रक्षा मंत्रालय
रक्षा लेखा विभाग ने ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत श्रमदान कार्यक्रम का आयोजन किया
प्रविष्टि तिथि:
14 OCT 2026 7:53PM by PIB Delhi
रक्षा लेखा विभाग ने ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान के तहत देशभर में श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान विभाग के क्षेत्रीय कार्यालयों ने दो सप्ताह तक चले ‘स्वच्छता पखवाड़ा’ में सक्रिय भागीदारी की। साथ ही, ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के अंतर्गत 25 हजार से अधिक पौधे लगाए गए।
इस अभियान का समापन नई दिल्ली के द्वारका स्थित बगडोला के एमसीडी प्राथमिक विद्यालय में आयोजित स्वच्छता अभियान के साथ हुआ। यह कार्यक्रम दिल्ली नगर निगम के सहयोग से आयोजित किया गया। अभियान का नेतृत्व रक्षा लेखा महानियंत्रक (सीजीडीए) श्रीमती अलका नांगिया अरोड़ा ने किया। इसमें सीजीडीए कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ एमसीडी के अधिकारियों ने भी भाग लिया। इस दौरान स्वच्छता गतिविधियों के साथ पौधरोपण भी किया गया।
‘विशेष स्वच्छता अभियान 6.0’ तहत रक्षा लेखा महानियंत्रक (सीजीडीए) मुख्यालय ने 12 अक्टूबर, 2026 को पौधारोपण अभियान संचालित किया। इसके साथ ही विभाग ने हटाई जाने वाली दस्तावेजी फाइलों, बंद की जाने वाली ई-फाइलों तथा निपटान के लिए चिह्नित किए जाने वाले कबाड़ और ई-कचरे की पहचान करने की प्रक्रिया भी शुरू की।
देशभर में संचालित ये पहल सामूहिक भागीदारी और जन सहभागिता के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण व जिम्मेदारी के साथ कचरा प्रबंधन के लिए रक्षा लेखा विभाग की प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं। साथ ही, ये अभियान ‘कम उपयोग, पुनः उपयोग एवं पुनर्चक्रण’ के सिद्धांतों को बढ़ावा देने और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में विभाग के प्रयासों को रेखांकित करते हैं।
*****
पीके/केसी/आरटी/एनके
(रिलीज़ आईडी: 2323575)
आगंतुक पटल : 40