कोयला मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

एसईसीएल ने विशेष अभियान 6 के तहत डिजिटल शासन और सेवा पहुंच को मजबूत किया


एचएमआईएस और पीपीओ/जीवन प्रमाण पत्र पोर्टल से स्‍वास्‍थ्‍य रक्षा और पेंशन से जुड़ी सेवाओं तक पहुंच बेहतर होगी

प्रविष्टि तिथि: 16 OCT 2026 3:28PM by PIB Delhi

 कोयला मंत्रालय के तहत कोल इंडिया लिमिटेड की सब्सिडियरी कंपनी साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) अपने अस्‍पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली(एचएमआईएस) और पीपीओ/जीवन प्रमाण पत्र पोर्टल के माध्‍यम से डिजिटल शासन और नागरिक-केंद्रित सेवा पहुंच को मज़बूत कर रही है। ये पहल विशेष अभियान 6 के उद्देश्यों के साथ मेल खाती हैं, जो आसान पहुंच, प्रशासनिक क्षमता, पारदर्शिता और कागज रहित शासन को बढ़ावा देती हैं।

एचएमआईएस: स्वास्थ्य सेवाओं को सुव्यवस्थित करना

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/oct/image001_20261016152904_3e4ee1.png

एसईसीएल का अस्‍पताल प्रबंधन सूचना प्रणाली (एचएमआईएस) हेल्थकेयर सेवा का प्रबंधन करने के लिए एक एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म देता है। यह प्रणाली मरीजों के पंजीकरण, चिकित्सा परामर्श, इलाज और दवाओं से जुड़ी जानकारी की डिजिटल रिकॉर्डिंग को संभव बनाती है। इससे मेडिकल रिकॉर्ड व्यवस्थित रहते हैं और मरीजों की मेडिकल की पूर्व जानकारी के बारे में आसानी से पता चल जाता है।

एचएमआईएस मेडिकल खर्च की प्रतिपूर्ति दावों की ऑनलाइन प्रोसेसिंग में भी मदद करता है। साथ ही, इसमें अमृत फार्मेसी और दवा प्रबंधन को भी जोड़ा गया है। इससे कागजी काम कम होता है, प्रशासनिक प्रक्रियाएं सुव्यवस्थित होती हैं और स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच में सुधार आता है।

पीपीओ /जीवन प्रमाण पत्र पोर्टल: पेंशनभोगियों के लिए आसान पहुंच

.https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/oct/image002_20261016152918_ed70ce.png

एसईसीएल ने पेंशन पेमेंट ऑर्डर (पीपीओ) के वितरण को डिजिटल बनाने और सेवानिवृत्त कर्मचारियों तथा उनके जीवनसाथी (पति/पत्नी) के लिए वार्षिक 'जीवन प्रमाण पत्र' जमा करने की प्रक्रिया को आसान बनाने के उद्देश्य से एक केंद्रीकृत 'पीपीओ/जीवन प्रमाण पत्र पोर्टल' विकसित किया है।

इस पोर्टल की मदद से पेंशनभोगी ऑनलाइन अपने पीपीओ दस्तावेज़ देख और डाउनलोड कर सकते हैं, तथा अपना वार्षिक 'जीवन प्रमाण पत्र' डिजिटल रूप से जमा कर सकते हैं। इससे कागजी दस्तावेजों और मैन्युअल (हाथ से की जाने वाली) प्रक्रियाओं पर निर्भरता कम होती है।

एक एकीकृत 'गवर्नेंस डैशबोर्ड' के माध्यम से एसईसीएल के सभी कार्यक्षेत्रों में पीपीओ अपलोड और नियमों के पालन की निगरानी की जा सकती है। इससे पारदर्शिता और प्रशासनिक कार्यक्षमता में सुधार होता है।

डिजिटलीकरण के माध्यम से सुशासन को बढ़ावा देना

'विशेष अभियान 6' का कार्यान्वयन चरण 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है। यह मुख्य रूप से स्वच्छता, ई-कचरा प्रबंधन, जगह के बेहतर उपयोग, रिकॉर्ड प्रबंधन और लंबित कार्यों को कम करने पर केंद्रित है।

एसईसीएल की डिजिटल पहलें इन उद्देश्यों को पूरा करने में मदद करती हैं। ये पहलें पेपरलेस प्रशासन को बढ़ावा देती हैं, सेवाओं तक पहुंच को आसान बनाती हैं, रिकॉर्ड प्रबंधन को कुशल बनाती हैं और सेवाओं को तेजी से उपलब्ध कराने में मदद करती हैं।

एचएमआईएस और 'पीपीओ/जीवन प्रमाण पत्र पोर्टल' के माध्यम से, एसईसीएल डिजिटल परिवर्तन और सुशासन की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। इससे कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और उनके परिवारों के लिए आवश्यक सेवाएं अधिक सुलभ और सुविधाजनक हो गई हैं।

***

पीके/केसी/आरटी/वीके/एसएस  


(रिलीज़ आईडी: 2324446) आगंतुक पटल : 54
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil