गृह मंत्रालय
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह पुलिस स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे
गृह मंत्री ‘Fight Against Drugs’ के संदेश पर आयोजित एक देशव्यापी मोटरसाईकल रैली को झंडा दिखाकर रवाना करेंगे
इस रैली में देशभर के सभी राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों व केंद्रीय बलों के मोटरसाईकल सवार एकता नगर, गुजरात पहुँच कर एकता परेड-2026 में सम्मिलित होंगे
21 अक्तूबर, 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में सशस्त्र चीनी टुकड़ी द्वारा किए हमले में पुलिस के 10 वीर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी
इन शहीदों एवं ड्यूटी के दौरान प्राणों की आहुति देने वाले अन्य सभी पुलिसकर्मियों की स्मृति में 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है
पुलिसकर्मियों द्वारा दिए गए बलिदान को चिरस्मरणीय बनाने तथा राष्ट्रीय सुरक्षा व एकता बनाए रखने में पुलिस की उत्कृष्ट भूमिका का सम्मान करते हुए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने 2018 में राष्ट्रीय पुलिस स्मारक देश को समर्पित किया था
प्रविष्टि तिथि:
19 OCT 2026 5:50PM by PIB Delhi
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह पुलिस स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में बुधवार, 21 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर शहीद पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
गृह मंत्री एक मोटरसाईकल रैली को झंडा दिखाकर रवाना करेंगे, जिसमें राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों (जम्मू व कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखण्ड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ व दिल्ली), केंद्रीय सशस्त्र बलों (CRPF, CISF, BSF, SSB, ITBP व NSG) और कुछ केंद्रीय पुलिस संगठनों (RPF, NDRF व NIA) के लगभग 90 सवार होंगे। यह रैली ‘Fight Against Drugs’ के संदेश पर आयोजित एक देशव्यापी रैली का भाग है जिसमें देशभर के सभी राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों व केंद्रीय बलों के मोटरसाईकल सवार एकता नगर, गुजरात पहुँच कर एकता परेड-2026 में सम्मिलित होंगे।
21 अक्तूबर, 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग क्षेत्र में सशस्त्र चीनी टुकड़ी द्वारा घात लगाकर किए हमले में पुलिस के 10 वीर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी। तब से प्रतिवर्ष 21 अक्तूबर पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है। पुलिस कर्मियों द्वारा दिए गए बलिदान तथा राष्ट्रीय सुरक्षा एवं एकता बनाए रखने में पुलिस की उत्कृष्ट भूमिका का सम्मान करते हुए प्रधानमंत्री जी ने पुलिस स्मृति दिवस, 2018 के अवसर पर चाणक्यपुरी, नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक (NPM) देश को समर्पित किया।
यह स्मारक पुलिस बलों में राष्ट्रीय पहचान, गर्व, उद्देश्यों में एकरूपता, एक समान इतिहास और भविष्य की भावना भरने के साथ-साथ उनकी इस प्रतिबद्धता को भी और सशक्त करता है कि उन्हें अपने प्राणों की कीमत पर भी देश की रक्षा करनी है। पुलिस स्मारक में एक केंद्रीय शिल्पकृति के अलावा ‘शौर्य की दीवार’ तथा एक संग्रहालय भी मौजूद है। केंद्रीय शिल्पकृति के रूप में मौजूद एक 30 फुट ऊँचा ग्रेनाइट का एकल पाषाण खंड पुलिस कर्मियों की शक्ति, विनम्रता और नि:स्वार्थ सेवा का प्रतीक है। इसी प्रकार ’शौर्य की दीवार’ जिस पर शहीदों के नाम उत्कीर्ण हैं, कर्तव्य के पथ पर अपने प्राण न्यौछावर करने वाले पुलिस कर्मियों की बहादुरी और बलिदान के अचल प्रतीक के रूप में उपस्थित है। संग्रहालय की संकल्पना में भारतीय पुलिस व्यवस्था के इतिहास और विकास यात्रा के दर्शन होते हैं। यह स्थान पुलिस बल और आम नागरिकों दोनों के मन में एक तीर्थ जैसा आदर रखता है। स्मा राष्ट्रीय पुलिस स्मारक आम जनता के लिए सोमवार के अलावा अन्य सभी दिन खुला रहता है। केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPFs) द्वारा प्रत्येक शनिवार और रविवार को सूर्यास्त से एक घंटा पूर्व यहाँ बैंड, परेड और रिट्रीट समारोह का आयोजन भी किया जाता है।
विगत वर्षों की भांति ‘पुलिस स्मृति दिवस’, अर्थात् 21 अक्तूबर को, देश भर में शहीद पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। मुख्य कार्यक्रम राष्ट्रीय पुलिस स्मारक में आयोजित किया जाएगा, जहां केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और दिल्ली पुलिस की एक संयुक्त परेड आयोजित की जाएगी। परंपरा के अनुरूप, इस कार्यक्रम की अध्यक्षता गृह मंत्री जी द्वारा की जाएगी। कार्यक्रम में गृह राज्य मंत्री, पुलिस पृष्ठभूमि के सांसद, CAPFs/CPOs प्रमुख तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित करेंगे। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त महानिदेशक, पुलिस समुदाय के अधिकारी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल होंगे।
कार्यक्रम के दौरान, गृह मंत्री शहीदों को श्रद्धांजलि देने के अतिरिक्त उपस्थित जन समूह को संबोधित करेंगे। यह कार्यक्रम हॉट स्प्रिंग्स के शहीदों को समर्पित वेदिका पर माननीय गृह मंत्री द्वारा श्रद्धांजलि अर्पित किए जाने के साथ संपन्न होगा। इस कार्यक्रम का दूरदर्शन, AIR तथा मीडिया में प्रसारण करने के साथ-साथ पुलिस बलों की वेबसाइट पर वेबकास्ट भी किया जाएगा।
शहीदों की स्मृति में 22 से 30 अक्तूबर के बीच CAPFs/CPOs द्वारा NPM पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसमें शहीदों के परिजनों को स्मारक पर आमंत्रित करना, पुलिस बैंड डिस्प्ले, मोटर साईकल रैली, शहीदों के निमित्त दौड़, आदि का आयोजन करने के साथ-साथ पुलिस बल कर्मियों के बलिदान, शौर्य तथा सेवा को दर्शाने वाली वीडियो फिल्में दिखाना शामिल हैं। इस अवधि के दौरान सभी पुलिस बलों द्वारा देश भर में इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

राष्ट्रीय पुलिस स्मारक
चाणक्यपुरी, नई दिल्ली
*****
RK/RR/PS/PR
(रिलीज़ आईडी: 2325197)
आगंतुक पटल : 149