कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

डीओपीटी ने स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर स्वच्छता प्रतिज्ञा, सफाई अभियान और वृक्षारोपण के साथ विशेष स्वच्छता अभियान 6 का शुभारम्भ किया; स्वच्छता, लंबित मामलों के निपटान, अभिलेख प्रबंधन और ई-कचरे पर विशेष ध्यान

प्रविष्टि तिथि: 19 OCT 2026 10:48AM by PIB Delhi

कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) ने विशेष अभियान 6 का तैयारी चरण सफलतापूर्वक संपन्न कर लिया है और स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर 2 अक्टूबर, 2026 को औपचारिक रूप से कार्यान्वयन चरण का शुभारंभ किया है। कार्यान्वयन चरण 31 अक्टूबर, 2026 तक चलेगा। प्रशासनिक सुधार एवं लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) इस अभियान का नोडल विभाग है। इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छता को लागू करना, कार्यकुशलता में सुधार करना, डिजिटल शासन को बढ़ावा देना, कार्य वातावरण और संस्कृति को बेहतर बनाना, लंबित मामलों का समय पर निपटान सुनिश्चित करना और सरकारी संसाधनों के बेहतर प्रबंधन को बढ़ावा देना है।

विशेष अभियान 6 का शुभारम्भ कार्यक्रम गृह कल्याण केंद्र, लोधी रोड, नई दिल्ली में आयोजित किया गया, जिसमें सचिव (पी) मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम में स्वच्छता शपथ, स्वच्छता अभियान, महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित करना, वृक्षारोपण और स्वच्छता विषय पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां शामिल रहीं। इसका समापन स्वच्छता कर्मयोगियों के अभिनंदन के साथ हुआ।

कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) ने 16 से 30 सितंबर 2026 तक चले प्रारंभिक चरण के दौरान वीआईपी संदर्भों, सार्वजनिक शिकायतों, संसदीय आश्वासनों और समयबद्ध कार्रवाई की आवश्यकता वाले अन्य मामलों का विस्तृत मूल्यांकन किया। इस प्रक्रिया से विभाग को प्राथमिकता वाले क्षेत्रों की पहचान करने और कार्यान्वयन चरण के दौरान उनके शीघ्र निपटान के लिए लक्षित कार्यक्रम तैयार करने में सहायता मिली।

यह अभियान डीओपीटी और उसके संबद्ध एवं अधीनस्थ कार्यालयों में चलाया गया। उपरोक्त के साथ-साथ, विभाग और उसके कार्यालयों ने स्वच्छता अभियान, लंबित मामलों का निपटान, अभिलेख प्रबंधन और विभिन्न जगहों पर कार्यालय स्थान को स्वच्छ, सुव्यवस्थित तथा उत्पादक कार्यस्थलों के तौर पर विकसित करने पर केंद्रित स्वच्छता एवं स्थान-प्रबंधन गतिविधियों के लिए स्थान खाली करने संबंधी कार्य योजनाओं को अंतिम रूप दे दिया है।

भौतिक और इलेक्ट्रॉनिक अभिलेखों, कार्यालय के कबाड़ और अन्य सामग्रियों की व्यापक समीक्षा भी की गई जिन्हें छांटने/निपटाने की आवश्यकता थी। विभाग और उससे संबद्ध कार्यालयों ने डिजिटलीकरण के लिए अभिलेखों, अप्रचलित दस्तावेजों को हटाने और उपलब्ध कार्यालय स्थान के बेहतर उपयोग के अवसरों की पहचान की। इन उपायों से कार्यस्थल की कार्यकुशलता में सुधार और संस्थागत संसाधनों के अधिक प्रभावी प्रबंधन में योगदान मिलने की उम्मीद है।

इस अभियान के तैयारी चरण के हिस्से के रूप में, विभाग ने विशेष अभियान 6 के लिए आवश्यक लक्ष्य डीएआरपीजी के एससीडीपीएम 6 पोर्टल पर अपलोड कर दिए हैं, जिसका उपयोग अभियान की प्रगति की निगरानी और समीक्षा के लिए किया जाएगा।

इस वर्ष के अभियान में ई-कचरे के प्रभावी संग्रहण, पृथक्करण और निपटान पर जोर दिया गया है, जिसके अनुरूप विभाग ने इस घटक पर विशेष ध्यान दिया है। विभाग और उससे संबद्ध कार्यालयों के सभी हितधारकों को जागरूक किया गया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि ई-कचरे की उचित पहचान, पृथक्करण, निपटान और प्रबंधन ई-कचरा (प्रबंधन) नियम, 2022 के अनुसार हो। इस संबंध में प्रगति की निगरानी विशेष अभियान पोर्टल पर की जाएगी, जिसे डीएआरपीजी की ओर से अद्यतन किया जा रहा है।

तैयारी का चरण सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है और कार्यान्वयन चरण जारी है। विभाग अपने सभी कार्यालयों में समन्वित कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार है। उम्मीद है कि यह अभियान स्वच्छता, दक्षता, आईजीओटी कर्मयोगी पोर्टल के माध्यम से योग्यता-आधारित क्षमता निर्माण, पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्वच्छ, अधिक संगठित और उत्पादक कार्य वातावरण को विकसित करने में और अधिक गति प्रदान करेगा।

विशेष अभियान 6 के माध्यम से,  कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) उत्तरदायी शासन, कुशल सार्वजनिक प्रशासन और कार्यस्थल प्रथाओं में सतत सुधार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दर्शाता है। साथ ही, यह सुनिश्चित करता है कि स्वच्छता, साइबर सुरक्षा और सुशासन के सिद्धांत विभाग के संस्थागत कामकाज का अभिन्न अंग बन जाएं।

*****

पीके/केसी/आरटी/एके/एसएस


(रिलीज़ आईडी: 2325034) आगंतुक पटल : 58
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Gujarati , Urdu