रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

स्वावलंबन 2026 - पूर्वावलोकन प्रेस वार्ता

प्रविष्टि तिथि: 19 OCT 2026 5:31PM by PIB Delhi

भारतीय नौसेना की प्रमुख नौसेना नवाचार और स्वदेशीकरण संगोष्ठी, स्वावलंबन 2026 के पांचवें संस्करण के लिए पूर्वावलोकन प्रेस वार्ता 19 अक्टूबर, 2026 को नई दिल्ली में नौसेना  उप प्रमुख वाइस एडमिरल अजय कोचर की अध्यक्षता  में आयोजित की गई।

नौसेना नवाचार और स्वदेशीकरण संगोष्ठी स्वावलंबन 2026, 26 और 27 अक्टूबर, 2026 को नई दिल्ली स्थित मानेकशॉ सेंटर, में आयोजित की जाएगी। स्वावलंबन 2026 स्वदेशी तकनीकी नवाचार को परिचालन क्षमताओं में बदलने और आत्मनिर्भरता की नींव को मजबूत करने के लिए भारतीय नौसेना के निरंतर प्रयासों पर आधारित होगी। नवप्रवर्तक, उद्योग भागीदार, स्टार्ट-अप, एमएसएमई, शिक्षाविद, निवेशक और रक्षा बल उभरती समुद्री सुरक्षा चुनौतियों के लिए सहयोगात्मक समाधान तलाशने के लिए एक साथ इस संगोष्ठी में शामिल होगें।

नौसेना उप प्रमुख वाइस एडमिरल अजय कोचर ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि वर्ष 2022 से स्वावलंबन के विकास ने भारतीय नौसेना की परिचालन आवश्यकताओं को भारतीय उद्योग और शिक्षा जगत की तकनीकी क्षमताओं से जोड़ा है। उन्होंने आधुनिक युद्ध के बदलते स्वरूप पर बल देते हुए, समुद्र में तैनाती योग्य प्रणालियों में विशिष्ट प्रौद्योगिकियों को विकसित करने के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने विस्तारित दूरी पर काम करने और लंबे समय तक तैनाती वाली नौसेना के लिए, युद्ध की तत्परता, परिचालन लचीलेपन और निरंतर क्षमता विकास के लिए टिकाऊ स्वदेशी प्रौद्योगिकियों के महत्व का उल्लेख किया।

स्वावलंबन 2026 की प्रदर्शनी में शामिल विषयगत क्षेत्र उन स्वदेशी नवाचारों को प्रदर्शित करेंगे जो सफलता की कहानियों के रूप में उभरे हैं। इनमें समुद्री निगरानी, काउंटर-यूएएस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और क्वांटम, एनबीसीडी, सुरक्षा और दक्षता बढ़ाने में विशिष्ट प्रौद्योगिकियों को शामिल किया जाएगा। उद्यम पूंजीपतियों और निवेशकों के साथ जुड़ाव संगोष्ठी का एक प्रमुख घटक होगा, जो वित्त पोषण के अवसरों, होनहार उद्यमों के विस्तार और स्वदेशी प्रौद्योगिकियों के व्यावसायीकरण पर चर्चा का अवसर प्रदान करेगा।

इस वर्ष की संगोष्ठी नौसेना संचालन को बढ़ाने और भारत की समुद्री क्षमताओं को मजबूत करने के लिए परिवर्तनकारी क्षमता के साथ भविष्य और उभरती प्रौद्योगिकियों पर विचार-विमर्श के लिए एक गतिशील मंच प्रदान करेगी। इसमें एसएमई के साथ पैनल लचीली आपूर्ति श्रृंखला बनाने, अकादमिक उद्यमिता को बढ़ावा देने और स्टार्ट-अप की यात्रा को उजागर करने के लिए आत्मनिर्भरता और आईडीईएक्स इकोसिस्टम को मजबूत करने पर सत्रों का आयोजन भी शामिल हैं।

स्वावलंबन 2026 के दौरान स्वावलंबन 5.0 दस्तावेज़, प्रौद्योगिकी अनिवार्यताओं पर सार-संग्रह और एनएयूएसईटीयू  इंटरफ़ेस मानकों का विमोचन भी किया जाएगा।

यह आयोजन आधुनिक युद्ध की बढ़ती आवश्यकता के साथ तकनीकी लक्ष्यों को संरेखित करते हुए, भविष्य के लिए तैयार सैन्य बल तथा नवाचार इको-सिस्टम के साथ भारतीय नौसेना के सहयोग को मजबूत करने का प्रयास है।

*****

पीके/केसी/आरटी/जेके/एसवी


(रिलीज़ आईडी: 2325258) आगंतुक पटल : 93
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Assamese , Tamil