभिन्न अंग बनाने का संदेश दिया।

इस अवसर पर भारतीय मानक ब्यूरो, जयपुर शाखा कार्यालय के निदेशक एवं प्रमुख श्री आदित्य दास ने गुणवत्ता और मानकीकरण के प्रति जागरुकता बढ़ाने तथा भारतीय मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी हितधारकों के सहयोग के महत्व पर बल दिया।

विश्व मानक दिवस प्रतिवर्ष 14 अक्टूबर को मानकीकरण के महत्व तथा वैश्विक स्तर पर गुणवत्ता, सुरक्षा, विश्वसनीयता और तकनीकी सहयोग को बढ़ावा देने में मानकों की भूमिका के प्रति जागरुकता उत्पन्न करने के उद्देश्य से मनाया जाता है।

मानक महोत्सव का उद्देश्य भारतीय मानकों के प्रति जन-जागरुकता बढ़ाना, उत्पादों एवं सेवाओं में गुणवत्ता संस्कृति को प्रोत्साहित करना तथा उद्योगों, शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी विभागों और उपभोक्ताओं के बीच मानकीकरण के महत्व को रेखांकित करना है। कार्यक्रम के माध्यम से गुणवत्ता, मानकीकरण और सतत विकास के प्रति साझा प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान श्री जनार्दन कुमार, संयुक्त मुख्य विस्फोटक नियंत्रक, पेट्रोलियम तथा विस्फोट सुरक्षा संगठन, जयपुर, श्री सतीश देपाल, उपमहानिदेशक, प्रसार भारती, जयपुर, श्री अमित कक्कड़, मुख्य अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग (विद्युत), जयपुर, श्री आदित्य दास, निदेशक एवं प्रमुख, भारतीय मानक ब्यूरो, जयपुर शाखा कार्यालय एवं अन्य अतिथिगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उद्योगों, उद्योग संघो, सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, प्रयोगशालाओं आदि से लगभग 350 से अधिक प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।


(रिलीज़ आईडी: 2323363) आगंतुक पटल : 32