ग्रामीण विकास मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

ग्रामीण विकास विभाग ने स्वच्छता को संस्थागत बनाने, लंबित मामलों को कम करने, अभिलेख प्रबंधन में सुधार और कार्यालयों में स्थान के समुचित उपयोग करने में महत्वपूर्ण उपलब्धियों के साथ विशेष अभियान 6 का सफलतापूर्वक समापन किया

प्रविष्टि तिथि: 02 NOV 2026 5:21PM by PIB Delhi

ग्रामीण विकास विभाग ने 2 से 31 अक्टूबर 2026 के बीच 'विशेष अभियान 6' को सफलतापूर्वक पूरा कर लिया। इस अभियान के दौरान, विभाग के सफाई कर्मचारियों सहित सभी संविदा कर्मचारियों को 'प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना' (पीएमजेजेबीवाई) और 'प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना' (पीएमएसबीवाई) के अंतर्गत बीमा कवरेज प्रदान किया गया। इन दोनों योजनाओं के लिए प्रीमियम का पूरा खर्च विभाग की ओर से उठाया गया है।

विभाग ने कार्यस्थल पर स्वच्छता और प्रशासनिक कार्यकुशलता को बढ़ावा देने और कायम रखने के अपने प्रयासों के अंतर्गत 'निर्मल डेस्क चैलेंज 2026' का आयोजन किया। यह एक आंतरिक पहल थी जिसका उद्देश्य कार्यस्थल पर स्वच्छता, साफ-सफाई और व्यवस्थित माहौल की संस्कृति को बढ़ावा देना था। इसके समापन के अवसर पर कार्यस्थल को स्वच्छ, व्यवस्थित और कार्यकुशल बनाए रखने में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाले कर्मियों को सम्मानित किया गया।

विभाग ने अपने आउटसोर्स कर्मचारियों के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाते हुए स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के सहयोग से 22 अक्टूबर 2026 को विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में सफाई कर्मचारियों सहित 250 से अधिक आउटसोर्स कर्मचारियों ने स्वास्थ्य जांच सुविधाओं का लाभ उठाया।

इस अभियान के दौरान 20 संसदीय आश्वासनों, अंतर-मंत्रालयीय समितियों (आईएमसी) के 5  संदर्भों (कैबिनेट प्रस्तावों), राज्य सरकार के 24 संदर्भों, प्रधानमंत्री कार्यालय के 6 संदर्भों, 1,012 लोक शिकायतों और 194 लोक शिकायत अपीलों का निपटारा करके 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किए गए। विभाग ने अभियान के दौरान 25,000 के लक्ष्य के मुकाबले 25,268 स्वच्छता गतिविधियां संचालित कीं।

इस अभियान से 28.94 लाख रुपये का राजस्व भी प्राप्त हुआ (जिसमें ई-कचरे के निपटान से प्राप्त राजस्व शामिल है)। इसके अतिरिक्त पुराने अभिलेखों, ई-कचरे और इस्तेमाल न होने वाले फर्नीचर और उपकरणों को व्यवस्थित तरीके से हटाने से कार्यालयों का 55,026 वर्ग फुट स्थान खाली हुआ।

विभाग ने अभिलेख प्रबंधन की पहल के अंतर्गत समीक्षा के लिए चिह्नित सभी 5,108 भौतिक फाइलों और 3,878 ई-फाइलों की समीक्षा की और दोनों श्रेणियों में 100 प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया। इसके अतिरिक्त, 3,039 भौतिक फाइलों को हटा दिया गया और 1,985 ई-फाइलों को बंद कर दिया गया। इस प्रकार कुल 5,024 फाइलें हटाई या बंद की गईं। इन प्रयासों से लंबित अभिलेखों की संख्या कम करने और अभिलेख प्रबंधन की कार्यक्षमता में सुधार करने में मदद मिली।

विभाग ने पर्यावरण संबंधी जागरूकता और कर्मचारियों के कल्याण को बढ़ावा देने के लिए भी कई पहल कीं। इनमें घरों के अंदर उगाए जाने वाले पौधों का वितरण, तंबाकू-निषेध जागरूकता संबंधी गतिविधियां, निबंध लेखन और पोस्टर बनाने की प्रतियोगिताएं आयोजित करना तथा 'सफाईमित्रों' को सम्मानित करना शामिल था।

'विशेष अभियान 6' का सफल समापन, स्वच्छता को संस्थागत बनाने, लंबित मामलों का समय पर निपटारा करने, अभिलेख प्रबंधन को सुदृढ़ करने, कार्यालयों में स्थान का बेहतर उपयोग करने और कर्मचारियों के कल्याण को बढ़ावा देने के प्रति विभाग की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ये महत्वपूर्ण उपलब्धियां अभियान को सफल बनाने में विभाग के सभी प्रभागों (स्वायत्त निकायों सहित) और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों और सक्रिय भागीदारी को प्रदर्शित करती हैं।

***

पीके/केसी/आरटी/केके/एसके

 


(रिलीज़ आईडी: 2331954) आगंतुक पटल : 49
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Assamese , Punjabi