शिक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

इग्नू की डिजिटल पहल: दिसंबर 2026 सत्रांत परीक्षा के लिए ऑनलाइन असाइनमेंट जमा करने की सुविधा शुरू


20 नवंबर 2026 तक जमा कर सकेंगे पात्र विद्यार्थी अपने असाइनमेंट

प्रविष्टि तिथि: 28 OCT 2026 3:42PM by PIB Bhopal

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने दिसंबर 2026 की सत्रांत परीक्षा (टीईई) के लिए ऑनलाइन असाइनमेंट प्रबंधन प्रणाली (OAMS) शुरू की है। इस व्यवस्था के तहत मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा तथा ऑनलाइन कार्यक्रमों में नामांकित पात्र विद्यार्थी विश्वविद्यालय के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने असाइनमेंट जमा कर सकेंगे। इस पहल का उद्देश्य असाइनमेंट जमा करने की प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक, व्यवस्थित और पारदर्शी बनाना है।

इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, भोपाल के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक एवं प्रमुख डॉ. उमेश चन्द्र पाण्डेय ने बताया कि यह डिजिटल पहल विद्यार्थियों को तकनीक-आधारित शैक्षणिक सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे विद्यार्थियों को असाइनमेंट जमा करने की ऑनलाइन पावती प्राप्त करने और मूल्यांकन की स्थिति जानने में सुविधा होगी। उन्होंने विद्यार्थियों से विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में असाइनमेंट जमा करने की अपील की।

विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार, पात्र विद्यार्थी अपने इग्नू समर्थ (Samarth) विद्यार्थी खाते में लॉगिन करके पाठ्यक्रमवार असाइनमेंट जमा कर सकते हैं। असाइनमेंट जमा करने की अंतिम तिथि 20 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है। विद्यार्थियों को अंतिम समय की तकनीकी या अन्य असुविधाओं से बचने के लिए समय रहते प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है।

असाइनमेंट जमा करने के लिए प्रमुख दिशा-निर्देश

  • असाइनमेंट के उत्तर हस्तलिखित होने चाहिए।

  • प्रत्येक पाठ्यक्रम के सभी उत्तरों को एक ही पीडीएफ फाइल में स्कैन करके अपलोड करना होगा।

  • प्रत्येक पीडीएफ फाइल का आकार 20 एमबी से अधिक नहीं होना चाहिए।

  • पहले पृष्ठ पर विद्यार्थी का नाम, नामांकन संख्या, अध्ययन केंद्र कोड, पाठ्यक्रम कोड, क्षेत्रीय केंद्र का कोड एवं नाम और ई-मेल पता स्पष्ट रूप से अंकित होना चाहिए।

  • अपलोड करने से पहले यह सुनिश्चित करें कि असाइनमेंट संबंधित कार्यक्रम, पाठ्यक्रम और सत्र के लिए निर्धारित है।

किन विद्यार्थियों को दोबारा असाइनमेंट जमा नहीं करना होगा?

जिन विद्यार्थियों ने संबंधित पाठ्यक्रम का असाइनमेंट पहले ही उत्तीर्ण कर लिया है, उन्हें उसे दोबारा जमा करने की आवश्यकता नहीं है। इसी प्रकार, जिन विद्यार्थियों ने दिसंबर 2026 की सत्रांत परीक्षा के लिए संबंधित असाइनमेंट अध्ययन केंद्र अथवा क्षेत्रीय केंद्र में हार्ड कॉपी के रूप में पहले ही जमा कर दिया है, उन्हें उसी असाइनमेंट को ऑनलाइन दोबारा अपलोड करने की आवश्यकता नहीं है।

असाइनमेंट सफलतापूर्वक जमा होने के बाद ऑनलाइन पावती OAMS पोर्टल पर उपलब्ध होगी तथा विद्यार्थी के पंजीकृत ई-मेल पते पर भी भेजी जाएगी। विद्यार्थी अपने समर्थ खाते के माध्यम से असाइनमेंट के मूल्यांकन की स्थिति देख सकेंगे। विश्वविद्यालय के निर्देशों के अनुसार, असाइनमेंट ई-मेल के माध्यम से क्षेत्रीय केंद्र या विश्वविद्यालय के किसी अन्य कार्यालय को न भेजें, क्योंकि ई-मेल से भेजे गए असाइनमेंट स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

इग्नू क्षेत्रीय केंद्र, भोपाल ने सभी पात्र विद्यार्थियों से अपील की है कि वे दिशा-निर्देशों का सावधानीपूर्वक पालन करते हुए 20 नवंबर 2026 तक ऑनलाइन असाइनमेंट जमा करना सुनिश्चित करें।

***


(रिलीज़ आईडी: 2329478) आगंतुक पटल : 331