वस्‍त्र मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

वस्‍त्र मंत्रालय ने 'विशेष अभियान-6' सफलतापूर्वक संपन्न किया, स्वच्छता और स्थिरता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धियां अर्जित

प्रविष्टि तिथि: 05 NOV 2026 3:38PM by PIB Delhi

वस्‍त्र मंत्रालय ने 2 से 31 अक्टूबर 2026 तक 'विशेष अभियान 6' का सफलतापूर्वक आयोजन किया। इसमें मंत्रालय के अधीनस्थ कार्यालयों, स्वायत्त निकायों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता को बढ़ावा देना, प्रशासनिक कार्यक्षमता में सुधार करना, लंबित कार्यों को कम करना, रिकॉर्ड प्रबंधन को सुदृढ़ करना और कचरे के टिकाऊ निपटान को प्रोत्साहित करना था। 'विशेष अभियान 6' में वस्‍त्र मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले सभी कार्यालयों और संगठनों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इन संगठनों ने स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण कार्यक्रम, कबाड़ का निपटान, ई-कचरा प्रबंधन, रिकॉर्ड प्रबंधन और अन्य कई कार्यकलाप किए, जिससे इस अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान मिला। साथ ही, प्रभावी योजना, समन्वय और निगरानी सुनिश्चित करने के लिए, उप महानिदेशक की अध्यक्षता में तीन सदस्यों वाली एक विशेष समिति का गठन किया गया।

इस अभियान के तहत, मंत्रालय और उससे जुड़े संगठनों ने कबाड़ के निपटान से 10,15,814 रुपये का राजस्‍व अर्जित किया और कार्यालय की 44,025 वर्ग फुट जगह रिक्‍त कराई। समीक्षा की गई 20,950 वास्‍तविक फाइलों में से 8,080 फाइलों को हटा दिया गया, जबकि 6,727 ई-फाइलों की समीक्षा की गई और उनमें से 996 को बंद कर दिया गया। 242 स्थानों पर स्वच्छता गतिविधियां चलाई गईं। मंत्रालय ने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप, जन-शिकायतों और उनसे जुड़ी अपीलों का शतप्रतिशत निपटान किया। इसके अलावा, 26 संसदीय आश्वासनों में से 9 के कार्यान्वयन की रिपोर्ट संसदीय कार्य मंत्रालय को भेज दी गई।

ई-कचरा प्रबंधन पहल के तहत, अब तक 3,62,096 रुपये का राजस्‍व प्राप्त हुआ है। शेष अनुमानित आय की वसूली की प्रक्रिया चल रही है, जो शीघ्र ही प्राप्त हो जाएगी।

'विशेष अभियान 6' के तहत वस्‍त्र मंत्रालय द्वारा की गई महत्वपूर्ण गतिविधियां

पर्यावरण के प्रति जागरूकता और कार्यालय परिसर में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए कई पहलें की गईं। इस अभियान की शुरुआत 2 अक्टूबर 2026 को एनआईएफटी दिल्ली में वृक्षारोपण कार्यक्रम के साथ हुई। इसका उद्घाटन वस्‍त्र सचिव ने वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किया।

एनआईएफटी दिल्ली में स्वच्छता और साफ-सफाई से जुड़ी गतिविधियों के साथ गांधी जयंती मनाई गई

'विशेष अभियान 6' के तहत, वस्‍त्र मंत्रालय ने अधिकारियों और कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा और सुरक्षित डिजिटल तौर-तरीकों के महत्व के प्रति जागरूक करने के लिए एक 'साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यशाला' आयोजित की। इस सत्र में उभरते साइबर खतरों, फ़िशिंग और अन्य ऑनलाइन जोखिमों, पासवर्ड सुरक्षा, डिजिटल जानकारी को सुरक्षित तरीके से संभालने और आधिकारिक आईटी प्रणालियों के जिम्मेदार उपयोग पर ध्यान केंद्रित किया गया। इस पहल का उद्देश्य साइबर सुरक्षा के स्तर को सुदृढ़ करना, कर्मचारियों के बीच जागरूकता बढ़ाना और मंत्रालय तथा इसके अधीनस्थ संगठनों में सुरक्षित डिजिटल कार्य-वातावरण को बढ़ावा देना था।

 

'विशेष अभियान 6' के अंतर्गत, वस्त्र मंत्रालय ने ई-कचरे की पहचान, संग्रह, पृथक्करण और व्यवस्थित निपटान के माध्यम से इसके प्रभावी प्रबंधन पर विशेष बल दिया। विभिन्न कार्यालयों और अधीनस्थ संगठनों को इस अभियान के हिस्से के रूप में ई-कचरे का निपटान करने के लिए प्रोत्साहित किया गया, ताकि यह सुनिश्चित हो सके कि बेकार हो चुके इलेक्ट्रॉनिक सामानों का निपटान पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारीपूर्ण तरीके से किया जाए। ई-कचरे के पर्यावरणीय प्रभावों के बारे में समझ बढ़ाने और अधिकारियों तथा कर्मचारियों के बीच टिकाऊ तौर-तरीकों को प्रोत्साहित करने के लिए जागरूकता गतिविधियां भी आयोजित की गईं; इनमें ई-कचरा प्रबंधन पर एक सत्र, क्विज़ और निबंध प्रतियोगिताएं शामिल थीं।

वस्‍त्र के कचरे के पुन: उपयोग, रीसाइक्लिंग और इसके टिकाऊ प्रबंधन को बढ़ावा देने के लिए, आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय के सहयोग से “टेक्सटाइल्स फॉर टुमॉरो (पुराने वस्त्र, नई संभावनाएं)” नाम की एक विशेष पहल आरंभ की गई। इस पहल को अच्छी प्रतिक्रिया प्राप्‍त हुई और इस अभियान के माध्‍यम से कुल 1003 किलोग्राम वस्‍त्र कचरा (उपयोग के बाद बचा हुआ) इकट्ठा किया गया है।

'अपशिष्‍ट से शिल्‍प' – रचनात्मकता और पुन: उपयोग को बढ़ावा

      एनआईएफटी की रचनात्मक और डिज़ाइन-केंद्रित सोच को दर्शाने वाली एक अनूठी पहल के तहत, संस्थान ने 'अपशिष्‍ट से शिल्‍प' गतिविधि आयोजित की। इसमें दिखाया गया कि कैसे बेकार पड़ी सामग्रियों को उपयोगी और सजावटी वस्तुओं में बदला जा सकता है। रचनात्मक तरीके से तैयार की गई इन वस्तुओं का उपयोग परिसर के कुछ हिस्सों को सजाने के लिए भी किया गया, जिससे पुन: उपयोग, रीसाइक्लिंग और कचरा कम करने के सिद्धांतों को बढ़ावा मिला।

प्रचार और लोक संपर्क

मंत्रालय ने अपने अधीनस्थ संगठनों की उपलब्धियों को उजागर करने के लिए पीआईबी विज्ञप्तियों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से व्यापक प्रचार किया। कुल 12 पीआईबी विज्ञप्तियां और 2,960 सोशल मीडिया पोस्ट जारी किए गए, जिनमें 2,055 स्टैटिक क्रिएटिव पोस्ट और 690 रील्स/शॉर्ट्स शामिल थे। इस अभियान को 2,80,697 रीच/इंप्रेशन मिले और लाइक्स, शेयर व कमेंट्स के जरिए 40,854 एंगेजमेंट प्राप्त हुए।

'विशेष अभियान 6' का सफल समापन, अपने विभिन्न संगठनों के समन्वित प्रयासों के माध्यम से स्वच्छता, संसाधनों के टिकाऊ प्रबंधन, पारदर्शिता और कुशल प्रशासन के प्रति वस्त्र मंत्रालय की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

***

पीके/केसी/आरटी/एसकेजे/पीके


(रिलीज़ आईडी: 2333146) आगंतुक पटल : 71
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu