सामाजिक न्‍याय एवं अधिकारिता मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

जोखिम से सम्मान तक


पुडुचेरी में श्री मुथुवेल को ‘नमस्ते’ योजना के तहत सुरक्षा एवं गरिमा प्राप्त हुई है और वे अपनी आजीविका भी कमा रहे हैं

प्रविष्टि तिथि: 12 NOV 2026 6:11PM by PIB Delhi

पुडुचेरी के सफाई कर्मचारी, श्री मुथुवेल (बदला हुआ नाम) की यात्रा यह दर्शाती है कि ‘नमस्ते’ योजना ने किस प्रकार कार्यस्थल पर सुरक्षा, आजीविका की सुरक्षा और सामाजिक पहचान को बेहतर बनाने में योगदान दिया है।

‘नमस्ते’ जैसी विभिन्न पहलों के जरिए, भारत सरकार सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराती आ रही है। ये सफाई कर्मचारी देश भर में सार्वजनिक स्वास्थ्य और साफ-सफाई बनाए रखने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की 'नेशनल एक्शन फॉर मैकेनाइज्ड सैनिटेशन इकोसिस्टम' (नमस्ते) योजना देश भर में सफाई कर्मचारियों की पेशेगत सुरक्षा, गरिमा और आजीविका के अवसरों को सुदृढ़ करने का काम जारी रखे हुए है।

इस योजना के सकारात्मक प्रभाव को दर्शाते हुए, पुडुचेरी की ओल्गारेट नगर पालिका के 58 वर्षीय सफाई कर्मचारी श्री मुथुवेल ने बताया कि इस पहल के तहत व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) मिलने और कार्यस्थल पर सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण दिए जाने के बाद, उनके कामकाज  की स्थितियां, स्वास्थ्य और आर्थिक स्थिरता काफी बेहतर हुई हैं।

अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदाय से आने वाले, इस लाभार्थी ने दस वर्ष से भी अधिक समय तक सीवर लाइन की सफाई का काम किया है। कक्षा 5 तक शिक्षित इस व्यक्ति ने अपने चार-सदस्यीय परिवार का भरण-पोषण करने हेतु इसी काम का सहारा लिया। इससे उन्हें  हर महीने लगभग 9,000 से 10,000 रुपये की कमाई हो जाती थी।

सफाई से जुड़ी जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराने के प्रति समर्पित होने के बावजूद, पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के अभाव में उन्हें खतरनाक कचरे, हानिकारक गैसों और काम से जुड़े अन्य स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों का सामना करना पड़ता था। बार-बार होने वाली स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और उनके इलाज के खर्चों ने, नियमित रोजगार एवं आर्थिक स्थिरता को कायम रखने की उनकी क्षमता को और भी प्रभावित किया।

चुनौतियां केवल काम से जुड़े खतरों और आर्थिक कठिनाइयों तक ही सीमित नहीं थीं। साफ-सफाई के काम से जुड़ा सामाजिक कलंक भी उनकी पेशेवर पहचान एवं गरिमा की भावना पर असर डालता था। सुरक्षा के जरूरी संसाधनों तक सीमित पहुंच के कारण वे कामकाज का बेहतर एवं स्वस्थ माहौल चाहते थे ताकि काम से जुड़े जोखिम कम हो सकें और वे अपने परिवार को अधिक वित्तीय सुरक्षा प्रदान कर सकें।

वर्ष 2025 में एक बड़ा मोड़ आया, जब उन्हें ‘नेशनल एक्शन फॉर मैकेनाइज्ड सैनिटेशन इकोसिस्टम’ (नमस्ते) योजना के तहत एक लाभार्थी के रूप में चुना गया। इस योजना के जरिए, उन्हें एक संपूर्ण व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) किट मिली। इस किट में सुरक्षात्मक दस्ताने, गमबूट, ओवरऑल, फेस मास्क और एक सेफ्टी हेलमेट शामिल थे। इसके अलावा, उन्हें सुरक्षित तरीके से सफाई कार्य करने, सुरक्षा उपकरणों के सही उपयोग और काम के दौरान होने वाले खतरों से बचने के उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई।

इस सहायता से उनके रोजाना के कामकाज की दशा में सार्थक सुधार आया। सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और कार्यस्थल पर सुरक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता के कारण, वे अपने कर्तव्यों का बेहतर ढंग से पालन करने में समर्थ हुए। साथ ही, खतरनाक पदार्थों के सीधे संपर्क में आने का खतरा भी कम हो गया। काम करने के सुरक्षित तरीकों को अपनाने से स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं कम हुईं, उपस्थिति बेहतर हुई और वे अपनी पेशेवर जिम्मेदारियों को अधिक निरंतरता के साथ निभाने लगे।

इस उपाय का सकारात्मक प्रभाव उनकी आर्थिक स्थिति पर भी देखने को मिला। उनकी मासिक आय, जो पहले 9,000 से 10,000 रुपये के बीच हुआ करती थी, बढ़कर लगभग 13,000 से 14,000 रुपये हो गई। बेहतर स्वास्थ्य एवं काम पर अधिक नियमित उपस्थिति के कारण वे लगातार काम कर पाए और अपने परिवार की आर्थिक जरूरतों में पहले से कहीं अधिक योगदान दे सके। आय में हुई इस वृद्धि से घर की आर्थिक स्थिति सुदृढ़ हुई और बार-बार होने वाले चिकित्सा संबंधी खर्चों का बोझ भी कम हुआ।

पेशेगत सुरक्षा और आय में वृद्धि के अलावा, इस पहल ने उनके आत्मविश्वास और पेशेवर गरिमा को मजबूत करने में भी योगदान दिया। सुरक्षा उपकरणों की उपलब्धता और संस्थागत सहयोग ने सफाई कर्मचारियों को सार्वजनिक स्वास्थ्य एवं सामुदायिक कल्याण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले लोगों के रूप में मान्यता दिए जाने के महत्व पर बल दिया। इस लाभार्थी ने समुदाय के भीतर अपने काम के लिए पहले से कहीं अधिक सम्मान महसूस किया, जो स्वच्छता से जुड़े कार्यों को अधिक सुरक्षित एवं सम्मानजनक बनाने की दिशा में एक सकारात्मक बदलाव को दर्शाता है।

इस लाभार्थी के लिए, पीपीई किट एक सुरक्षा उपकरण से कहीं बढ़कर थी। इसने उन्हें अपने दायित्वों को निभाने के लिए अधिक आत्मविश्वास दिया, कार्यस्थल पर सुरक्षा के प्रति उनकी समझ को मजबूत किया और उन्हें यह भरोसा दिलाया कि उनके स्वास्थ्य, कल्याण एवं समाज में उनके योगदान का महत्व है।

‘नमस्ते’ योजना का उद्देश्य सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा एवं गरिमा को बढ़ावा देना है। इसके लिए कामकाज से जुड़े खतरों को कम करने, मशीनीकृत सफाई प्रक्रियाओं को प्रोत्साहित करने, और उचित सुरक्षा उपायों तथा संस्थागत सहायता तक उनकी पहुंच को मजबूत करने के प्रयास किए जाते हैं। सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराकर और सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण देकर, यह पहल सफाई कर्मचारियों के लिए कामकाज के स्वस्थ माहौल और बेहतर सामाजिक-आर्थिक अवसरों के निर्माण में योगदान देती है।

*****

पीके/केसी/आरटी/आर /डीए


(रिलीज़ आईडी: 2335607) आगंतुक पटल : 19
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: Urdu , English