सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत क्विज’ में 25,607 से अधिक नागरिकों ने लिया भाग


क्विज में भाग लेने के लिए 25 नवंबर, 2026 तक खुला रहेगा अवसर

अभियान 35.84 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंचा, जिनमें 14.33 करोड़ युवा और 11.32 करोड़ महिलाएं शामिल

शैक्षणिक संस्थानों में 33.57 लाख से अधिक गतिविधियां आयोजित; 39.91 लाख लोगों का उपचार और पुनर्वास; देशभर में सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग (DoSJE) द्वारा समर्थित 755 से अधिक नशामुक्ति केंद्र कार्यरत

46.73 लाख से अधिक नशा मुक्त प्रतिज्ञाएं ली गईं; 2 लाख से अधिक नशा मुक्ति मित्र पंजीकृत

प्रविष्टि तिथि: 10 NOV 2026 6:19PM by PIB Bhopal

ऑनलाइन ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत क्विज’ को उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है। 10 नवंबर, 2026 तक इसमें 25,600 से अधिक नागरिक भाग ले चुके हैं। बढ़ती भागीदारी से नशा मुक्त भारत के निर्माण के सामूहिक प्रयास में, विशेषकर युवाओं की बढ़ती जनभागीदारी का पता चलता है।

यह क्विज 26 अक्टूबर, 2026 को सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान (NMBA) के तहत शुरू किया गया था। इस पहल का उद्देश्य नशे के हानिकारक प्रभावों के बारे में जागरूकता बढ़ाना और नागरिकों, विशेषकर युवाओं को नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रोत्साहित करना है।

 

मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह क्विज 26 अक्टूबर से 25 नवंबर, 2026 तक आयोजित किया जा रहा है और सभी नागरिक इसमें भाग ले सकते हैं।

 

उन्होंने कहा कि इच्छुक प्रतिभागी MY Bharat पोर्टल के माध्यम से क्विज में भाग लेकर इस राष्ट्रव्यापी जागरूकता पहल का हिस्सा बन सकते हैं।

भागीदारी लिंक:

https://mybharat.gov.in/quizzes/yuva/detail/Url9dlIwCinQVSf8lwPB9w/ 

उन्होंने आगे बताया कि 15 अगस्त, 2020 को शुरू किए गए नशा मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य नशे की मांग को कम करने के प्रयासों को मजबूत करना है। इसके लिए नशे की रोकथाम से जुड़ी शिक्षा, जागरूकता, उपचार, पुनर्वास और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा दिया जा रहा है।

 

उन्होंने आगे कहा कि शुरुआत में 272 संवेदनशील जिलों में शुरू किया गया यह अभियान अब देश के सभी जिलों तक पहुंच चुका है।

 

अधिकारी ने बताया कि इस अभियान के तहत अब तक 35.84 करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई गई है, जिनमें 14.33 करोड़ युवा और 11.32 करोड़ महिलाएं शामिल हैं। यह अभियान की व्यापक जागरूकता और जनसंपर्क गतिविधियों को दर्शाता है।

 

अधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत शैक्षणिक संस्थानों में 33.57 लाख से अधिक गतिविधियां आयोजित की गई हैं, जबकि देशभर में सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग (DoSJE) द्वारा समर्थित 755 से अधिक नशामुक्ति केंद्रों के नेटवर्क के माध्यम से 39.91 लाख लोगों का उपचार और पुनर्वास किया गया है।

 

उन्होंने आगे बताया कि अब तक 46.73 लाख से अधिक नशा मुक्त प्रतिज्ञाएं ली जा चुकी हैं और 2 लाख से अधिक नशा मुक्ति मित्र पंजीकृत हो चुके हैं।

 

अभियान के सातवें वर्ष में प्रवेश करने का उल्लेख करते हुए अधिकारी ने कहा कि इस क्विज का उद्देश्य नशे के हानिकारक प्रभावों के बारे में लोगों की समझ को और मजबूत करना, सही जानकारी के आधार पर निर्णय लेने को बढ़ावा देना और युवाओं को जागरूकता तथा रोकथाम के सक्रिय दूत बनने के लिए प्रोत्साहित करना है।

 

अधिकारी ने आगे कहा कि यह पहल नशा मुक्त भारत और विकसित भारत के दृष्टिकोण को मजबूत करती है। देश के विकास में स्वस्थ व्यक्तियों, परिवारों और समुदायों के महत्व को पहचानते हुए यह पहल आगे बढ़ रही है।

 

विस्तृत जानकारी देते हुए अधिकारी ने बताया कि इस क्विज में 20 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQs) शामिल हैं, जिन्हें प्रतिभागियों को 10 मिनट के भीतर हल करना होगा।

 

उन्होंने कहा कि क्विज सफलतापूर्वक पूरा करके जमा करने वाले प्रत्येक प्रतिभागी को एक भागीदारी प्रमाणपत्र दिया जाता है।

 

उन्होंने आगे बताया कि प्रतिभागी क्विज पूरा होने के बाद सही उत्तर भी देख सकते हैं, जिससे उन्हें नशे की रोकथाम के बारे में अपनी जानकारी बढ़ाने में मदद मिलेगी।

 

इस डिजिटल पहल के महत्व पर जोर देते हुए अधिकारी ने कहा कि मंत्रालय का उद्देश्य सामुदायिक भागीदारी को मजबूत करना, जिम्मेदार विकल्पों को बढ़ावा देना और नागरिकों, विशेषकर युवाओं को नशे के खिलाफ अभियान में योगदान देने के लिए प्रेरित करना है।

 

उन्होंने कहा कि मंत्रालय सभी नागरिकों, विशेषकर युवाओं से 25 नवंबर, 2026 से पहले ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत क्विज’ में भाग लेने और नशा मुक्त भारत के सामूहिक लक्ष्य में सक्रिय योगदान देने की अपील करता है।

***


(रिलीज़ आईडी: 2334765) आगंतुक पटल : 16