प्रविष्टि तिथि:
05 NOV 2026 3:13PM by PIB Delhi
विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालयों तथा परमाणु ऊर्जा एवं अंतरिक्ष विभाग में राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह 6 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली के रायसीना रोड स्थित राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र (डीएलसी) अभियान 5 का औपचारिक शुभारंभ करेंगे।
कार्मिक, लोक शिकायत एवं पेंशन मंत्रालय के पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग (डीओपीपीडब्ल्यू) द्वारा आयोजित यह एक महीने का अभियान 30 नवंबर, 2026 तक जारी रहेगा। इसके तहत देशभर के 2,000 से अधिक शहरों और कस्बों को शामिल किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य डिजिटल प्रौद्योगिकी, विशेष रूप से जीवन प्रमाण ऐप के माध्यम से फेस ऑथेंटिकेशन (चेहरा प्रमाणीकरण) की सुविधा का उपयोग करते हुए पेंशनभोगियों के लिए जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया को अधिक सुलभ, सुविधाजनक और निर्बाध बनाना है।
यह अभियान सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी), भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई), इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय (एमईआईटीवाई), पेंशनभोगी कल्याण संघों तथा रक्षा, रेल और डाक सहित प्रमुख मंत्रालयों एवं विभागों के सहयोग से संचालित किया जा रहा है। इसमें राज्य सरकारों के साथ-साथ दूरसंचार विभाग और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) भी सहयोग कर रहे हैं।
इस अभियान में 80 वर्ष और उससे अधिक आयु के अति वरिष्ठ पेंशनभोगियों, महिला पेंशनभोगियों तथा स्वास्थ्य संबंधी कठिनाइयों का सामना कर रहे पेंशनभोगियों की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आयु या शारीरिक अस्वस्थता के कारण अभियान स्थलों तक पहुंचने में असमर्थ पेंशनभोगियों के लिए उनके घर पर ही सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की जाएगी।
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान डॉ. जितेंद्र सिंह राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अभियान 4.0 के तहत हासिल की गई उपलब्धियों और शुरू की गई पहलों का दस्तावेजीकरण करने वाली संकलन पुस्तिका (कम्पेंडियम बुकलेट) और कॉफी टेबल ई-बुक का भी विमोचन करेंगे।
इस शुभारंभ कार्यक्रम में पेंशनभोगी संघों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ भाग लेने वाले मंत्रालयों, विभागों, बैंकों और अन्य संबंधित संगठनों के वरिष्ठ अधिकारियों के शामिल होने की संभावना है।
***
पीके/केसी/आरटी/एसकेएस/एसके