सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

वयो सम्मान राष्ट्रीय अभियान के तहत नागरिकों से ‘वयो साथी’ स्वयंसेवक के रूप में पंजीकरण करने की अपील


18 वर्ष और उससे अधिक आयु के नागरिक एससीडब्ल्यू समावेश पोर्टल और जीवन ऐप के माध्यम से करा सकते हैं पंजीकरण

स्वयंसेवी पहल का उद्देश्य पीढ़ियों के बीच आपसी जुड़ाव मजबूत करना तथा वरिष्ठ नागरिकों की देखभाल, साथ और सामाजिक समावेश को बढ़ावा देना है

प्रविष्टि तिथि: 10 NOV 2026 8:27PM by PIB Delhi

केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय ने 18 वर्ष और उससे अधिक आयु के नागरिकों से ‘वयो साथी’ पहल के तहत स्वयंसेवक के रूप में पंजीकरण कराने की अपील की है। यह हाल ही में शुरू किए गए ‘वयो सम्मान राष्ट्रीय अभियान’ का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह अभियान अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर पर पीढ़ियों के बीच आपसी जुड़ाव बढ़ाने के लिए शुरू किया गया है।

इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों, युवा पेशेवरों और सामुदायिक स्वयंसेवकों सहित सभी नागरिकों को वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण, सम्मान और सामाजिक समावेश के लिए योगदान देने का अवसर मिलेगा।

‘वयो साथी’ का अर्थ है- सहयोग, जागरूकता, सहायता प्रशिक्षण , स्वास्थ्य और समावेश। इस पहल के तहत पंजीकृत स्वयंसेवक वरिष्ठ नागरिकों के मित्र, सहयोगी और उन्हें विभिन्न सुविधाओं से जोड़ने वाले माध्यम के रूप में काम करेंगे। वे वरिष्ठ नागरिकों के सामाजिक समावेश और उनके समग्र कल्याण में सहयोग देंगे। भागीदारी के लिए स्वयंसेवकों को ‘वयो साथी प्रमाणपत्र’ भी प्रदान किया जाएगा।

मंत्रालय ने सभी पात्र नागरिकों से वयो साथी स्वयंसेवक के रूप में पंजीकरण कराने और अपना समय, कौशल तथा प्रयास समर्पित करने की अपील की है, ताकि ऐसे समावेशी समाज का निर्माण किया जा सके जहां प्रत्येक वरिष्ठ नागरिक को महत्व, सम्मान और सहयोग मिले।

मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस पहल से जुड़ने के इच्छुक नागरिक वरिष्ठ नागरिक कल्याण (SCW) के ‘समावेश’ (SAMAVESH) पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण करा सकते हैं। यह पोर्टल सशक्तीकरण और सामाजिक सद्भाव से जुड़ी विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं के लिए एकल पहुंच व्यवस्था प्रदान करता है।

पंजीकरण के लिए पोर्टल का लिंक है:https://seniorcitizen.dosje.gov.in/vayo-sathi⁠

इसके माध्यम से नागरिक देशव्यापी अभियान का हिस्सा बन सकते हैं, जिसका उद्देश्य विभिन्न पीढ़ियों के बीच संबंधों को मजबूत करना और समाज में वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देना है।उन्होंने बताया कि इच्छुक नागरिक ‘जीवन’ (JEEVAN – Joint Elderly Empowerment & Virtual Assistance Network) मोबाइल ऐप के माध्यम से भी वयो साथी स्वयंसेवक के रूप में पंजीकरण करा सकते हैं और इस पहल में भाग ले सकते हैं।

अधिकारी ने बताया कि इस पहल के तहत स्वयंसेवकों को वरिष्ठ नागरिकों की डिजिटल सेवाओं तक पहुंच बनाने, कल्याणकारी योजनाओं से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने और सामुदायिक सहयोग हासिल करने में मदद करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके अलावा, वरिष्ठ नागरिकों के बीच डिजिटल साक्षरता, साइबर धोखाधड़ी के प्रति जागरूकता, स्वास्थ्य एवं कल्याण और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देना भी इसका उद्देश्य है।

अधिकारी ने बताया कि केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार ने हाल ही में राष्ट्रीय राजधानी में राष्ट्रीय स्तर पर ‘वयो सम्मान राष्ट्रीय अभियान’ की शुरुआत की थी।

इस अभियान का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के अनुभव, बुद्धिमत्ता और ज्ञान को युवा पीढ़ी की ऊर्जा एवं क्षमताओं से जोड़कर विभिन्न पीढ़ियों के बीच एकजुटता को मजबूत करना है।

उन्होंने बताया कि यह अभियान ‘5C’ मॉडल पर आधारित है। इसके पांच प्रमुख आधार हैं-जुड़ना (Connect), बातचीत करना (Converse), मिलकर सृजन करना (Co-create), योगदान देना (Contribute) और निरंतरता बनाए रखना (Continue)।

इसका उद्देश्य विभिन्न पीढ़ियों के बीच निरंतर संवाद और जुड़ाव स्थापित करना है।अधिकारी ने बताया कि इस अभियान के तहत युवा और बुजुर्ग सामुदायिक मंचों तथा शैक्षणिक संस्थानों के माध्यम से एक-दूसरे से जुड़ेंगे, अपने अनुभव और कहानियां साझा करेंगे, संयुक्त गतिविधियों में हिस्सा लेंगे तथा ज्ञान और कौशल का आदान-प्रदान करेंगे। इस तरह की भागीदारी को नियमित सामुदायिक गतिविधि के रूप में जारी रखने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

उन्होंने आगे बताया कि इस अभियान में 12 विषयगत क्षेत्र शामिल किए गए हैं। इनमें प्रमुख हैं- 30 मिनट साथ-साथ, मुझे सिखाइए- मैं आपको सिखाऊंगा, मेरी कहानी, मेरा भारत, डिजिटल दादा-दादी / डिजिटल साथी, पीढ़ियों का स्वास्थ्य एवं कल्याण, सिल्वर स्किल्स – मार्गदर्शक के रूप में वरिष्ठ नागरिक।

इन विषयों का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को साथ और सहयोग प्रदान करना, उनकी मौखिक एवं जीवन से जुड़ी ऐतिहासिक स्मृतियों को संरक्षित करना, डिजिटल साक्षरता बढ़ाना, साइबर धोखाधड़ी के प्रति जागरूकता पैदा करना, स्वास्थ्य एवं कल्याण को प्रोत्साहित करना तथा वरिष्ठ नागरिकों को समाज के मार्गदर्शक और महत्वपूर्ण योगदानकर्ता के रूप में पहचान दिलाना है।

अधिकारी ने बताया कि ‘वयो साथी’ पहल नागरिकों को सरल लेकिन प्रभावशाली गतिविधियों के माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण में योगदान देने का सार्थक अवसर प्रदान करती है। इसके तहत उनके साथ समय बिताना, डिजिटल सेवाओं तक पहुंच बनाने में मदद करना, ज्ञान और कौशल साझा करना तथा सामुदायिक गतिविधियों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना शामिल है।

इस अभियान का लक्ष्य पंचायतों, स्थानीय निकायों, शैक्षणिक संस्थानों और सामुदायिक संगठनों के माध्यम से देश के प्रत्येक गांव और मोहल्ले तक पहुंचना है।

इसके तहत परिवारों, युवा संगठनों, विश्वविद्यालयों, गैर-सरकारी संगठनों, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन और कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े भागीदारों को सक्रिय रूप से भाग लेने और स्वयंसेवकों को जोड़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

मंत्रालय ने ‘वयो सम्मान राष्ट्रीय अभियान’ पर एक पुस्तिका भी जारी की है। इसमें अभियान के उद्देश्यों, क्रियान्वयन की रणनीति, विषयगत गतिविधियों तथा अभियान को आगे बढ़ाने में राज्यों, जिलों और सामुदायिक संस्थानों की भूमिकाओं से संबंधित विस्तृत मार्गदर्शक रूपरेखा दी गई है।

‘वयो सम्मान राष्ट्रीय अभियान’ के माध्यम से मंत्रालय विभिन्न पीढ़ियों के बीच सम्मान, देखभाल, साथ और एकजुटता की मजबूत संस्कृति विकसित करना चाहता है। यह पहल वरिष्ठ नागरिकों को केवल कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थी के रूप में नहीं, बल्कि समाज के सक्रिय योगदानकर्ता, मार्गदर्शक और ज्ञान, संस्कृति एवं सामाजिक अनुभव के महत्वपूर्ण स्रोत के रूप में पहचान देती है।

*****

पीके/केसी/आरटी/एनएम


(रिलीज़ आईडी: 2335271) आगंतुक पटल : 39
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Assamese , Gujarati , Tamil , Telugu , Kannada , Malayalam