प्रविष्टि तिथि:
02 NOV 2026 3:16PM by PIB Bhopal
भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण अर्थात् जनसंख्या गणना की अवधि भारत सरकार द्वारा अधिसूचित कर दी गई है। भारत सरकार द्वारा जारी अधिसूचना दिनांक 30 अक्टूबर 2026 के अनुसार, मध्यप्रदेश सहित देश के अधिकांश राज्यों एवं संघ राज्य क्षेत्रों में जनसंख्या गणना का कार्य 25 जनवरी से 28 फरवरी, 2027 तक संपन्न किया जाएगा। इस अवधि के दौरान प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा।
इस के पूर्व 10 जनवरी से 24 जनवरी, 2027 तक 15 दिवस के लिए स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस दौरान जनसामान्य अपने परिवार की जानकारी स्व-गणना पोर्टल पर स्वयं दर्ज कर सकेंगे।
स्व-गणना पोर्टल पर जानकारी सबमिट करने पर पोर्टल द्वारा एक SE ID जनरेट होगी, जिसे संबंधित व्यक्ति को नोट करके सुरक्षित रखना होगा और जब 25 जनवरी से 28 फरवरी, 2027 के दौरान प्रगणक घर पर आएं तो यह SE ID प्रगणक के साथ साझा (share) करना होगा।
जनगणना का पुनरीक्षण दौर 1 मार्च, 2027 से 5 मार्च, 2027 तक संचालित किया जाएगा। मध्यप्रदेश सहित इन राज्यों और संघ राज्य क्षेत्रों के लिए जनगणना की संदर्भ तिथि 1 मार्च, 2027 के 00:00 बजे निर्धारित की गई है।
इसके पूर्व भारत सरकार द्वारा जारी अधिसूचना दिनांक 03 अगस्त 2026 के परिपालन में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख संघ राज्य क्षेत्र के हिमाच्छादित क्षेत्रों में जनसंख्या गणना का कार्य 1 से 30 सितंबर, 2026 की अवधि में संपन्न हो चुका है। इन क्षेत्रों में स्व-गणना की अवधि 17 से 31 अगस्त, 2026 तक निर्धारित की गई थी।
जिन राज्यों में अगले वर्ष के प्रारंभ में विधानसभा चुनाव होना है उन राज्यों के लिए जनसंख्या गणना की अवधि भारत सरकार की अधिसूचना दिनांक 05 सितंबर 2026 के माध्यम से पृथक से निर्धारित की गई है।
उत्तर प्रदेश, पंजाब तथा गोवा में संपूर्ण राज्य एवं उत्तराखंड के बर्फ से मुक्त क्षेत्रों में स्व-गणना 16 से 30 नवंबर, 2026 तक तथा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य 1 दिसंबर, 2026 से 4 जनवरी, 2027 तक संपन्न किया जाएगा।
जनगणना-2027 देश की महत्वपूर्ण राष्ट्रीय प्रक्रिया है। मध्यप्रदेश के सभी निवासियों से अपील है कि वे जनगणना कार्य में नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराते हुए जनगणना कार्य के सफल संचालन में सहयोग प्रदान करें।
***