विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग ने ‘विशेष अभियान 6’ की प्रगति की समीक्षा की; डीएसटी सचिव ने इस अभियान के कार्यान्वयन में तेजी लाने और जनसंपर्क बढ़ाने का आह्वान किया

प्रविष्टि तिथि: 22 OCT 2026 6:24PM by PIB Delhi

विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) ने आज ‘विशेष अभियान 6’ की प्रगति की समीक्षा हेतु एक बैठक की। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के सचिव की अध्यक्षता में हुई  इस बैठक में विभाग के अंतर्गत आने वाले विभिन्न स्वायत्त संस्थानों व अधीनस्थ संगठनों के प्रमुख शामिल हुए। बैठक में इस अभियान को कार्यान्वित करने की प्रक्रिया को शेष अवधि में और तेज करने के उपायों पर चर्चा की गई।

बैठक की शुरुआत में, संयुक्त सचिव (प्रशासन) तथा ‘विशेष अभियान 6’ के नोडल अधिकारी ने इस अभियान का विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बैठक में शामिल प्रतिभागियों को 21 अक्टूबर 2026 तक डीएसटी तथा इसके विभिन्न संगठनों द्वारा इस अभियान के तहत हासिल की गई प्रगति के बारे में बताया। इस प्रस्तुति में स्वच्छता अभियानों, कबाड़ के निपटान, स्थान के प्रबंधन, रिकॉर्ड प्रबंधन, जनसंपर्क और सोशल मीडिया पर सक्रियता के क्षेत्र में हासिल की गई विभिन्न उपलब्धियों को रेखांकित किया गया। साथ ही, अभियान की बची हुई अवधि के लिए प्राथमिकताओं के बारे में भी जानकारी दी गई।

अब तक हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए, डीएसटी सचिव प्रोफेसर उमेश वी. वाघमारे ने विभाग के अंतर्गत सभी प्रभागों एवं संगठनों द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की और उनसे तय समय-सीमा के भीतर निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने हेतु अपने अभियान की गतिविधियों को और तेज करने का आग्रह किया।

सचिव ने सभी संगठनों को निर्देश दिया कि वे स्वच्छता अभियानों के लिए अतिरिक्त स्थलों  की पहचान करें, कबाड़ हटाने के कार्यों में तेजी लाएं, स्थान का व्यापक आकलन करें और कबाड़ हटाने से खाली हुई जगह का सार्थक तथा सुरुचिपूर्ण तरीके से उपयोग करें।

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि कबाड़ के निपटान से अर्जित राजस्व की जानकारी तत्परता के साथ विभाग को दी जानी चाहिए। इसके अलावा, सभी स्वायत्त संस्थानों/संगठनों को निर्देश दिया गया कि वे अपने सभी क्षेत्रीय कार्यालयों में इस अभियान का प्रभावी कार्यान्वयन  सुनिश्चित करें।

जन-जागरूकता पैदा करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए, सचिव ने सभी संगठनों को निर्देश दिया कि वे अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और पत्र सूचना कार्यालय के माध्यम से इस अभियान की विभिन्न गतिविधियों का प्रतिदिन प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अभियान से जुड़ी सभी पोस्ट में अनिवार्य रूप से हैशटैग #SpecialCampaign6 का उपयोग किया जाना चाहिए, आधिकारिक डीएसटी सोशल मीडिया हैंडल को टैग किया जाना चाहिए और अभियान की उचित ब्रांडिंग शामिल होनी चाहिए। संगठनों को इस बात के लिए  भी प्रोत्साहित किया गया कि वे अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचने के लिए लाभार्थियों के अनुभव, बेहतरीन कार्य-पद्धतियों तथा सफलता की कहानियों को छोटे वीडियो, इन्फोग्राफिक्स एवं तस्वीरों के रूप में दर्ज करें और उन्हें साझा करें।

बैठक में बताया गया कि ‘विशेष अभियान 6’ के तहत 21 अक्टूबर, 2026 तक उल्लेखनीय  प्रगति हुई है। डीएसटी एवं इसके विभिन्न संगठनों में कुल 473 स्वच्छता अभियान चलाए गए, जिससे विभिन्न कार्यालयों के भीतर 0.78 लाख वर्ग फुट स्थान खाली हुई है। कबाड़ के निपटान से 11.30 लाख रुपये का राजस्व अर्जित हुआ है। इसके अलावा, 7,138 वास्तविक  फाइलों की समीक्षा की गई। इनमें से 2,926 फाइलों को हटा दिया गया है। साथ ही 1,960 ई-फाइलों की समीक्षा की गई और 1,013 ई-फाइलों को बंद कर दिया गया है। डीएसटी मुख्यालय एवं इसके संगठनों द्वारा पीआईबी में तीन बयानों और सोशल मीडिया पर 77 पोस्ट के माध्यम से जनसंपर्क को भी मजबूत किया गया है।

सचिव ने विश्वास जताया कि निरंतर प्रयासों तथा सभी संगठनों की सक्रिय भागीदारी के माध्यम से विभाग ‘विशेष अभियान 6’ के उद्देश्यों को सफलतापूर्वक हासिल कर लेगा। साथ ही, वह स्वच्छता, कुशल रिकॉर्ड प्रबंधन, कार्यालय के भीतर स्थान के बेहतर उपयोग, पारदर्शिता और नागरिक-केन्द्रित शासन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा।   

****

पीके/केसी/आरटी/आर/एसएस  

 

 


(रिलीज़ आईडी: 2326963) आगंतुक पटल : 39
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu