सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

हाशिए से नेतृत्व तक


तेलंगाना और दिल्ली की छह महिलाओं की प्रेरणादायक यात्रा – नमस्ते योजना के अंतर्गत सुरक्षित आजीविका, उद्यमिता और सामुदायिक नेतृत्व के माध्यम से सशक्तिकरण की मिसाल

प्रविष्टि तिथि: 11 NOV 2026 6:30PM by PIB Delhi

स्वच्छता और कचरा प्रबंधन के क्षेत्र में काम करने वाली महिलाएं अब तेजी से उद्यमी, निर्णयकर्ता और सामुदायिक प्रमुख के रूप में उभर रही हैं। यह दर्शाता है कि संस्थागत सहायता, मशीनीकरण और आजीविका के अवसरों तक पहुंच से उनका सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण हो सकता है।

तेलंगाना और दिल्ली की छह महिलाओं की प्रेरणादायक यात्रा इस बदलाव को दर्शाती है। यह अपने पारंपरिक कार्यक्षेत्र से आगे बढ़कर अपने और अपने समुदाय के लिए अधिक सुरक्षित, स्वतंत्र और सम्मानजनक भविष्य बनाने के उनके संकल्प को दिखाती है।

तेलंगाना के सिरिसिल्ला में पांच महिला सफाईकर्मी अनुषा रेड्डी, कविता गौड़, स्वाति यादव, श्रीलता नायडू और माधवी कुमार (सभी नाम बदले हुए हैं) निजी ठेकेदारों के अंतर्गत सेप्टिक टैंक की सफाई में सहायक के रूप में काम करती थीं। इस काम में शारीरिक मेहनत और जोखिम शामिल थे तथा पेशेवर तरक्की के अवसर भी सीमित थे। उन्हें हर महीने औसतन 15 हजार रुपये की आय होती थी। स्वच्छता सेवाओं में अनुभव होने के बावजूद आर्थिक तंगी और संसाधनों तक सीमित पहुंच के कारण उनके लिए अपना स्वतंत्र उद्यम शुरू करना मुश्किल था।

इन पांचों महिलाओं के जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव तब आया, जब उन्हें स्थानीय स्तर पर आयोजित ऋण मेले के दौरान स्वच्छता उद्यमी योजना (एसयूवाई) की जानकारी मिली। उद्यमी बनने का अवसर पहचानते हुए उन्होंने मिलकर मशीनीकृत स्वच्छता उद्यम स्थापित करने का फैसला किया। योजना के अंतर्गत वित्तीय सहायता से उन्होंने मशीनों से लैस सेप्टिक टैंक खाली करने वाले वाहन खरीदे और सिरिसिल्ला नगर निगम के अंतर्गत स्वच्छता सेवाएं देना शुरू किया। इस तरह वे सफाई सहायकों से सामूहिक रूप से मशीनीकृत स्वच्छता सेवाओं की मालिक और संचालक बन गईं।

मशीनीकरण के माध्यम से महिलाओं ने अधिक सुरक्षित और प्रभावी स्वच्छता कार्य पद्धतियां अपनाईं और जोखिम भरी हाथ से सफाई की विधियों पर निर्भरता कम की। उनकी जिम्मेदारियों में मशीनों से लैस वाहन चलाना, सेप्टिक टैंक खाली करने की सेवाओं का समन्वय करना और अपने उद्यम का प्रबंधन करना शामिल हो गया। इस पहल से उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता मजबूत हुई, पेशेवर आत्मविश्वास बढ़ा और वे अपनी आजीविका की जिम्मेदारी अधिक प्रभावी ढंग से संभालने में सक्षम हुईं।

आज अनुषा, कविता, स्वाति, श्रीलता और माधवी बेहतर स्वच्छता सेवाएं देने के साथ इस क्षेत्र में महिला उद्यमों की संभावनाओं को भी प्रदर्शित कर रही हैं।

इसी तरह सशक्तिकरण और नेतृत्व की एक और कहानी दिल्ली के सीमापुरी में देखने को मिलती है। यह कहानी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज की रहने वाली अनीता (बदला हुआ नाम) की है। शादी के बाद दिल्ली आने पर उन्होंने कचरा बीनने का काम करने वाले अपने पति के साथ कचरा छांटकर परिवार की आर्थिक मदद शुरू की। समय के साथ उन्होंने कचरा प्रबंधन के काम का अनुभव हासिल किया और कबाड़ की एक छोटी दुकान चलाने लगीं। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई।

सामुदायिक नेतृत्व की दिशा में उनकी यात्रा तब शुरू हुई, जब एक संसाधन संगठन ने उन्हें संगठित किया और वे स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) से जुड़ीं। भागीदारी और सामूहिक विकास के प्रति प्रतिबद्धता के कारण वे धीरे-धीरे सामुदायिक प्रनुख के रूप में उभरीं और स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष बन गईं। उनके नेतृत्व कौशल और अनुभव को देखते हुए एक स्थानीय गैर-सरकारी संगठन ने उन्हें वरिष्ठ स्वयं सहायता समूह समन्वयक और सामुदायिक समन्वयक के रूप में काम करने का अवसर दिया। इससे वे अन्य महिलाओं और कचरा बीनने वालों को जानकारी, संसाधन और संस्थागत सहायता उपलब्ध कराने में मदद करने लगीं।

राष्ट्रीय मशीनीकृत स्वच्छता इकोसिस्टम (नमस्ते) योजना से जुड़ने के बाद अनीता को सुरक्षित कार्य परिस्थितियों और सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा की दिशा में और सहायता मिली। योजना के अंतर्गत उन्हें कार्यस्थल पर सुरक्षा का प्रशिक्षण, व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) और आयुष्मान कार्ड मिला। इससे उन्हें सुरक्षित कार्य पद्धतियां अपनाने और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने में मदद मिली। गैर-सरकारी संगठन के साथ काम करने से कचरा बीनने के काम में लगे रहने के बावजूद उन्हें हर महीने 10 हजार रुपये की अतिरिक्त आय भी होने लगी। इससे उनके परिवार की आर्थिक स्थिति और मजबूत हुई।

अपने अनुभवों के आधार पर अनीता अब कचरा बीनने वालों को संगठित करने, सामुदायिक समूहों को मजबूत बनाने और नमस्ते योजना के बारे में जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। वे साथी श्रमिकों को पंजीकरण प्रक्रिया, कार्यस्थल पर सुरक्षा उपायों और उपलब्ध सरकारी लाभों के बारे में जानकारी देती हैं तथा उन्हें औपचारिक सहायता प्रणालियों से जोड़ने में मदद करती हैं। कचरा बीनने वाली महिला से स्वयं सहायता समूह की अध्यक्ष और सामुदायिक समन्वयक बनने तक का उनका सफर दर्शाता है कि अवसरों तक पहुंच, सामूहिक भागीदारी और संस्थागत पहचान से महिलाओं का नेतृत्व मजबूत हो सकता है और वे अपने समुदाय के विकास में योगदान दे सकती हैं।

इन छह महिलाओं की यात्रा स्वच्छता कर्मियों और कचरा बीनने वालों की सुरक्षा, सम्मान तथा सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे प्रयासों के व्यापक प्रभाव को दर्शाती है। जहां तेलंगाना की पांच महिलाओं ने मशीनीकृत स्वच्छता सेवाओं के माध्यम से सामूहिक उद्यमिता की दिशा में कदम बढ़ाया है, वहीं अनीता एक सामुदायिक प्रनुख के रूप में उभरी हैं और साथी श्रमिकों को जानकारी, सरकारी लाभ तथा आजीविका के अवसरों तक पहुंच बनाने में मदद कर रही हैं।

नमस्ते योजना कार्यस्थल पर सुरक्षा, मशीनीकरण, क्षमता निर्माण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़ाव और आजीविका सहायता पर ध्यान देकर अधिक सुरक्षित और समावेशी स्वच्छता व्यवस्था के विकास में योगदान दे रही है। इन प्रयासों से न केवल काम करने की परिस्थितियों में सुधार हो रहा है, बल्कि श्रमिकों को अपने कौशल बढ़ाने, आर्थिक आत्मनिर्भरता मजबूत करने और आर्थिक तथा सामुदायिक विकास में अधिक भागीदारी के अवसर भी मिल रहे हैं।

इन महिलाओं की उपलब्धियां दर्शाती हैं कि महिला सशक्तिकरण केवल व्यक्तिगत आय बढ़ाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें उद्यम का स्वामित्व, सामूहिक निर्णय लेने की क्षमता, नेतृत्व और दूसरों के लिए अवसर सृजित करने की क्षमता भी शामिल है। अपने अनुभव और कौशल को उद्यमिता तथा सामुदायिक भागीदारी में बदलकर ये महिलाएं स्वच्छता और कचरा प्रबंधन के क्षेत्र को अधिक समावेशी और सम्मानजनक बनाने में योगदान दे रही हैं।

स्वच्छता सहायकों से उद्यम की मालिक बनने और कचरा बीनने से सामुदायिक नेतृत्व तक का इन महिलाओं का सफर वित्तीय सहायता, मशीनीकरण, कार्यस्थल पर सुरक्षा उपायों और संस्थागत सहयोग की परिवर्तनकारी क्षमता को दर्शाता है।

नमस्ते और इससे जुड़ी आजीविका संबंधी पहलों के माध्यम से केंद्र सरकार स्वच्छता कर्मियों और कचरा बीनने वालों की सुरक्षा, सम्मान तथा सामाजिक-आर्थिक सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ा रही है। इससे महिलाएं अधिक सुरक्षित, आत्मनिर्भर और समावेशी भारत के निर्माण में योगदान दे रही हैं।

***

पीके/केसी/आरटी/एसके

 


(रिलीज़ आईडी: 2335181) आगंतुक पटल : 59
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil