युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

माय भारत ने चुनाव संबंधी जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए 14 राज्यों/केंद्रशासित प्रदेशों में 'विकसित भारत युवा संवाद: अपने मत को जानें' कार्यक्रम का आयोजन किया


युवाओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने और आमलोगों की भागीदारी को मजबूत करने का संकल्प लिया

प्रविष्टि तिथि: 28 OCT 2026 10:20PM by PIB Delhi

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के युवा मामले विभाग के तहत मेरा (एमवाई) युवा भारत ने आज 10 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों के शैक्षणिक संस्थानों में विकसित भारत युवा संवाद: अपने मत को जानें कार्यक्रम आयोजित किए। यह उनके उस राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य चुनावी जागरूकता को बढ़ावा देना और लोकतंत्र में युवाओं की समझदारी भरी व जिम्मेदारीपूर्वक भागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा। इन कार्यक्रमों में छात्रों, जन प्रतिनिधियों, यूथ आइकन, सफल खिलाड़ियों और संस्थागत प्रमुखों को एक साथ लाया गया, ताकि वे मतदान के अधिकारों, आम लोगों की जिम्मेदारियों और लोकतांत्रिक मूल्यों पर चर्चा कर सकें।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/oct/image001_20261028222133_341694.jpg

26.10.2026 से 05.11.2026 तक 500 विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और अन्य संस्थानों में आयोजित किए जा रहे राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य पहली बार मतदाताओं सहित युवाओं को निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ सीधे संवाद करने और विकसित भारत@2047 की यात्रा में लोकतांत्रिक भागीदारी पर विचारों का आदान-प्रदान करने के लिए एक मंच प्रदान करना है। 28 अक्टूबर तक देश भर में कुल 27 'युवा संवाद' आयोजित किए गए हैं, जिनमें 5,856 युवाओं ने हिस्सा लिया है।

उत्तरी क्षेत्र में आज दिल्ली, गुरुग्राम, पंचकूला, राजौरी और झज्जर के संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। दिल्ली के श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में आयोजित कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल श्री तरनजीत सिंह संधू के साथ-साथ खिलाड़ी श्री अर्जुन सिंह नागरा और श्री अजीत यादव भी शामिल हुए। पंचकूला के कार्यक्रम और सुंदरबनी के आयोजन में भी बड़ी संख्या में छात्रों और युवाओं ने हिस्सा लिया।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/oct/image002_20261028222148_ff2cf1.jpg

मध्य क्षेत्र में मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ में चलाए गए कार्यक्रम चुनावी जागरूकता, युवा नेतृत्व और जिम्मेदार नागरिकता पर केंद्रित थे। श्योपुर में सांसद श्री शिवमंगल सिंह तोमर ने मतदान के अधिकारों और चुनाव प्रक्रिया के विषय पर छात्रों से बातचीत की। रायगढ़ में लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया और माय भारत के संयुक्त निदेशक श्री रमन पटेल की उपस्थिति में नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट के साथ-साथ एक संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।

पूर्वी क्षेत्र में माय भारत दार्जिलिंग की ओर से फांसीदावा में एक 'युवा संवाद' का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 'विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग' (वीबीवाईएलडी) पर एक प्रस्तुति, अपना मत जानें विषय पर चर्चा, मतदाता जागरूकता शपथ और एक 'सिग्नेचर वॉल' शामिल थी, जिस पर प्रतिभागियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। बिहार और पश्चिम बंगाल में भी अन्य कार्यक्रम आयोजित किए गए।

https://static.pib.gov.in/WriteReadData/userfiles/image/2026/oct/image003_20261028222158_0eeb79.jpg

पूर्वोत्तर क्षेत्र में अरुणाचल प्रदेश के राजीव गांधी विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में यूथ आइकन पोरबिंदर कौर और कॉमनवेल्थ तथा दक्षिण एशियाई कराटे स्वर्ण पदक विजेता जॉनी मांगखिया शामिल हुए।

दक्षिणी और पश्चिमी क्षेत्रों में कार्यक्रमों के माध्यम से छात्रों, यूथ आइकंस, खिलाड़ियों और आमंत्रित गणमान्य हस्तियों को एक साथ लाया गया, ताकि वे चुनावी प्रक्रियाओं, नागरिक जिम्मेदारियों और लोकतांत्रिक भागीदारी पर चर्चा कर सकें।

कार्यक्रमों का समापन लोकतांत्रिक शपथ के साथ हुआ, जिसके माध्यम से प्रतिभागियों ने लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने और राष्ट्र के लोकतांत्रिक जीवन में सक्रिय रूप से भाग लेने का संकल्प लिया। निर्वाचन प्रक्रिया के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के मायगव के सहयोग से एमवाई भारत द्वारा आयोजित नो योर वोट ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता को भी बढ़ावा दिया गया। आयोजन स्थलों पर एमवाई भारत पंजीकरण की सुविधा प्रदान की गई और प्रतिभागियों से क्यूआर आधारित सुझाव बॉक्स के माध्यम से सुझाव एकत्र किए गए।

****

पीके/केसी/आरटी/आरकेजे


(रिलीज़ आईडी: 2329897) आगंतुक पटल : 41
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Telugu