प्रविष्टि तिथि:
30 OCT 2026 6:48PM by PIB Delhi
यूएई और सिंगापुर जाने वाले भारतीय पर्यटक अब यूपीआई का उपयोग करके आसानी से बुकिंग कर सकते हैं। दुनिया के इन दो प्रमुख पर्यटन स्थलों की यात्रा की योजना बना रहे भारतीय पर्यटक, अब अपने पसंदीदा यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) ऐप्स का उपयोग करके आसानी से बुकिंग कर सकते हैं और ऑनलाइन भुगतान कर सकते हैं। यह कदम दुनिया भर में भारतीय नागरिकों के लिए यात्रा की योजना बनाने को और अधिक आसान बनाता है। अब उन्हें मुद्रा से जुड़ी समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ेगा।
नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एनपीसीआई) की अंतरराष्ट्रीय शाखा, एनपीसीआई इंटरनेशनल पेमेंट्स लिमिटेड (एनआईपीएल) ने ऑनलाइन बुकिंग के लिए यूपीआई की सुविधा देने हेतु यूएई और सिंगापुर के साथ रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की। यह घोषणा 29 जुलाई 2026 यूएई में और 9 सितंबर 2026 को सिंगापुर में की गई थी। NEOPAY और एमार एंटरटेनमेंट के साथ साझेदारी के जरिए 'एट द टॉप, बुर्ज खलीफा' में यूपीआई से भुगतान की सुविधा शुरू की गई है। यह यूएई का पहला ऐसा पर्यटन स्थल है जिसने ई-कॉमर्स के लिए यूपीआई को अपनाया है। सिंगापुर में, प्रमुख पेमेंट संस्थान 'फोमो पे' (FOMO Pay) के सहयोग से 'रिसॉर्ट्स वर्ल्ड सेंटोसा' में भी यूपीआई की सुविधा शुरू की गई है। यह विशेष रूप से ऐसे समय महत्वपूर्ण कदम है जब 2025 में सिंगापुर में 1.2 मिलियन भारतीय पर्यटक पहुंचे थे।
'एट द टॉप, बुर्ज खलीफा' और 'रिसॉर्ट्स वर्ल्ड सेंटोसा' (जिसमें यूनिवर्सल स्टूडियो सिंगापुर, सिंगापुर ओशनेरियम और एडवेंचर कोव वॉटरपार्क शामिल हैं) जैसे विश्व-स्तरीय पर्यटन स्थलों पर ऑनलाइन खरीदारी के लिए यूपीआई को जोड़ना, भरोसेमंद क्रॉस-बॉर्डर (अंतरराष्ट्रीय) भुगतान की बढ़ती मांग को पूरा करता है। यह भारत और यूएई तथा सिंगापुर के बीच डिजिटल और आर्थिक संबंधों को मजबूत करता है, और भारतीय यात्रियों को आसान, सुरक्षित और परिचित वित्तीय माध्यम उपलब्ध कराता है।
इस एकीकरण की मुख्य बातें
वित्त मंत्रालय ऐसी अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है, जो डिजिटल नवाचार को प्रोत्साहित करती हैं, सीमा-पार व्यापार को सुगम बनाती हैं और वैश्विक मंच पर भारत की तकनीकी क्षमता को प्रदर्शित करती हैं।
पिछली पहल
- 26 जनवरी 2024 को भारत के यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) के जरिए एफिल टॉवर का टिकट खरीदने की सुविधा शुरू की गई थी।
दस देशों में यूपीआई स्वीकार किया जाता है
इन देशों में सिंगापुर, संयुक्त अरब अमीरात, फ्रांस, मॉरीशस, नेपाल, भूटान, कतर, श्रीलंका, कंबोडिया और ग्रीस शामिल हैं। इससे भारतीय यात्री विदेशों में भी यूपीआई के जरिए आसानी से भुगतान कर सकते हैं।
30 अगस्त 2026 को भारत के माननीय प्रधानमंत्री की उज्बेकिस्तान यात्रा के दौरान व्यावसायिक समझौते के बाद, उज्बेकिस्तान इस सूची में शामिल होने वाला 11वां देश बनने जा रहा है।
***
पीके/केसी/आरटी/पीके/एसएस