प्रविष्टि तिथि:
03 NOV 2026 11:02AM by PIB Delhi
भारत-अमेरिका के बीच द्विपक्षीय त्रि-सेवा मानवीय सहायता और आपदा राहत (एचएडीआर) अभ्यास के 5वें संस्करण 'टाइगर ट्रायम्फ 2026' का उद्घाटन समारोह 02 नवंबर 2026 को विशाखापत्तनम स्थित मैरीटाइम वारफेयर सेंटर (एमडब्ल्यूसी) में आयोजित किया गया। इस वर्ष चर्चा आधारित 'टेबलटॉप एक्सरसाइज' (टीटीएक्स) के रूप में आयोजित किए जा रहे इस अभ्यास का उद्देश्य व्यापक स्तर पर मानवीय सहायता और आपदा राहत अभियानों के दौरान दोनों देशों के सशस्त्र बलों के बीच समन्वय, संयुक्त रूप से योजना बनाना और अंतर-संचालनीयता को बेहतर बनाना है। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता पूर्वी बेड़े के फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग रियर एडमिरल विशाल बिश्नोई और अमेरिकी प्रशांत बेड़े के वाइस कमांडर रियर एडमिरल जोकिन जे. मार्टिनेज डी पिनिलोस ने की।
यह अभ्यास भारत और अमेरिका के बीच रणनीतिक समुद्री हितों पर बढ़ती निकटता और दोनों देशों के बीच रक्षा संबंधी साझेदारी में वृद्धि को दर्शाता है। इस संस्करण का उद्देश्य अंतर-संचालनीयता संबंधी आपसी तालमेल को और बेहतर बनाना तथा संयुक्त बहु-क्षेत्रीय अभियानों के संचालन को सुगम बनाना है। इसमें व्यापक स्तर पर मानवीय सहायता और आपदा राहत अभियानों की योजना बनाने और समन्वय पर विशेष ध्यान दिया गया है।
इसमें भारतीय पक्ष की ओर से भारतीय नौसेना के समुद्री अभियानों से जुड़े विशेषज्ञ, भारतीय थल सेना और भारतीय वायु सेना की विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधि तथा तीनों सेनाओं के विशेष बलों के कर्मी शामिल हैं। 'टाइगर ट्रायम्फ' के 5वें संस्करण में पहली बार एनडीआरएफ का एक दल भी भाग लेगा।
अभ्यास में भाग ले रहे अमेरिकी संयुक्त बल में अमेरिकी सशस्त्र बलों के विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ प्रतिनिधि शामिल हैं जिनमें वायु सेना, थल सेना, मरीन कोर और नौसेना के साथ-साथ अंतरिक्ष, साइबर संबंधी मामलों, चिकित्सा और बम निरोधक विशेषज्ञ भी हैं।
(1)_20261103110347_bd610a.jpeg)
(2)_20261103110411_f27a7f.jpeg)
(1)_20261103110428_cb0779.jpeg)
_20261103110449_4b8bef.jpeg)
***
पीके/केसी/आरटी/केके/एसके