प्रविष्टि तिथि:
11 NOV 2026 3:54PM by PIB Delhi
उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन आज मुख्य अतिथि के रूप में थूथुकुडी के वी.ओ. चिदंबरम कॉलेज के प्लैटिनम जुबली समारोह और पूर्व छात्र मिलन कार्यक्रम में शामिल हुए। यह कॉलेज उनका पूर्व शिक्षण संस्थान-अल्मा मेटर है, जहां उन्होंने 1975 से 1978 तक अध्ययन किया था।
उपराष्ट्रपति ने कॉलेज परिसर में स्वतंत्रता सेनानी वी.ओ. चिदंबरम पिल्लई की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और संस्थान की 75वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में एक स्मारक द्वार (कमेमोरेटिव आर्च) का उद्घाटन किया। वे अपनी पुरानी कक्षा में भी गए और 1975–78 बैच के अपने सहपाठियों से बातचीत में कॉलेज के दिनों को आत्मीयता से स्मरण किया।
श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने समारोह को संबोधित करते हुए स्मरण किया कि किस प्रकार इस कॉलेज, यहां के शिक्षकों और यहां मिले शख्सियतों ने उनके नज़रिये को आकार देकर उन्हें बड़े दायित्वों के लिए तैयार किया। उपराष्ट्रपति ने अपने विद्यार्थी जीवन के दौरान मिली शिक्षकों की सीख, परिसर के जीवन और आत्मसात किए मूल्यों को बड़े स्नेह के साथ याद किया।
आपातकाल का स्मरण करते हुए उन्होंने कॉलेज में पढ़ाई के दौरान इसके विरुद्ध चलाए गए आंदोलन में अपनी सहभागिता के बारे में बताया। उन्होंने उस दौर में जेल में बंद लोगों के परिवारों की सहायता के लिए धन जुटाने के अपने प्रयासों को भी याद किया।
उपराष्ट्रपति ने वी.ओ. चिदंबरम पिल्लई को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए इस महान स्वतंत्रता सेनानी के असीम बलिदानों, श्रमिकों के कल्याण के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और स्वतंत्रता संग्राम में उनके चिरस्थायी योगदान का उल्लेख किया।
उपराष्ट्रपति ने राष्ट्रीय एकता पर बल देते हुए कहा कि एकजुट राष्ट्र के रूप में भारत की शक्ति तमिल संस्कृति सहित इसके विविध समुदायों की भाषा, संस्कृति और पहचान की रक्षा करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी मातृभाषा पर गर्व करने के साथ ही राष्ट्रीय चेतना सुदृढ़ करने का आग्रह किया। उन्होंने छात्रों को कई भाषाएं सीखने और तमिल को वैश्विक मंच पर ले जाने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
श्री राधाकृष्णन ने राष्ट्र निर्माण में शिक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए देश भर में उच्च शिक्षण संस्थानों के विस्तार का उल्लेख किया। उन्होंने कॉलेज से आह्वान किया कि वह अपनी विरासत सहेजते हुए नई प्रौद्योगिकी, वैज्ञानिक अनुसंधान और उभरते विषयों को अपनाए जिससे समाज के सभी वर्गों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पहुंचे।
उन्होंने युवाओं से आत्म-अनुशासन विकसित करने, नशीले पदार्थों और अन्य हानि पहुंचाने वाली आदतों से दूर रहने और 2047 तक विकसित भारत भविष्य योजना में योगदान देने का आह्वान किया।
उपराष्ट्रपति ने अपने पूर्व शिक्षण संस्थान की प्रगति देखकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्लैटिनम जुबली को और अधिक उपलब्धियों की दिशा में नए आरंभ का प्रतीक बनना चाहिए।
इस आयोजन में तमिलनाडु के राज्यपाल श्री राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, कॉलेज सचिव श्री ए.पी.सी.वी. चोकलिंगम, प्राचार्य डॉ. सी. वीरबागु, पूर्व छात्र समूह अध्यक्ष श्री ए.वी. मुरुगेसन, कॉलेज के प्रशासक, संकाय सदस्य, पूर्व छात्र और विद्यार्थियों ने भाग लिया।
***
पीके/केसी/आरटी/एकेवी/एसके