संचार मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (टीआरएआई) ने 'नेटवर्क अनुभव' प्लेटफॉर्म का शुभारंभ किया

प्रविष्टि तिथि: 04 NOV 2026 4:21PM by PIB Delhi

भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (टीआरएआई) ने आज 'नेटवर्क अनुभव प्लेटफॉर्म' का शुभारंभ किया है। यह एक भू-स्थानिक और विश्लेषणात्मक डैशबोर्ड है। इसमें उपयोगकर्ता टेस्ट डेटा और टीआरएआई के स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट डेटा को शामिल किया गया है। साथ ही, इसमें डीएनडी (डू नॉट डिस्टर्ब) वेब इंटरफेस की सुविधा भी दी गई है। उपयोगकर्ता टेस्ट डेटा में टीआरएआई के 'माईस्पीड' और 'माईकॉल' ऐप्स से प्राप्त जांच परिणाम शामिल हैं। यह प्लेटफॉर्म उपभोक्ताओं, सेवा प्रादाताओं और टीआरएआई को नेटवर्क के विभिन्न पैमानों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करता है।

भू-स्थानिक मानचित्र की मुख्य विशेषताएं

भू-स्थानिक मानचित्र की सहायता से उपभोक्ता ये काम कर सकते हैं:-

  • जांच के परिणामों को सेल्युलर या फिक्स्ड ब्रॉडबैंड के रूप में वर्गीकृत करके देख सकते हैं। इन्हें सेवा प्रदाताओं और तकनीक के आधार पर भी अलग-अलग किया गया है, जिसमें डाउनलोड और अपलोड गति जैसे पैमाने शामिल हैं।
  • उपयोगकर्ताओं द्वारा किए गए जांच के स्थानों और उनके वितरण को देखने के लिए मानचित्र को नेविगेट और ज़ूम किया जा सकता है।
  •  दिखाए गए परिणामों को समझने के लिए फ़िल्टर, लीजेंड, सहायक टेबल और डाउनलोड की जा सकने वाली रिपोर्ट का उपयोग किया जा सकता है।

यह प्लेटफ़ॉर्म किसी दिए गए क्षेत्र में उपयोगकर्ताओं द्वारा किए गए परीक्षणों से गणना किए गए परसेंटाइल मानों की रिपोर्ट देता है:

  • पी-50 (मीडियन स्पीड): आधे टेस्ट में स्पीड इस मान के बराबर या उससे अधिक दर्ज की गई।
  • पी-80 (मोबाइल ब्रॉडबैंड के लिए): 80 प्रतिशत टेस्ट में स्पीड इस मान के बराबर या उससे अधिक दर्ज की गई।
  •  पी-90 (फिक्स्ड ब्रॉडबैंड के लिए): 90 प्रतिशत टेस्ट में स्पीड इस मान के बराबर या उससे अधिक दर्ज की गई।

लेकिन, उपयोगकर्ता टेस्ट पर आधारित ये आंकड़े मानक पद्धति के अनुसार नेटवर्क क्वालिटी का पूर्ण मूल्यांकन नहीं करते हैं, फिर भी ये यूज़र्स को अलग-अलग जगहों पर अन्य यूज़र्स के अनुभव के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी देते हैं। ये मानचित्र अलग-अलग जगहों के लिए किए गए स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट को भौगोलिक रूप से समझने में भी सहायता करते हैं। कुल मिलाकर, ये डेटा सेट और उनका भौगोलिक विज़ुअलाइज़ेशन, उपयोगकर्ता को अन्य उपयोगकर्ता के अनुभव और स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट के नतीजों के बारे में उपयोगी जानकारी प्रदान करते हैं।

उपभोक्ताओं का सशक्तिकरण

उपभोक्ता स्पैम की रिपोर्ट कर सकते हैं और इंटरनेट स्पीड की जांच कर सकते हैं। टीआरएआई ऐप्स, वेब इंटरफेस और स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट से प्राप्त सभी नतीजे 'नेटवर्क अनुभव' डैशबोर्ड पर उपलब्ध हैं। उपभोक्ता अन्य यूज़र्स द्वारा किए गए टेस्ट के, जगह के अनुसार नतीजे देख सकते हैं।

टीएसपी और टीआरएआई के लिए जानकारी

एक सुरक्षित इंटरफेस के ज़रिए, टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर (टीएसपी) उपभोक्ताओं द्वारा किए गए कॉल क्वालिटी, कवरेज और इंटरनेट टेस्ट का डेटा देख सकते हैं। जगह, तारीख, समय और तकनीकी पैमाने के आंकड़ों के साथ-साथ, टीएसपी आगे के विश्लेषण के लिए विशिष्ट भौगोलिक जगहों की पहचान कर सकते हैं और नेटवर्क में सुधार के लिए इस जानकारी का उपयोग कर सकते हैं।

टीआरएआई उपभोक्ता अनुभव की साक्ष्य-आधारित निगरानी के लिए एकत्रित जानकारी का उपयोग कर सकता है और नेटवर्क प्रदर्शन में सुधार के लिए इस डेटा का इस्तेमाल कर सकता है।

माईस्पीड एसडीके

टीआरएआई का माईस्पीड एसडीके योग्य थर्ड-पार्टी ऐप्स को कनेक्टिविटी मापने की क्षमताएं जोड़ने की सुविधा देता है। इसका व्यापक एकीकरण, प्लेटफॉर्म में लोगों की भागीदारी और वास्तविक दुनिया से मिलने वाले मापन की मात्रा को बढ़ा सकता है।

डीएनडी सेवाएं

'अनुभव' पोर्टल के माध्यम से, अब वेब इंटरफेस के ज़रिए डीएनडी सेवाओं तक पहुँचा जा सकता है। उपभोक्ता डीएनडी सुविधाओं का उपयोग करके कमर्शियल कम्युनिकेशन यानी व्यावसायिक संदेशों/कॉल के बारे में अपनी पसंद तय कर सकते हैं, अवांछित कमर्शियल कम्युनिकेशन से जुड़ी शिकायतें दर्ज कर सकते हैं, अपनी शिकायतों की स्थिति की निगरानी कर सकते हैं, और कुल शिकायतों या सेवा प्रदाता के अनुसार शिकायतों की जानकारी देख सकते हैं।

टीआरएआई के अध्यक्ष श्री अनिल कुमार लाहोटी ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा: “'नेटवर्क अनुभव' प्लेटफॉर्म, उपभोक्ताओं और टीआरएआई द्वारा किए गए नेटवर्क टेस्ट में अधिक पारदर्शिता लाता है। यह उपभोक्ताओं को लोकेशन और सेवा प्रदाता के आधार पर टेस्ट का विश्लेषण करने में सक्षम बनाता है, दूरसंचार सेवा प्रदाता को नेटवर्क बेहतर बनाने के क्षेत्रों की पहचान करने में सहायता करता है, और नेटवर्क सुधार के लिए टीआरएआई के प्रयासों को मज़बूत करता है।”

उपभोक्ताओं को प्रोत्साहित किया जाता है कि वे टीआरएआई के माईस्पीड ​​और माईकॉल ऐप्स के ज़रिए नियमित रूप से अपना योगदान दें। अधिक लोगों की भागीदारी से इस प्लेटफॉर्म पर मौजूद जानकारी का कवरेज और उपयोगिता बेहतर होगी।

प्लेटफ़ॉर्म तक पहुंचें

नेटवर्क अनुभव पोर्टल: https://anubhav.trai.gov.in

अधिक जानकारी के लिए कृपया सुश्री अर्चना अहलावत, सलाहकार (आईटी) से advisorit@trai.gov.in. पर संपर्क कर सकते हैं।

***

पीके/केसी/आरटी/एमकेएस/


(रिलीज़ आईडी: 2332618) आगंतुक पटल : 133
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Telugu , Kannada