ग्रामीण विकास मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

ग्रामीण विकास विभाग में हिंदी पखवाड़ा 2026 का समापन, विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया गया सम्मानित

प्रविष्टि तिथि: 30 OCT 2026 6:26PM by PIB Delhi

ग्रामीण विकास विभाग में आज दिनांक 30 अक्टूबर, 2026 को हिंदी पखवाड़ा, 2026 के समापन समारोह का आयोजन श्री विपिन कुमार, अपर सचिव की गरिमामयी अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में श्री अल्ताफ हुसैन हाजी, सांख्यिकीय सलाहकार ने अपर सचिव महोदय का स्वागत किया और पखवाड़े के दौरान आयोजित क्रियाकलापों का विवरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस वर्ष दिनांक 14 सितंबर से 28 सितंबर, 2026 के दौरान आयोजित हिंदी पखवाड़े के दौरान हिंदी निबंध लेखन, हिंदी टिप्पणी एवं प्रारूप लेखन, अनुवाद एवं शब्द ज्ञान, काव्य-पाठ और हिंदी टंकण एवं आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए अनुवाद एवं शब्द ज्ञान प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया जिनमें विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया।

श्री विपिन कुमार, अपर सचिव ने अपने उद्बोधन में राजभाषा हिंदी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हमें अपना सरकारी काम-काज सरल और सहज हिंदी भाषा में करना चाहिए। सरकारी पत्रों में क्लिष्ट हिंदी के प्रयोग से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपनी मातृभाषा में हम मौलिक रूप से अभिव्यक्त कर पाते हैं इसलिए हमें अंग्रेजी के बजाय राजभाषा हिंदी में काम-काज को वरीयता देनी चाहिए ताकि हमारे विचार स्पष्ट रूप से अभिव्यक्त हो सकें। विजेताओं को बधाई देते हुए श्री विपिन कुमार ने कहा कि प्रतियोगिता में पुरस्कार से अधिक महत्व प्रतिभागिता का होता है। उन्होंने प्रतिभागियों को भविष्य में और अधिक उत्साह से ऐसी प्रतियोगिताओं में प्रतिभागिता का आह्वान किया।

सभी विजेताओं को अपर सचिव, श्री विपिन कुमार के कर-कमलों से स्मृति चिह्न एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम का समापन श्री राजेश कुमार, उप निदेशक के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

 

***

PU


(रिलीज़ आईडी: 2330545) आगंतुक पटल : 77