वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने 45वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले 2026 का उद्घाटन किया


श्री गोयल  ने आईआईटीएफ को एक ऐसा मंच कहा जो भारत के राज्यों, व्यवसायों, उत्पादों एवं क्षमताओं को एक साथ लाता है

45वें आईआईटीएफ में 30 राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों ने अपनी खूबियां प्रदर्शित कीं; इसमें 3,500 प्रदर्शकों और 11 देशों की भागीदारी शामिल हैं

अक्टूबर 2026 में भारत का निर्यात अब तक के उच्चतम स्तर पर लगभग 90 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जो मजबूत लचीलेपन एवं विकास को दर्शाता है: श्री गोयल

प्रविष्टि तिथि: 13 NOV 2026 9:44PM by PIB Delhi

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल ने आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में 45वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) 2026 का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने भारतीय व्यवसायों, निर्माताओं, निर्यातकों, कारीगरों एवं उद्यमियों से आह्वान किया कि वे भारत के मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) से प्राप्त होने वाले अवसरों का लाभ उठाएं और अंतर्राष्ट्रीय बाजारों में अपनी उपस्थिति का विस्तार करें। उन्होंने जोर देकर कहा कि विकसित दुनिया के बाजारों में भारतीय वस्तुओं एवं सेवाओं के लिए मार्ग खुलने के साथ, व्यवसायों को इन अवसरों का लाभ उठाना चाहिए और 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने की यात्रा में अपना योगदान देना चाहिए।

उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए, श्री गोयल ने बताया कि अक्टूबर 2026 में भारत का निर्यात अब तक के सबसे उच्चतम स्तर पर लगभग 90 अरब डॉलर तक पहुंच गया है। इसमें लगभग 50 अरब डॉलर का वस्तु निर्यात एवं 40 अरब डॉलर का सेवा निर्यात शामिल है। इसे एक ऐतिहासिक उपलब्धि करार देते हुए श्री गोयल ने कहा कि भारत चालू वर्ष में अपने 1 ट्रिलियन डॉलर के निर्यात लक्ष्य की प्राप्ति की सही दिशा में निरंतर बढ़ रहा है। अक्टूबर तक पहले सात महीनों में निर्यात 570 अरब डॉलर तक पहुंच गया जो कि एक अभूतपूर्व उपलब्धि है।

मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि मौजूदा वर्ष में भारत का अंतरराष्ट्रीय व्यापार 15-16 प्रतिशत की दर से बढ़ेगा। यह वृद्धि ऐसे समय में हो रही है जब विश्व में दो बड़े युद्ध चल रहे हैं और वैश्विक स्तर पर अस्थिरता एवं अनिश्चितता का माहौल है तथा अंतरराष्ट्रीय व्यापार की कुल वृद्धि दर भी सुस्त (लगभग 3.5 प्रतिशत) रहने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि भारत का यह प्रदर्शन उसकी अर्थव्यवस्था की मजबूती, निर्यातकों का विश्वास एवं वैश्विक चुनौतियों का सामना करने में देश के दृढ़ संकल्प तथा आत्म-सम्मान के साथ देश की क्षमता को प्रदर्शित करता है।

श्री गोयल ने कहा कि आईआईटीएफ का 45वां संस्करण भारत के पांच पहलुओं को दर्शाता है जिसमें अर्थव्यवस्था, निर्यात, अवसंरचना विकास, 1.4 अरब भारतीयों द्वारा उत्पन्न मांग और देश की समृद्ध विविधता शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह मेला अब केवल दिल्ली तक सीमित न रहकर एक ऐसे मंच के रूप में विकसित हुआ है जो भारत के विभिन्न राज्यों, व्यवसायों, उत्पादों एवं क्षमताओं को एक मंच पर लाता है।

इस वर्ष मेले में शुरू की गई नई पहलों का उल्लेख करते हुए, मंत्री ने बताया कि 30 से अधिक राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों ने अपनी खूबियों को प्रदर्शित किया है। इसमें 3,500 से ज्यादा प्रदर्शक शामिल हैं और 11 देशों ने हिस्सा लिया है। ‘एक जिला, एक उत्पाद’ पैवेलियन के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों के उत्पादों को दर्शाया जाएगा जो कला, हस्तशिल्प, हथकरघा और खाद्य उत्पादों के क्षेत्र में भारत की क्षमता को उजागर करेंगे।

एक और मुख्य आकर्षण, 'हॉल ऑफ इंस्पिरेशन'  है जिसमें 600 स्टार्टअप और उनके नवाचारों को प्रदर्शित किया जाएगा। आईआईटीएफ मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से आगंतुकों को पूरे मेले के बारे में जानकारी प्राप्त होगी, जिससे उन्हें मेले में घूमने और अपनी रुचि के प्रदर्शकों को खोजने में मदद मिलेगी। श्री गोयल ने बताया कि 'भारत मंडपम' में पूरी प्रदर्शनी काफी बड़े क्षेत्र में फैली हुई है इसलिए इसे पूरी तरह देखने के लिए आगंतुकों को दो से तीन दिन का समय लग सकता है।

केंद्रीय मंत्री ने यह भी कहा कि सरकार जल्द ही 'भारत मंडपम' के विस्तार का अगला चरण शुरू करेगी जिससे प्रदर्शकों के लिए उपलब्ध प्रदर्शनी स्थल लगभग दोगुना हो जाएगा। उन्होंने कहा कि हाल ही में आयोजित प्रदर्शनियों (जिनमें आईआईटीएफ भी शामिल है) की सफलता से पता चलता है कि वर्तमान में मौजूद विस्तारित सुविधाएं भी बढ़ती हुई मांग को पूरा करने के लिए अब पर्याप्त नहीं हैं।

श्री गोयल ने कहा कि अब आईआईटीएफ को पूरी दुनिया में पहुंचाया जाएगा, जिसके लिए भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) कई अंतरराष्ट्रीय मेलों की योजना बना रहा है जिनमें कुछ खास क्षेत्र से जुड़े मेले होंगे, तो कुछ बहु-आयामी मेले होंगे। ये मेले भारतीय वस्तुओं, सेवाओं एवं स्टार्टअप्स को अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करने तथा विकसित देशों एवं अन्य अंतरराष्ट्रीय बाजारों, विशेष रूप से उन बाजारों के साथ जुड़ने का अवसर प्रदान करेंगे, जिनके साथ भारत ने मुक्त व्यापार समझौते किए हैं। उन्होंने व्यवसायों एवं प्रदर्शकों से इन पहलों में सक्रिय रूप से भाग लेने और भारत की वैश्विक भागीदारी में योगदान देने का आह्वान किया।

श्री गोयल ने गुणवत्ता एवं स्थिरता के महत्व पर बल देते हुए कहा कि भारत का ध्यान दो मुख्य पहलुओं ‘गुणवत्ता एवं स्थिरता’ पर केंद्रित होना चाहिए। 'जीरो डिफेक्ट, जीरो इफेक्ट' के सिद्धांत को अपनाने से पूरे देश में समान एवं समावेशी विकास सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि 'मेड इन इंडिया' के हर उत्पाद में उच्च गुणवत्ता दिखनी चाहिए, जिससे अंतरराष्ट्रीय बाजारों में भारत की प्रतिष्ठा और मजबूत हो।

उन्होंने विनिर्माण एवं सेवाओं में उच्च गुणवत्ता वाले मानकों को अपनाने, सतत तौर-तरीकों को लागू करने, चक्रीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने, प्राकृतिक उत्पादों का उपयोग करने और बायोडिग्रेडेबल उत्पादों को अधिक महत्व देने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना आर्थिक विकास सुनिश्चित करने से, भारत अंतरराष्ट्रीय बाजारों पर दबदबा कायम करने की दौड़ में एक वैश्विक विजेता बनकर उभरेगा और अपने लोगों की समृद्धि में सुधार लाएगा। 

भारत की घरेलू अर्थव्यवस्था की बढ़ती शक्ति को रेखांकित करते हुए, श्री गोयल ने हाल के त्योहारी मौसम, जिसमें दीपावाली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज, नवरात्रि, दशहरा और धनतेरस शामिल हैं, के दौरान देखी गई मजबूत कारोबारी गतिविधियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देशभर के दुकानों एवं स्टोरों में ग्राहकों की भारी मांग देखी गई और कारोबारी गतिविधियां बहुत ज्यादा रहीं। अक्टूबर महीने का जीएसटी संग्रह अब तक के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया और उन्होंने विश्वास जताया कि नवंबर में भी रिकॉर्ड संग्रह देखने को मिलेगा।

मंत्री ने कहा कि ये घटनाक्रम भारत की विकास गाथा की मजबूती को दर्शाते हैं, जिसमें अर्थव्यवस्था के हर वर्ग का देश की प्रगति में योगदान है। किसान, मछुआरे, मजदूर, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई), निर्माता, सेवा प्रदाता, कलाकार, कारीगर तथा हथकरघा एवं हस्तशिल्प उत्पादक  सभी विकास एवं आत्मविश्वास का प्रदर्शन कर रहे हैं। पड़ोस की किराना दुकानों और ई-कॉमर्स व्यवसायों से लेकर कारीगरों और बड़े-बड़े ब्रांडों तक, हर क्षेत्र आर्थिक अवसरों के विस्तार से लाभ प्राप्त करने की उम्मीद कर रहा है।

उन्होंने अवलोकन किया कि भारत के युवा उद्यमी और व्यवसाय तेजी से वैश्विक बाजारों तक पहुंच रहे हैं, अपना उत्पादन बढ़ा रहे हैं और एक उज्ज्वल भविष्य की ओर देख रहे हैं। निर्यात के नए अवसरों का उदाहरण देते हुए, उन्होंने अरुणाचल प्रदेश से कीवी का निर्यात (जहां पहले निर्यात न के बराबर था) और कुल्लू से सिंदूरी अनार का निर्यात दुबई में होने का उल्लेख किया। उन्होंने आईआईटीएफ में मौजूद प्रदर्शकों एवं व्यवसायों से आग्रह किया कि वे ऐसे उत्पादों की पहचान करें जिनमें निर्यात की संभावना है और भारत के मुक्त व्यापार समझौतो से मिलने वाले अवसरों का लाभ उठाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार अब खुले हुए हैं और भारतीय व्यवसायों को वहां तक ​​पहुंचने के लिए पहल करनी चाहिए।

श्री गोयल ने कहा कि भारत की विकास यात्रा को देश की युवा आबादी आगे बढ़ा रही है, जो बेहतर जीवन-स्तर, अच्छी शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाएं  तथा अपने कौशल एवं प्रतिभा को निखारने के अधिक अवसरों की आकांक्षा रखती है। उन्होंने बताया कि भारत ने 12 वर्षों में लगभग 50 करोड़ लोगों को अत्यधिक गरीबी से बाहर निकाला है। इससे देश के लोगों में एक उपलब्धि का भाव जगा है और साथ ही एक उज्ज्वल भविष्य की आकांक्षा भी उत्पन्न हुई है।

उन्होंने कहा कि दुनिया में चल रहे संघर्षों एवं अनिश्चितताओं के बावजूद, भारत वैश्विक चुनौतियों का पूरे आत्मविश्वास के साथ सामना कर रहा है और अपना ध्यान व्यापार, आर्थिक विकास एवं अपने नागरिकों की भलाई पर केंद्रित किया हुआ है। उन्होंने इस आत्मविश्वास का श्रेय निर्णायक नेतृत्व और देश की बढ़ती आर्थिक शक्ति को दिया।

भारत की दीर्घकालिक आर्थिक महत्वाकांक्षाओं का उल्लेख करते हुए, केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश की मौजूदा चार ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था का लक्ष्य 2047 तक 30 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनना है, जब भारत अपनी आजादी के 100 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाएगा। उन्होंने कहा कि देश की युवा आबादी, विस्तृत होते कारोबार और बढ़ती निर्यात क्षमताएं 'विकसित भारत' के दृष्टिकोण की प्राप्ति में अहम भूमिका निभाएंगी।

मंत्री ने विकास के साथ-साथ भारत की विरासत एवं परंपराओं को सहेजने के महत्व पर भी बल दिया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के आईआईटीएफ का विषय भारत की यात्रा को बखूबी दर्शाती है क्योंकि विरासत का सम्मान किए बिना विकास अधूरा है। विकसित देशों के अनुभवों की बात करते हुए उन्होंने कहा कि जिन देशों ने समृद्धि प्राप्त की है, उन्होंने अपनी परंपराओं, विरासत एवं संस्कृति को न केवल सुरक्षित रखा है बल्कि उन्हें प्रोत्साहन एवं बढ़ावा भी दिया है।

केंद्रीय मंत्री ने नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक परिसर में दुनिया के सबसे बड़े संग्रहालय, 'युगे युगीन भारत संग्रहालय' की स्थापना को हाल ही में दी गई मंजूर का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भारत की विविधता, इसके लंबे इतिहास, हजारों वर्षों से विश्व में इसके योगदान, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं परंपराओं को वैश्विक समुदाय के सामने पेश करने के महत्व को समझा है। इस बात का उल्लेख करते हुए कि एक समय में वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत का योगदान 30 प्रतिशत से अधिक था, श्री गोयल ने कहा कि राष्ट्रों के बीच अपना उचित स्थान पुनः प्राप्त करने एवं 'विकसित भारत' के दृष्टिकोण को साकार करने के लिए, देश के अतीत को समझना एवं पहचानना बहुत आवश्यक है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नॉर्थ ब्लॉक और साउथ ब्लॉक परिसर में विकसित किया जा रहा 'युगे युगीन भारत संग्रहालय' भारत के इतिहास, परंपराओं और विश्व में उसके योगदान को प्रदर्शित करेगा तथा आने वाली पीढ़ियों, विशेषकर देश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

श्री गोयल ने कहा कि 45वां आईआईटीएफ मामूली सुधारों से कहीं आगे बढ़ चुका है और 'विकसित भारत 2047' के दृष्टिकोण की दिशा में एक बड़ी छलांग है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह मेला एक पथ प्रदर्शक बनेगा और भारत द्वारा दुनिया के सामने खुद को पेश करने के तरीके में एक नए युग की शुरुआत करेगा। साथ ही, यह भारतीय वस्तुओं, सेवाओं, कला एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों के साथ जुड़ने के मामले में भी एक नई शुरुआत साबित होगा।

उन्होंने कहा कि आईटीपीओ और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के नेतृत्व में, राज्य सरकारों और केंद्र सरकार के अन्य मंत्रालयों के साथ मिलकर, यानी पूरी सरकार के सम्मिलित प्रयासों से, चल रही पहल के माध्यम से विश्व में भारतीय व्यवसायों एवं उद्यमियों के लिए और अधिक अवसर प्राप्त होंगे।

अपने संबोधन को समाप्त करते हुए श्री गोयल ने 45वें भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले 2026 के शुभारंभ की घोषणा की और सभी हितधारकों से भारत की आर्थिक प्रगति एवं वैश्विक जुड़ाव की यात्रा में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।

*****

पीके/केसी/आरटी/एके

 


(रिलीज़ आईडी: 2336116) आगंतुक पटल : 118
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Tamil