सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन योजना से हुई नई शुरुआत
श्री आदित्य साधु सावंत और श्रीमती खुशी प्रवीण शाह की समानता और सामाजिक सद्भाव की ओर बढ़ते कदम
प्रविष्टि तिथि:
15 OCT 2026 2:15PM by PIB Delhi
विवाह केवल दो व्यक्तियों का मिलन भर नहीं, बल्कि समाज में आपसी सम्मान, समानता और सद्भाव बढ़ाने का अवसर भी है। श्री आदित्य साधु सावंत और श्रीमती खुशी प्रवीन शाह के लिए, उनका अंतर-जातीय विवाह इन मूल्यों को बढ़ावा देने तथा आपसी समझ और सामाजिक समानता पर आधारित भविष्य के निर्माण की दिशा में जागरूक कदम रहा।
1 जून 2026 को उनके विवाह के बाद, इस जोड़े को अपना नया घर बसाने के दौरान वित्तीय और सामाजिक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। कई नवविवाहित जोड़ों की तरह, उन्हें अपनी रोजमर्रा की जरूरतें पूरी करने, आवश्यक घरेलू सामान खरीदने और भविष्य योजना बनाने के लिए वित्तीय स्थिरता आवश्यक थी।
उनके जीवन के इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर, सरकार की अंतर-जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना ने उन्हें बहुमूल्य सहायता प्रदान की। इस योजना के तहत मिली वित्तीय सहायता ने इस जोड़े को अपने वैवाहिक जीवन की शुरुआत मजबूत आधार के साथ करने में मदद की। इस योजना ने उन्हें आवश्यक घरेलू सामान खरीदने, रोजमर्रा के खर्चों की पूर्ति और अपने वित्तीय भविष्य को सुरक्षित बनाने में सक्षम बनाया। समय पर मिली सहायता से नया घर बसाने से जुड़े कुछ वित्तीय दबावों को कम कर दिया और वे अधिक आत्मविश्वास से आगे बढ़ सके।
योजना के तहत मिले सहयोग ने इस जोड़े को स्थिर, स्वतंत्र और आत्मनिर्भर भविष्य की दिशा में बढ़ने को प्रोत्साहित किया। उनके लिए, यह सहायता केवल एक वित्तीय मदद भर नहीं थी; बल्कि यह समानता और जाति-आधारित सामाजिक बाधाओं को चुनौती देने के उनके निर्णय के लिए संस्थागत प्रोत्साहन था।
श्री आदित्य साधु सावंत और श्रीमती खुशी प्रवीन शाह का अनुभव उन सरकारी पहलों के महत्व को रेखांकित करता है जो अंतर-जातीय विवाहों का समर्थन करती हैं और समाज में उन्हें बेहतर ढंग से स्थापित करने को बढ़ावा देती हैं। यह योजना पात्र जोड़ों को वित्तीय सहायता प्रदान कर, उन्हें एक साथ जीवन शुरू करने में व्यावहारिक सहयोग देती है और जाति-आधारित भेदभाव कम करने के व्यापक उद्देश्य में सहायता करती है।

अंतर-जातीय विवाह में विभिन्न सामाजिक पृष्ठभूमि के व्यक्ति और परिवार जुड़ते हैं, जिससे अधिक समझ, स्वीकृति और आपसी सम्मान के अवसर पैदा होते हैं। इस तरह की पहल बंधुत्व, एकता और समानता के मूल्यों को सुदृढ़ करने में सहायक हैं जो समावेशी समाज की नींव बनते हैं।
लाभार्थी जोड़े ने आभार व्यक्त करते हुए, महाराष्ट्र सरकार और समाज कल्याण विभाग को एक ऐसी योजना लागू करने के लिए धन्यवाद दिया जो सामाजिक सद्भाव की ओर प्रगतिशील कदम उठाने वाले जोड़ों का समर्थन करती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि कई और जोड़े इस पहल से लाभान्वित होंगे और सुरक्षित, सुखी और बेहतर जीवन बनाने के लिए आवश्यक प्रोत्साहन प्राप्त करेंगे।
श्री आदित्य साधु सावंत और श्रीमती खुशी प्रवीन शाह की कहानी दर्शाती है कि कैसे लक्षित सरकारी सहायता सामाजिक समानता के व्यापक उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए नवविवाहित जोड़ों को शुरुआती वित्तीय चुनौतियों से उबरने में मदद कर सकती है। उनकी कहानी एक ऐसे समाज को बढ़ावा देने के महत्व को दर्शाती है जहां रिश्ते जाति-आधारित भेद-भाव के बजाय आपसी सम्मान, गरिमा और साझा आकांक्षाओं द्वारा निर्देशित होते हैं। उनकी यात्रा इस भरोस का प्रमाण है कि समानता व्यक्तिगत चाहत से शुरू होती है और सहायक सार्वजनिक पहल द्वारा और अधिक मजबूत बनती है।
***
पीके/केसी/आरटी/एकेवी/एमपी
(रिलीज़ आईडी: 2323881)
आगंतुक पटल : 76