पर्यटन मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

गुजरात के एकता नगर में ‘भारत पर्व 2026’ के माध्यम से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविधता हुई प्रदर्शित


प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 30 अक्टूबर, 2026 को किया उद्घाटन; ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ थीम के अंतर्गत यह उत्सव 15 नवंबर, 2026 तक जारी रहेगा


राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) के उत्पादों, पारंपरिक हस्तशिल्प, स्वदेशी कला रूपों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का प्रदर्शन

प्रविष्टि तिथि: 11 NOV 2026 5:43PM by PIB Delhi

भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय द्वारा गुजरात पर्यटन के साथ साझेदारी में तथा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सहयोग से आयोजित ‘भारत पर्व 2026’ गुजरात के एकता नगर में जारी है। यह ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की एकता की भावना को दर्शाने वाली थीम के अंतर्गत भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, जीवंत परंपराओं और विविधता का उत्सव है। इस पर्व का उद्घाटन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के हिस्से के रूप में 30 अक्टूबर, 2026 को किया था। यह उत्सव 15 नवंबर, 2026 तक जारी रहेगा।

 

यह उत्सव देशभर की पारंपरिक कलाओं, हस्तशिल्प, क्षेत्रीय व्यंजनों, लोक परंपराओं, संगीत, नृत्य और स्वदेशी शिल्प कौशल को एक मंच पर प्रस्तुत करता है। इसके माध्यम से आगंतुकों को एक ही स्थान पर भारत की सांस्कृतिक विविधता का अनुभव करने का अवसर मिलता है।

‘भारत पर्व’ का एक प्रमुख आकर्षण थीम पवेलियन है, जिसमें 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों, ‘इनक्रेडिबल इंडिया’ तथा केंद्रीय कुटीर उद्योगों की भागीदारी है। इस पवेलियन में 100 से अधिक ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ओडीओपी) उत्पादों के साथ-साथ पारंपरिक हस्तशिल्प, वस्त्र, चित्रकलाओं, कृषि उत्पादों और अन्य विशिष्ट क्षेत्रीय उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी भारत के विभिन्न क्षेत्रों की कलात्मक उत्कृष्टता और सांस्कृतिक पहचान को उजागर करती है।

ओडीओपी उत्पादों की प्रदर्शनियां इस उत्सव का एक प्रमुख आकर्षण हैं। इनमें भाग लेने वाले राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अपने-अपने क्षेत्रों के विशिष्ट कौशल, पारंपरिक शिल्पकारी और स्थानीय विशेषताओं को दर्शाने वाले उत्पाद प्रस्तुत कर रहे हैं। बारीकी से तैयार किए गए वस्त्रों और हथकरघा उत्पादों से लेकर पारंपरिक चित्रकलाओं, हस्तशिल्प और क्षेत्र विशेष के कृषि उत्पादों तक, ये प्रदर्शनियां आगंतुकों को भारत के विविध स्वदेशी उत्पादों और शिल्प परंपराओं की झलक प्रदान करती हैं। स्थानीय स्तर पर प्रसिद्ध उत्पादों को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करके ‘भारत पर्व’ क्षेत्रीय शिल्प कौशल को व्यापक पहचान दिलाने, पारंपरिक कौशल को बढ़ावा देने और स्थानीय कारीगरों एवं शिल्पकारों द्वारा निर्मित उत्पादों के प्रति लोगों में अधिक सराहना विकसित करने का अवसर प्रदान करता है। ‘इनक्रेडिबल इंडिया’ पवेलियन भी आकर्षक डिजिटल माध्यमों के जरिए देश की विरासत, संस्कृति और त्योहारों को प्रदर्शित करता है।

 

पारंपरिक कारीगरों द्वारा किए जाने वाले जीवंत प्रदर्शन इस उत्सव का एक अन्य प्रमुख आकर्षण हैं। इनके माध्यम से आगंतुकों को भारत के स्वदेशी शिल्प कौशल को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर मिलता है। इन प्रदर्शनों में असम की पारंपरिक मुखौटा निर्माण कला, बिहार की मधुबनी चित्रकला और सिक्की शिल्प, गुजरात की रोगन कला और पारंपरिक चित्रकलाएं, छत्तीसगढ़ की बांस कला, केरल में नारियल के रेशे (कॉयर) से उत्पाद बनाने की कला, ओडिशा की पट्टचित्र चित्रकला और चांदी की फिलिग्री कला, उत्तराखंड की ऐपण चित्रकला और रिंगाल की टोकरियां बुनने की कला तथा जम्मू-कश्मीर की सोजनी कला शामिल हैं। ये प्रदर्शन कारीगरों को अपने कौशल का प्रदर्शन करने और आगंतुकों को पारंपरिक कला रूपों, तकनीकों तथा पीढ़ी-दर-पीढ़ी हस्तांतरित स्वदेशी ज्ञान प्रणालियों से परिचित कराने का मंच प्रदान करते हैं।

इस उत्सव में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की विविध लोक एवं शास्त्रीय परंपराओं को दर्शाने वाली जीवंत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला भी शामिल है। आगंतुक आंध्र प्रदेश का कुचिपुड़ी, असम का बिहू और अन्य लोक नृत्य, गुजरात का गरबा, हरियाणा की पारंपरिक लोक प्रस्तुतियां, केरल का थोल्पावाकूथु, राजस्थान का रावणहत्था वाद्य संगीत, तमिलनाडु के पारंपरिक नृत्य रूपों, जम्मू-कश्मीर का संतूर वादन तथा पश्चिम बंगाल का बाउल लोक संगीत और पुरुलिया छऊ सहित कई अन्य क्षेत्रीय प्रस्तुतियों का आनंद ले रहे हैं। ये सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भारत की सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न अंग रहे संगीत, नृत्य और कलात्मक परंपराओं को जीवंत रूप में प्रस्तुत करती हैं।

23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के क्षेत्रीय व्यंजनों और पारंपरिक पकवानों से सुसज्जित फूड कोर्ट भी इस उत्सव का एक अन्य प्रमुख आकर्षण है। यह आगंतुकों को भारत की विविध खान-पान परंपराओं का अनुभव करने का अवसर प्रदान करता है। राष्ट्रीय होटल प्रबंधन एवं खानपान प्रौद्योगिकी परिषद (एनसीएचएमसीटी) द्वारा संचालित विशेष रूप से तैयार किया गया स्टूडियो किचन, क्षेत्रीय पाक परंपराओं और पारंपरिक भोजन तैयार करने की तकनीकों को प्रदर्शित करने वाले कार्यक्रमों के माध्यम से इस अनुभव को और समृद्ध बनाता है। फूड कोर्ट में प्रतिदिन शाम 5:00 बजे से रात 8:00 बजे तक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भी आयोजन किया जाता है, जिनमें हर दिन 10 राज्यों के कलाकार भाग लेते हैं। इस प्रकार, यहां क्षेत्रीय व्यंजनों, संगीत और नृत्य का जीवंत समागम देखने को मिलता है।

 

 

 

भारत की सांस्कृतिक विविधता का उत्सव मनाने के साथ-साथ ‘भारत पर्व’ क्षेत्रीय उत्पादों को प्रदर्शित करने, स्वदेशी कला रूपों को बढ़ावा देने तथा पारंपरिक कारीगरों, शिल्पकारों और कलाकारों को देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले दर्शकों के निकट लाने के लिए एक साझा मंच प्रदान करता है। यह उत्सव पर्यटन के अनुभवों को समृद्ध बनाने और विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को प्रदर्शित करने में स्थानीय परंपराओं, शिल्प और खान-पान की भूमिका को भी रेखांकित करता है।

‘भारत पर्व 2026’ सांस्कृतिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करके, राष्ट्रीय एकता को बढ़ावा देकर और विविधता में एकता का उत्सव मनाकर ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को निरंतर सुदृढ़ कर रहा है। यह उत्सव गुजरात के एकता नगर में 15 नवंबर, 2026 तक आगंतुकों के लिए खुला रहेगा।

 

***

 

 

पीके/केसी/आरटी/एसकेजे/केएस


(रिलीज़ आईडी: 2335152) आगंतुक पटल : 34
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Gujarati