वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

डीपीआईआईटी ने नवाचार और उद्यमिता को मान्यता देने के लिए राष्ट्रीय स्टार्टअप पुरस्कारों के छठे संस्करण का शुभारंभ किया


नेशनल स्टार्टअप अवार्ड्स 6.0 के अंतर्गत 20 क्षेत्रीय और 3 विशेष श्रेणियों में स्टार्टअप को सम्मानित किया जाएगा, इसके साथ ही इसमें 12 नए क्षेत्रों को जोड़ा गया है

नेशनल स्टार्टअप अवार्ड्स 6.0 ने स्टूडेंट इनोवेटर अवार्ड की शुरुआत की है, जिसमें पात्र श्रेणियों में ₹25 लाख का नकद पुरस्कार दिया जाएगा

नेशनल स्टार्टअप अवार्ड्स 6.0 के लिए आवेदन 27 अक्टूबर से 20 नवंबर 2026 तक खुला है

प्रविष्टि तिथि: 27 OCT 2026 6:47PM by PIB Delhi

भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के उद्योग संवर्धन और आंतरिक व्यापार विभाग (डीपीआईआईटी) ने स्टार्टअप इंडिया पहल के तहत नेशनल स्टार्टअप अवार्ड्स (एनएसए 6.0) के छठे संस्करण का शुभारंभ किया, जिसका उद्देश्य नवाचार और उद्यमिता को मान्यता देना और भारत के स्टार्टअप पारिस्थितिकी तंत्र को सुदृढ़ करना है।

वर्ष 2026, स्टार्टअप इंडिया पहल के 10 वर्ष पूरे होने का प्रतीक है, जिसे देश में एक मजबूत, समावेशी और नवाचार-संचालित उद्यमशीलता इकोसिस्टम के निर्माण के लिए जनवरी 2016 में शुरू किया गया था। 2019 में अपनी स्थापना के बाद से, नेशनल स्टार्टअप अवार्ड्स स्टार्टअप इंडिया के अंतर्गत एक प्रमुख पहल के रूप में उभरे हैं, जो उद्यमशीलता की उत्कृष्टता को पहचानने और विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण चुनौतियों का समाधान करने वाले अभिनव समाधानों को प्रदर्शित करने के लिए एक राष्ट्रीय मंच प्रदान करते हैं।

नेशनल स्टार्टअप अवार्ड्स उन स्टार्टअप को सम्मानित करते हैं जो नवाचार, विस्तारशीलता, स्थिरता और सामाजिक-आर्थिक प्रभाव के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं। बीते पांच संस्करणों की सफलता को आगे बढ़ाते हुए, एनएसए 6.0 का उद्देश्य नवाचार-आधारित उद्यमिता को प्रोत्साहित कर, समावेशी भागीदारी को बढ़ावा देकर और वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी स्टार्टअप को आगे बढ़ाकर भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम को सुदृढ़ करना है।

एनएसए 6.0 भारत के विकसित होते स्टार्टअप इकोसिस्टम, उभरती प्रौद्योगिकियों और राष्ट्रीय विकास प्राथमिकताओं को दर्शाते हुए 20 क्षेत्रीय श्रेणियों और तीन विशेष पुरस्कार श्रेणियों में नवाचार, उद्यमिता और उत्कृष्टता को मान्यता देता है। इस संस्करण में 12 नई क्षेत्रीय श्रेणियां: जैव-विनिर्माण; उपभोक्ता उद्योग; रक्षा एवं सुरक्षा; ग्रामीण अर्थव्यवस्था, पारंपरिक उद्योग एवं आजीविका; शिक्षा एवं कौशल विकास; इलेक्ट्रॉनिकी, सेमीकंडक्टर एवं एडवांस मैन्युफैक्टरिंग; खेल, फिटनेस एवं खेल-तकनीक; भविष्य की गतिशीलता एवं ऑटोमोटिव; महासागर एवं नीली अर्थव्यवस्था; अंतरिक्ष-तकनीक, ड्रोन एवं एयरोस्पेस; दूरसंचार, कनेक्टिविटी एवं डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर; और यात्रा, पर्यटन व आतिथ्य सत्कार; शामिल की गई हैं।

तीन विशेष पुरस्कार श्रेणियां: महिला नेतृत्व वाला स्टार्टअप ऑफ द ईयर, उत्तर-पूर्व स्टार्टअप उत्कृष्टता और नवस्थापित छात्र नवप्रवर्तक/ उभरते उद्यमी पुरस्कार; हैं। पहली बार शुरू किया गया यह छात्र पुरस्कार, सभी 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्कूली और कॉलेज के छात्रों के बीच नवाचार और उद्यमिता की संस्कृति को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से बनाया गया है। यह नवप्रवर्तकों और उद्यमियों की अगली पीढ़ी को पोषित करने और राष्ट्रीय स्टार्टअप पुरस्कारों की पहुंच का विस्तार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

20 क्षेत्रीय श्रेणियों और स्टार्टअप-केंद्रित दो विशेष श्रेणियों में जीतने वाले स्टार्टअप, लागू पुरस्कार दिशानिर्देशों के अधीन, प्रति श्रेणी 25 लाख रुपये के नकद पुरस्कार के पात्र होंगे। छात्र नवप्रवर्तक/ उभरते उद्यमी पुरस्कार में चार उप-श्रेणियों में कुल 25 लाख रुपये का पुरस्कार पूल होगा।

मौद्रिक मान्यता के साथ-साथ, नेशनल स्टार्टअप अवार्ड्स का उद्देश्य भारत के स्टार्टअप इकोसिस्टम के भीतर मार्गदर्शन, निवेशक जुड़ाव, बाजार पहुंच, उद्योग साझेदारी और बेहतर दृश्यता को सुविधाजनक बनाना है।

एनएसए 6.0 का उद्देश्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्टार्टअप्स की भागीदारी को प्रोत्साहित करना है, जिसमें टियर-2 और टियर-3 शहरों में उभरते उद्यमशीलता पारिस्थितिकी तंत्र भी शामिल हैं। डीपीआईआईटी पुरस्कारों के अंतर्गत प्रचार-प्रसार, भागीदारी और मूल्यांकन में सहयोग के लिए केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों, राज्य और केंद्र शासित प्रदेश सरकारों, इनक्यूबेटर्स, शैक्षणिक संस्थानों, बैंकों और वित्तीय संस्थानों, वैकल्पिक निवेश कोषों (एआईएफ), उद्योग संघों और अन्य पारिस्थितिकी तंत्र हितधारकों के साथ मिलकर काम करेगा।

एनएसए 6.0 के लिए आवेदन 27 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा और 20 नवंबर 2026 तक खुला रहेगा। योग्य स्टार्टअप और छात्र नवप्रवर्तकों को आवेदन करने और आधिकारिक स्टार्टअप इंडिया पोर्टल www.startupindia.gov.in के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर अपने नवाचारों को प्रदर्शित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।

नेशनल स्टार्टअप अवार्ड्स के छठे संस्करण के माध्यम से, डीपीआईआईटी समावेशी, नवाचार-संचालित और विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धी स्टार्टअप इकोसिस्टम को प्रोत्साहन देने के लिए भारत सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है, साथ ही उद्यमशीलता की उत्कृष्टता को मान्यता देता है और नवोन्मेषकों की अगली पीढ़ी का पोषण करता है।

एनएसए 6.0 के अंतर्गत 20 क्षेत्रीय पुरस्कार श्रेणियां इस प्रकार हैं:

  1. कृषि, कृषि प्रौद्योगिकी और खाद्य प्रणालियां
  2. जैविक विनिर्माण
  3. गहन प्रौद्योगिकी और अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियां
  4. जलवायु प्रौद्योगिकी, स्वच्छ ऊर्जा और संपोषित विकास
  5. उपभोक्ता उद्योग
  6. रचनात्मक उद्योग, मीडिया और डिजिटल सामग्री (ऑरेंज इकोनॉमी)
  7. रक्षा और सुरक्षा
  8. ग्रामीण अर्थव्यवस्था, पारंपरिक उद्योग और आजीविका
  9. शिक्षा और कौशल विकास
  10. इलेक्ट्रॉनिकी, सेमीकंडक्टर और एडवांस मैन्युफैक्चरिंग
  11. फिनटेक, वित्तीय सेवाएं और समावेशन
  12. फूड-टेक, जैव प्रौद्योगिकी और पोषण
  13. स्वास्थ्य सेवा, मेडटेक और जीवन विज्ञान
  14. आपूर्ति श्रृंखला और रसद
  15. खेल, फिटनेस और खेल-तकनीक
  16. भविष्य की गतिशीलता और ऑटोमोटिव
  17. महासागर और ब्लू इकोनॉमी
  18. अंतरिक्ष-तकनीक, ड्रोन और एयरोस्पेस
  19. दूरसंचार, कनेक्टिविटी और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर
  20. यात्रा, पर्यटन और आतिथ्य

तीन विशेष पुरस्कार श्रेणियां इस प्रकार हैं:

  1. महिला नेतृत्व वाले स्टार्टअप
  2. पूर्वोत्तर क्षेत्र के स्टार्टअप
  3. छात्र नवप्रवर्तक / महत्वाकांक्षी उद्यमी

***

 

पीके/केसी/आरटी/एमएम/डीए


(रिलीज़ आईडी: 2329211) आगंतुक पटल : 58
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Assamese , Gujarati