रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारत और कनाडा ने अपना पहला रक्षा संवाद आयोजित किया

प्रविष्टि तिथि: 04 NOV 2026 10:30PM by PIB Delhi

भारत-कनाडा रक्षा संवाद का पहला संस्करण 3 नवंबर, 2026 को वर्चुअल माध्यम से आयोजित किया गया। इस बैठक की सह-अध्यक्षता रक्षा मंत्रालय में संयुक्त सचिव (अंतरराष्ट्रीय सहयोग) डॉ. अमित तेलंग और कनाडा के राष्ट्रीय रक्षा विभाग में सहायक उप मंत्री (नीति) श्री स्कॉट मिलर ने की।

इस संवाद में दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी रक्षा नीतियों एवं रणनीतिक दृष्टिकोणों पर विचार साझा किए। इस दौरान द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और मजबूत करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। इसके साथ ही रक्षा औद्योगिक सहयोग, सैन्य एवं तकनीकी सहभागिता तथा रक्षा अनुसंधान और विकास का आपसी जुड़ाव के महत्वपूर्ण क्षेत्र के रूप में उल्लेख किया गया। इन सभी मुद्दों को भविष्य हेतु भारत-कनाडा रक्षा सहयोग की प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है।

इस संवाद के माध्यम से दोनों देशों ने रक्षा एवं रणनीतिक सहयोग को और विस्तार देने की दिशा में नेतृत्व स्तर पर अपनी साझा प्रतिबद्धता दोहराई। इसे 2 मार्च, 2026 को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और कनाडा के प्रधानमंत्री श्री मार्क कार्नी द्वारा जारी संयुक्त बयान में भी व्यक्त किया गया था।

दोनों पक्षों ने रक्षा साझेदारी को व्यापक और सशक्त बनाने के लिए ठोस परिणाम हासिल करने के विभिन्न उपायों पर चर्चा की। इस दौरान क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी आपसी विचार साझा किए गए। दोनों देश द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए विचार-विमर्श और प्रस्तावों पर आगे की कार्य योजना हेतु लगातार संपर्क बनाए रखने पर सहमत हुए।

*****

पीके/केसी/आरटी/एनके


(रिलीज़ आईडी: 2332838) आगंतुक पटल : 167
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu