श्रम और रोजगार मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

ईपीएफओ ने विशेष अभियान 6 सफलतापूर्वक संपन्न किया


ईपीएफओ ने जन शिकायतों के सफल निपटारे, स्वच्छता अभियान और रिकॉर्ड प्रबंधन के निर्धारित सभी लक्ष्य हासिल किए

प्रविष्टि तिथि: 07 NOV 2026 8:06PM by PIB Delhi

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने अक्टूबर 2026 के दौरान आयोजित विशेष अभियान 6 सफलतापूर्वक संपन्न किया। इस अभियान के माध्यम से संगठन ने प्रशासनिक दक्षता, स्वच्छता, पारदर्शिता और बेहतर जनसेवा प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। ईपीएफओ मुख्यालय, प्रशिक्षण अकादमियों, 21 आंचलिक कार्यालयों तथा विभिन्न क्षेत्रीय और जिला कार्यालयों की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान सफल रहा। विभिन्न मानकों पर अभियान की प्रमुख उपलब्धियां इस प्रकार हैं:

  1. 1. जन शिकायतों का निपटारा (पीजी): ईपीएफओ ने 2,05,000 के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 2,36,021 जन शिकायतों का निपटारा किया, जो लक्ष्य से 15.1 प्रतिशत अधिक है। इसमें ईपीएफआईजीएमएस के माध्यम से 1,80,000 के लक्ष्य के मुकाबले 2,02,984 शिकायतों का निपटारा किया गया, जो लक्ष्य से 12.8 प्रतिशत अधिक है। वहीं, सीपीजीआरएएमएस के माध्यम से 33,037 शिकायतों का निपटारा किया गया, जो निर्धारित लक्ष्य से 32.1 प्रतिशत अधिक है।
  2. 2. अपीलों और पीएमओपीजी का निपटारा: ईपीएफओ ने 5,758 के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 10,343 सीपीजीआरएएमएस अपीलों का निपटारा किया, जो लक्ष्य से 88.1 प्रतिशत अधिक है। वहीं, 747 के लक्ष्य के मुकाबले 758 पीएमओपीजी मामलों का निपटारा किया गया, जो लक्ष्य से 5.1 प्रतिशत अधिक है। इसके अलावा, 36 वीआईपी संदर्भों और 2 संसदीय आश्वासनों के निपटारे का निर्धारित लक्ष्य भी हासिल किया गया।
  3. 3. स्वच्छता अभियान का संचालन: ईपीएफओ ने 570 के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 598 स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों की पहचान कर उनका सफलतापूर्वक कायाकल्प किया, जो लक्ष्य से 5 प्रतिशत अधिक है। इसके अतिरिक्त, अभियान के दौरान कार्यालयों का सौंदर्यीकरण, वृक्षारोपण और रक्तदान शिविर भी आयोजित किए गए। साथ ही, 28,300 वर्ग फुट के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले कुल 68,178 वर्ग फुट स्थान खाली कराया गया, जो लक्ष्य से 140.1 प्रतिशत अधिक है।
  4. 4. अभिलेख प्रबंधन: ईपीएफओ ने 28,770 के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले कुल 41,875 भौतिक फाइलों की समीक्षा की, जो लक्ष्य से 45.6 प्रतिशत अधिक है। वहीं, 1,277 के लक्ष्य के मुकाबले 1,383 फाइलें राष्ट्रीय अभिलेखागार को हस्तांतरित की गईं, जो लक्ष्य से 8.3 प्रतिशत अधिक है। इसके अतिरिक्त, 109 के लक्ष्य के मुकाबले 517 भौतिक फाइलों को हटाने के लिए चिह्नित किया गया, जबकि 82 के लक्ष्य के मुकाबले 342 फाइलों को हटाया गया। ई-फाइलों के मामले में, 8,160 के लक्ष्य के मुकाबले 8,355 ई-फाइलों की समीक्षा की गई, जो लक्ष्य से 2.4 प्रतिशत अधिक है। वहीं, 3,000 के लक्ष्य के मुकाबले 3,106 ई-फाइलों को बंद किया गया, जो लक्ष्य से 3.5 प्रतिशत अधिक है।

ईपीएफओ के विभिन्न स्तरों पर अभियान की प्रगति की नियमित रूप से निगरानी की गई। संगठन के विभिन्न कार्यालयों में सामूहिक शपथ ग्रहण कार्यक्रमों और जन शिकायत निवारण अभियानों का भी आयोजन किया गया। जन शिकायतों का निवारण एक सतत प्रक्रिया है। हालांकि, अभियान की अवधि के दौरान शिकायतों का समयबद्ध तरीके से गुणवत्तापूर्ण निपटारा सुनिश्चित किया गया। पीएमओपीजी मामलों के संबंध में, निपटारे के बाद शिकायतकर्ताओं से टेलीफोन के माध्यम से प्रतिक्रिया ली गई। इनमें से अधिकांश शिकायतकर्ताओं ने निपटारे पर संतुष्टि व्यक्त की। इसके अतिरिक्त, सूक्ष्म स्तर पर प्रणालीगत सुधार लागू करने के उद्देश्य से सुधार संबंधी सुझाव भी प्राप्त किए गए। स्वच्छता और अभिलेख प्रबंधन से जुड़ी गतिविधियों ने न केवल कार्यालयों को जनसामान्य के लिए स्वच्छ बनाया है, बल्कि कुशल कार्यालय प्रबंधन के लिए अतिरिक्त स्थान भी उपलब्ध कराया है।

विशेष अभियान 6 का सफल समापन सुशासन, कुशल प्रशासन, कर्मचारियों के कल्याण और नागरिक-केंद्रित सेवा वितरण के प्रति ईपीएफओ की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

पीके/केसी/आरटी/जीके


(रिलीज़ आईडी: 2334077) आगंतुक पटल : 65
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati