युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

युवाओं में चुनावी जागरूकता बढ़ाने के लिए 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ‘विकसित भारत युवा संवाद: अपना वोट जानें’ के 46 कार्यक्रम आयोजित किए गए


30 अक्टूबर को देशभर में आयोजित कार्यक्रमों में 6,688 युवाओं ने भाग लिया; 5 नवंबर तक 500 विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और संस्थानों को इस राष्ट्रव्यापी अभियान के दायरे में लाने का लक्ष्य है

प्रविष्टि तिथि: 30 OCT 2026 7:51PM by PIB Delhi

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के युवा कार्यक्रम विभाग के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माय भारत) द्वारा आज 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आयोजित ‘विकसित भारत युवा संवाद: अपना वोट जानें’ के 46 कार्यक्रमों में कुल 6,688 युवाओं ने भाग लिया। 26 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक चलाए जा रहे इस राष्ट्रव्यापी अभियान का उद्देश्य देशभर के 500 विश्वविद्यालयों, कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों तक पहुंच बनाना है।

इस पहल का उद्देश्य युवाओं, विशेषकर पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं में चुनावी जागरूकता बढ़ाना और उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सोच-समझकर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करना है। इसका उद्देश्य युवाओं को मतदान के अधिकारों, चुनावी प्रक्रियाओं और नागरिक जिम्मेदारियों से परिचित कराना है। साथ ही, उन्हें निर्वाचित जनप्रतिनिधियों, युवा आइकॉन और अन्य प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों के साथ लोकतांत्रिक भागीदारी तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका पर संवाद करने का अवसर प्रदान करना है।

 

आज आयोजित कार्यक्रमों का विस्तार देश के विभिन्न क्षेत्रों तक रहा। इनमें उत्तर भारत के जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वोत्तर के अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड और सिक्किम के राज्य शामिल रहे। इसके अलावा, पूर्वी, मध्य, पश्चिमी और दक्षिणी भारत के बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, राजस्थान, कर्नाटक और तमिलनाडु में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। 30 अक्टूबर 2026 तक, 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कुल 96 युवा संवाद आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 18,475 युवाओं और 97 युवा आइकॉन ने भाग लिया है।

पंजाब में आज फरीदकोट, फतेहगढ़ साहिब, गुरदासपुर और मोगा में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रमों में युवा आइकॉन मास्टर सैयम मजूमदार, अंतरराष्ट्रीय रग्बी खिलाड़ी अमनदीप कौर, श्री दिवजोत सिंह और श्री शशिकेश कुमार के साथ संवाद सत्र आयोजित किए गए। चर्चाओं में जागरूक लोकतांत्रिक भागीदारी, जिम्मेदार नागरिकता और लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत बनाने में युवाओं की भूमिका पर जोर दिया गया।

 

जम्मू-कश्मीर के डोडा और पुंछ में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रमों में चुनावी जागरूकता, नागरिक जिम्मेदारी और शासन व्यवस्था में युवाओं की भागीदारी जैसे विषयों पर संवाद एवं चर्चा की गई। लैक्रोस एथलीट सुश्री अभिलव कौर ने पुंछ में छात्रों से बातचीत की, जबकि डोडा में प्रतिभागियों ने सक्रिय रूप से सवाल पूछे और पहली बार वोट देने वालों और ज़िम्मेदार नागरिक होने के महत्व पर अपने विचार शेयर किए।

मध्य प्रदेश के छतरपुर और ग्वालियर में आयोजित कार्यक्रमों में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ युवा नेतृत्व और विकसित भारत के दृष्टिकोण पर संवाद किया गया। ग्वालियर में युवा आइकॉन श्री विक्रम बघेल ने अपनी प्रस्तुति दी। इस दौरान खेल जगत की प्रेरणादायक कहानियां साझा की गईं और लोकतांत्रिक शपथ भी दिलाई गई। खंडवा (पूर्व निमाड़) में युवा प्रतिभागियों ने निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद सत्र में सक्रिय रूप से भाग लिया।

 

छत्तीसगढ़ के चांपा में जांजगीर-चांपा की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने युवा प्रतिभागियों के साथ संवाद किया और उन्हें लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत योग और ध्यान सत्र भी आयोजित किया गया। इसमें तनाव प्रबंधन, मानसिक स्वास्थ्य और स्वस्थ जीवनशैली पर ध्यान केंद्रित किया गया।

अन्य राज्यों में भी युवा संवाद कार्यक्रमों के दौरान नागरिक जागरूकता, युवाओं की भागीदारी और राष्ट्र निर्माण को बढ़ावा देने वाली गतिविधियां आयोजित की गईं। उत्तराखंड के चमोली जिले के गोपेश्वर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में 200 युवाओं ने भाग लिया। बिहार के वैशाली में प्रतिभागियों ने जिम्मेदार नागरिकता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए लोकतांत्रिक शपथ ली। राजस्थान के बूंदी और दौसा में आयोजित कार्यक्रमों में मतदाता जागरूकता और नशामुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित किया गया। दौसा में मतदान के महत्व को लेकर नुक्कड़ नाटक भी आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में नशामुक्ति जागरूकता सत्र और विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (वीबीवाईएलडी) पर व्याख्यान आयोजित किया गया। वहीं, श्रावस्ती में नशामुक्त भारत के लिए युवाओं को जागरूक और संगठित करने के साथ-साथ पड़ोस युवा संसद का आयोजन भी किया गया।

तमिलनाडु के मदुरै में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में महिला आरक्षण विधेयक पर संसद की कार्यवाही की तर्ज पर चर्चा हुई। इस दौरान युवा प्रतिभागियों को महिलाओं के प्रतिनिधित्व और समावेशी शासन व्यवस्था जैसे विषयों पर अपने विचार रखने का अवसर मिला।

अब तक 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 96 कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। इस अभियान के तहत चर्चाओं, जनप्रतिनिधियों और युवा आइकॉन के साथ संवाद तथा लोकतांत्रिक जागरूकता, जिम्मेदार नागरिकता और युवा नेतृत्व को बढ़ावा देने वाली गतिविधियों के माध्यम से युवाओं की भागीदारी लगातार सुनिश्चित की जा रही है।

***

पीके/केसी/आरटी/जीके/एसएस


(रिलीज़ आईडी: 2330655) आगंतुक पटल : 61
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu