प्रधानमंत्री कार्यालय
azadi ka amrit mahotsav

कर्नाटक के मैसूर में 'कॉसमॉस-मैसूर तारामंडल' के उद्घाटन के अवसर पर प्रधानमंत्री के संबोधन का मूल पाठ

प्रविष्टि तिथि: 13 NOV 2026 5:57PM by PIB Delhi

एलारिगू नन्न नमस्कारगलु!

कर्नाटक की राज्यपाल सुधा यादव जी, मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार जी, कैबिनेट में मेरी सहयोगी निर्मला सीतारमण जी, राज्य सरकार में मंत्री बसवराज राय रेड्डी जी, संसद में मेरे साथी यदुवीर कृष्णदत्त चामराज वाडियार जी, सभी scientists, Researchers, Teachers अन्य महानुभाव और मैसूरू के मेरे प्यारे भाइयों और बहनों।

सर्वप्रथम मैं ताई चामुंडेश्वरी को श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं। मैसूरू में एक बार फिर आकर मुझे बहुत खुशी हो रही है। कुछ महीने पहले ही मैं विवेका स्मारका के उद्घाटन के लिए आप सबके बीच आया था। और आज, हम यहां COSMOS प्लैनेटेरियम को राष्ट्र को समर्पित करने के लिए एकत्र हुए हैं। ये दोनों ही अवसर, भारत के संस्कार, हमारी संस्कृति के बारे में गहरा संदेश देते हैं। विवेका स्मारका हमें अपने भीतर झांकने, आध्यात्मिक ज्ञान की खोज करने की प्रेरणा देता है। वहीं COSMOS में आकर, हमारी नजरें आकाश की ओर उठती हैं। हम इस विशाल ब्रह्मांड को जानने, इसके रहस्यों को समझने के लिए प्रेरित होते हैं। ये इस बात का उदाहरण है कि भारत में अध्यात्म और विज्ञान की परंपराएं हमेशा साथ-साथ आगे बढ़ी हैं।

साथियों,

हमारे पूर्वज आकाश का बहुत बारीकी से अध्ययन किया करते थे। उन्होंने तारों और ग्रहों की गति को समझा, उन्होंने कैलेंडर बनाए, सूर्य और चंद्र ग्रहण के समय की गणना की। भारत में आर्यभट्ट, वराहमिहिर, भास्कराचार्य और नीलकंठ सोमयाजी जैसे अनेक महान astronomers हुए। आज जैसे Advanced Instruments और टेक्नोलॉजी, आज जो उपलब्ध है, उस समय नहीं थी। इसके बावजूद, उन्होंने बड़ी-बड़ी खोजें कीं, मुश्किल से मुश्किल Calculations किए।

साथियों,

मैसूरु में ऐसी संस्थाओं के निर्माण की परंपरा रही है, जो ज्ञान की खोज को प्रोत्साहित करती हैं। महाराजा नालवड़ी कृष्णराज वाडियार के समय ही मैसूर यूनिवर्सिटी की स्थापना हुई थी। वाडियार परिवार ने बेंगलुरु में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस की नींव रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इन संस्थानों ने कई पीढ़ियों के विद्यार्थियों और रिसर्चर्स को आगे बढ़ने के अवसर दिए। और आज, जब भारत साइंस के क्षेत्र में एक के बाद एक नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है, तब इस अत्याधुनिक COSMOS प्लैनेटेरियम के रूप में मैसूरु भी, भारत की scientific journey में एक नया चैप्टर जोड़ रहा है। आज ये state-of-the-art COSMOS Planetarium युवाओं और देशवासियों को समर्पित हो रहा है। ये भारत का पहला LED Dome प्लैनेटेरियम है। मुझे अभी–अभी इसमें एक शो देखने का अवसर भी मिला। ये अपने आप में एक अद्भुत अनुभव रहा। मैं इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ एस्ट्रोफिजिक्स, मैसूर यूनिवर्सिटी, सरकार के विभिन्न विभागों और इसके निर्माण से जुड़े सभी लोगों का अभिनंदन करता हूं। देश को इस अवसर की बधाई देता हूं।

साथियों,

हमारे देश में लंबे समय से एक आह्वान चला आ रहा था, जिसका जिक्र अभी निर्मला जी ने अपने भाषण में किया - जय जवान, जय किसान। अटल जी ने इसमें जय विज्ञान और फिर मैंने इसमें जय अनुसंधान भी जोड़ा। 21वीं सदी का भारत इसी विजन को लेकर आगे बढ़ रहा है। और इसमें हमारे देश के युवा बहुत बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले साल भारत ने मुंबई में इंटरनेशनल ओलंपियाड ऑन एस्ट्रोनॉमी एंड एस्ट्रोफिजिक्स का आयोजन किया था। इसमें हमारे युवाओं ने बड़े उत्साह के साथ हिस्सा लिया। और इस साल, इसी ओलंपियाड के अगले एडिशन के लिए भारत के पांच स्टूडेंट्स वियतनाम गए। इनमें से चार ने गोल्ड मेडल जीते और एक ने सिल्वर मेडल जीता। ये पूरे देश के लिए गर्व की बात है।

साथियों,

हमारे young students साइंस के दूसरे क्षेत्रों में भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। इस साल इंटरनेशनल ओलंपियाड में भी भारत के विद्यार्थियों ने बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं। इनमें मैथ्स, फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी जैसे विषय शामिल थे। सभी विद्यार्थियों ने गोल्ड या सिल्वर मेडल जीते। ये भारत के लिए एक रिकॉर्ड उपलब्धि रही है। यानी, जब हमारे युवाओं को अवसर मिलते हैं, जब उन्हें सीखने के लिए जरूरी संसाधन मिलते हैं, टेक्नोलॉजी, टूल्स और संस्थानों का सहयोग मिलता है, तो वो बड़ी उपलब्धियां हासिल करके दिखाते हैं। ये COSMOS प्लैनेटेरियम भी अब उनके सपनों को आकार देने में बहुत मदद करने वाला है।

साथियों,

आज टेक्नोलॉजी दुनिया को बहुत तेजी से बदल रही है। और कोई भी देश इसमें धीमी रफ्तार से चलने का रिस्क नहीं ले सकता। बीते एक दशक में भारत ने एस्ट्रोनॉमी, एस्ट्रोफिजिक्स और स्पेस सेक्टर में अभूतपूर्व गति से काम किया है। हमने देश में नए टेलीस्कोप लगाए हैं, स्पेस एक्सप्लोरेशन के कई कठिन क्षेत्रों में, भारत आज दुनिया के गिने-चुने देशों में शामिल हो गया है। चंद्रयान-3 के माध्यम से इसरो ने, भारत को चंद्रमा के साउथ पोल के पास उतरने वाला, दुनिया का पहला देश बनाया। आदित्य-एल-वन के रूप में भारत को स्पेस में अपनी पहली सोलर ऑब्जर्वेटरी मिली है। पिछले साल ही भारत, स्पेस में डॉकिंग और अनडॉकिंग की क्षमता दिखाने वाला दुनिया का चौथा देश बना है।

साथियों,

इसी दौरान, एक भारतीय ने इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन पर पहुंचकर, नए नए एक्सपेरिमेंट्स भी किए हैं। इस मिशन से मिला अनुभव हमारे अपने ह्यूमन स्पेसफ्लाइट प्रोग्राम, गगनयान के लिए भी उपयोगी हो रहा है।

साथियों,

हमारी सरकार ने स्पेस सेक्टर को ओपन किया। इससे प्राइवेट सेक्टर के लिए नई संभावनाएं बनी हैं। भारत के स्टार्टअप्स को भी अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिला है। आज हमारे युवा अपने रॉकेट लॉन्च कर रहे हैं, सैटेलाइट्स को ऑर्बिट में पहुंचा रहे हैं, और स्पेस सेक्टर में ऐसे अनेक काम कर रहे हैं, जो भारत में पहले कभी नहीं हुए थे। यही नए भारत का साइंटिफिक अप्रोच है, जहां नई खोजों को बढ़ावा मिल रहा है, नई टेक्नोलॉजी विकसित हो रही है, और हमारे युवाओं के लिए नए अवसर बन रहे हैं।

साथियों,

भारत, हमेशा से Humanity First के मंत्र को लेकर आगे चला है। भारत का स्पेस मिशन भी, मानवता के कल्याण के लिए समर्पित रहा है। जैसे हमारे फिशरमेन भाइयों के लिए इसरो ने एक सैटेलाइट कम्युनिकेशन सिस्टम विकसित किया है। इस सिस्टम की मदद से जिन नावों में रिसीवर लगे हैं, तूफान के समय उन तक अधिकारी समय पर अलर्ट पहुंचा सकते हैं। और उनके सुरक्षित किनारे तक लौटने को ट्रैक भी कर सकते हैं।

साथियों,

आपमें से बहुत से लोग ट्रेन की लाइव लोकेशन चेक करते होंगे। इससे पता चलता है कि ट्रेन कहां पहुंची है और स्टेशन पर कब तक आएगी। ये जानकारी इंडियन रेलवे और इसरो द्वारा विकसित रियल टाइम ट्रेन ट्रैकिंग सिस्टम से मिलती है। इसी तरह, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में भी सैटेलाइट डेटा का उपयोग होता है। इसमें खेतों से मिली जानकारी, और सैटेलाइट डेटा की मदद से फसल की पैदावार का अनुमान लगाया जाता है। इसी अनुमान के आधार पर किसानों के इंश्योरेंस क्लेम तय हो रहे हैं। यानी आज हमारी सैटेलाइट्स स्पेस की बुलंदियां छू रही हैं, साथ ही, उनका उपयोग धरती पर लोगों का जीवन बेहतर बनाने में हो रहा है।

साथियों,

Science for Society, यानी समाज के लिए विज्ञान, यही हमारी सोच है। हम देश में रिसर्च और इनोवेशन को लगातार बढ़ावा दे रहे हैं। देश की 10 हजार से अधिक अटल टिंकरिंग लैब्स का लाभ अब तक एक करोड़ से अधिक विद्यार्थियों को मिल चुका है। इन लैब्स में बच्चों को अपने आइडियाज पर काम करने, नए एक्सपेरिमेंट्स करने और इनोवेशन के अवसर मिल रहे हैं।

साथियों,

रिसर्च को आगे बढ़ाने के लिए जरूरी है कि हमारे स्टूडेंट्स और रिसर्चर्स को दुनिया की बेहतरीन रिसर्च तक पहुंच मिले। इसी उद्देश्य से हमने वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन की शुरुआत की। अब देश के एजुकेशनल और रिसर्च इंस्टीट्यूट्स को, दुनिया के प्रमुख साइंटिफिक जर्नल्स तक पहुंचने में बहुत मदद मिल रही है। हमने अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन की स्थापना की। इसके जरिए हम ज्यादा से ज्यादा यूनिवर्सिटीज को नई रिसर्च करने में मदद कर रहे हैं।

साथियों,

पिछले साल हमने एक लाख करोड़ रुपए की रिसर्च, डेवलपमेंट और इनोवेशन स्कीम भी शुरू की है, ताकि हमारे देश के रिसर्चर्स को पर्याप्त फंड मिलता रहे। इससे नई टेक्नोलॉजी को लैब से निकालकर practical use तक पहुंचाने में मदद मिल रही है।

साथियों,

आज देश में साइंस और रिसर्च के लिए एक मजबूत इकोसिस्टम बन रहा है। साइंस के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए युवाओं के मन में जिज्ञासा होना बहुत जरूरी है। और इस जिज्ञासा को जगाने में प्लैनेटेरियम और साइंस सेंटर्स की महत्वपूर्ण भूमिका है। मेरा COSMOS से जुड़े सभी लोगों से आग्रह है कि आप इस क्षेत्र ये यहां के स्कूलों और कॉलेजों को वहां ज्यादा से ज्यादा स्टूडेंट्स को वहां आने का कार्यक्रम बने, उनको लाने की व्यवस्था हो। जो बच्चे यहां ब्रह्मांड के बारे में जानने के लिए आएंगे, हो सकता है कि उनमें से कुछ, एक दिन यहां वापस आएं, और हमें बताएं कि उन्होंने ब्रह्मांड के बारे में क्या नई खोज की है। और यही इस COSMOS प्लैनेटेरियम की सबसे बड़ी सफलता होगी। इसी विश्वास के साथ, आप सभी को आगे की यात्रा की शुभकामना देता हूं। आप सभी को मेरी तरफ से अनेक-अनेक शुभकामनाएं हैं। आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।

****

MJPS/SS/ST/RK


(रिलीज़ आईडी: 2335950) आगंतुक पटल : 67
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu