प्रविष्टि तिथि:
13 NOV 2026 6:52PM by PIB Delhi
पुडुचेरी की ओल्गारेट नगर पालिका में कार्यरत 56 वर्षीय स्वच्छता कर्मी श्री रामासामी (बदला हुआ नाम), जो अन्य पिछड़ा वर्ग समुदाय से आते हैं, उनकी कहानी यह दर्शाती है कि कैसे लक्षित प्रयासों के जरिए स्वच्छता कर्मियों के काम से जुड़े खतरों को कम किया जा सकता है और उनकी आजीविका में सुधार लाया जा सकता है।
नमस्ते योजना के ज़रिए, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय कार्य करने की सुरक्षित स्थितियों, सामाजिक सुरक्षा और सम्मानजनक आजीविका को बढ़ावा दे रहा है। इससे एक अधिक समावेशी, टिकाऊ और मशीनीकृत स्वच्छता तंत्र बनाने में भी मदद मिल रही है।
स्वच्छता कर्मियों के लिए काम की सुरक्षित स्थितियां, व्यावसायिक स्वास्थ्य और सम्मानजनक आजीविका सुनिश्चित करना, एक समावेशी और टिकाऊ स्वच्छता तंत्र बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की नेशनल एक्शन फॉर मैकेनाइज्ड सैनिटेशन इकोसिस्टम (नमस्ते) योजना का उद्देश्य सुरक्षा उपकरणों, सुरक्षा प्रशिक्षण और संस्थागत सहायता के माध्यम से स्वच्छता कर्मियों की सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक-आर्थिक कल्याण को मजबूत करना है।
कई वर्षों तक, श्री रामासामी सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई करने का काम करते थे। इस दौरान अक्सर उनके पास पर्याप्त व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पीपीई) नहीं होते थे, जिससे वे काम से जुड़े खतरों और स्वास्थ्य संबंधी जोखिमों के संपर्क में आते थे।
खतरनाक कामकाजी परिस्थितियों में लंबे समय तक रहने के कारण उन्हें बार-बार त्वचा के संक्रमण, चोटें और शारीरिक तकलीफें झेलनी पड़ीं। स्वास्थ्य संबंधी इन समस्याओं की वजह से अक्सर उनके काम पर जाने में मुश्किलें आती थी, जिससे उनकी कमाई का नुकसान होता था और उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। काम से जुड़ी स्वास्थ्य चुनौतियों के अलावा, उन्हें साफ-सफाई के काम से जुड़े सामाजिक भेदभाव का भी सामना करना पड़ा।
उनके परिवार में चार सदस्य उनकी कमाई पर निर्भर थे, इसलिए स्वास्थ्य संबंधी खर्चों को संभालते हुए घर की आर्थिक स्थिति को स्थिर बनाए रखना एक बड़ी चुनौती थी। इन कठिनाइयों के बावजूद, रामासामी सुरक्षित परिस्थितियों में काम करने, एक स्थिर आजीविका पाने और अपने बच्चों को बेहतर अवसर देने की इच्छा रखते थे।
साल 2025 में उनके जीवन में एक बड़ा मोड़ आया, जब उन्हें नमस्ते योजना के तहत मदद मिली। इस योजना के तहत, उन्हें एक पूरी पीपीई किट दी गई, जिसमें सुरक्षात्मक कपड़े, दस्ताने, सेफ्टी बूट, फेस मास्क और सेफ्टी हेलमेट शामिल थे। इसके साथ ही, उन्हें सीवेज को सुरक्षित तरीके से संभालने, काम के दौरान सुरक्षा, खतरों से बचाव और सुरक्षा उपकरणों के सही इस्तेमाल के बारे में व्यवस्थित प्रशिक्षण भी दिया गया। इसके अलावा, उनके जीवन को और बेहतर बनाने के लिए उन्हें सामाजिक सुरक्षा सहायता से भी जोड़ा गया।

इस पहल की मदद से रामासामी काम करने के सुरक्षित तरीके अपना पाए और उन्हें काम से जुड़े खतरों के बारे में बेहतर समझ मिली। सुरक्षा के लिए सही उपकरणों के मिलने से, उन्हें बार-बार होने वाले त्वचा के संक्रमण और काम के दौरान लगने वाली चोटों में भी कमी आई। इससे उनका स्वास्थ्य भी बेहतर हुआ और वे काम पर अधिक नियमित रूप से जाने लगे।
काम की स्थितियों में सुधार से उन्हें बेहतर आर्थिक स्थिरता भी मिली। उनकी मासिक आय लगभग ₹8,000 से बढ़कर ₹12,000 हो गई, जो कि 50 प्रतिशत की वृद्धि है। काम पर नियमित उपस्थिति और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं में कमी आने के कारण, वे घर के खर्चों और अपने परिवार की जरूरतों को पूरा करने में अधिक योगदान दे पा रहे हैं।
काम की जगह पर बेहतर सुरक्षा, अधिक आर्थिक स्थिरता और साफ-सफाई के सुरक्षित तरीकों के बारे में बढ़ती जागरूकता के चलते, रामासामी के पेशेवर और निजी जीवन में एक सकारात्मक बदलाव आया है। नमस्ते योजना के तहत मिले सहयोग ने उन्हें अधिक आत्मविश्वास के साथ अपना काम जारी रखने में मदद की है और साथ ही अपने परिवार की जरूरतों को पूरा करने की उनकी क्षमता को भी मजबूत किया है।
****
पीके/केसी/आरटी/एनएस