प्रख्यात फिल्म निर्माता अलीना सरबान द्वारा लिखित और निर्देशित बहुभाषी ड्रामा 'आई मैटर' (यू कॉन्टेज) का भारतीय प्रीमियर, 57वें अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में मिड-फेस्ट फिल्म के रूप में होगा। रोमानिया, जर्मनी और बेल्जियम के सह-निर्माण वाली यह 101 मिनट की फिल्म पहचान, परिवार, अपनापन और अतीत की परिस्थितियों से परे एक भविष्य की तलाश को दर्शाती है। रोमानियाई और रोमानी भाषाओं में संवादों वाली यह फिल्म, महोत्सव में एक विशिष्ट यूरोपीय सिनेमाई दृष्टिकोण पेश करती है।
यह फिल्म रेबेका नाम की एक युवा रोमा महिला की कहानी है, जो उस अनाथालय को छोड़ने की तैयारी कर रही है जिसे वह अपना घर मानती थी। अपने पिता के जल्द ही जेल से रिहा होने की उम्मीद में, वह उस परिवार को पाने की कामना करती है, जिसकी उसने हमेशा चाहत रखी थी, ताकि वह अपने जीवन का एक नया अध्याय शुरू कर सके। अभिनय की पढ़ाई के लिए विश्वविद्यालय में दाखिला मिलने से उसे एक नई उम्मीद और अपना भविष्य खुद संवारने का मौका भी मिलता है। हालाँकि, जब वह एक अनजान दुनिया में कदम रखती है, तो उसके अतीत के कुछ अनसुलझे अनुभव फिर से सामने आ जाते हैं, जिससे उसे कई कठिन फैसलों का सामना करना पड़ता है।
रेबेका के सफर के ज़रिए, 'आई मैटर' एक स्थिर पारिवारिक माहौल के बिना बड़े होने की भावनात्मक चुनौतियों, स्वीकार किए जाने की चाहत और समाज में अपनी जगह बनाने के दृढ़ संकल्प को सामने लाती है। एक युवा रोमा महिला के अनुभवों के माध्यम से, यह फिल्म सामाजिक समावेश, गरिमा और व्यक्तिगत स्वतंत्रता जैसे अहम सवालों पर भी बात करती है।

यह फिल्म एक बेहतरीन अभिनेत्री और नाटककार, अलीना सरबान के फीचर फिल्म निर्देशन की शुरुआत है। बुखारेस्ट की नेशनल यूनिवर्सिटी ऑफ थिएटर एंड फिल्म से स्नातक, अलीना ने न्यूयॉर्क यूनिवर्सिटी के टिश स्कूल ऑफ द आर्ट्स और लंदन की रॉयल एकेडमी ऑफ ड्रामेटिक आर्ट से भी प्रशिक्षण लिया है। उनके पिछले कामों में अलोन एट माय वेडिंग, जिसका प्रीमियर कान फिल्म फेस्टिवल में हुआ था और जिप्सी क्वीन शामिल हैं, जिसके लिए उन्हें कई सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री पुरस्कार मिले। उन्होंने हाउसकीपिंग फॉर बिगिनर्स में भी काम किया है, जिसे वेनिस फिल्म फेस्टिवल में दिखाया गया था।
आई मैटर का प्रीमियर सितंबर 2026 में 83वें वेनिस इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल के वेनिस स्पॉटलाइट सेक्शन में हुआ था, जहाँ इसे प्रतिष्ठित अरमानी ब्यूटी ऑडियंस अवार्ड से नवाज़ा गया। फिल्म में डेनिसा फारकास ने रेबेका की मुख्य भूमिका निभाई है। उनके साथ सोरिन मिहाई, एंजेलिना पावेल, वैनेसा डेंसिया, रायसा मिहाई, एलेक्जेंड्रू स्टैंकु, अलीना बेर्ज़ुनतेनु और नतालिया कैलिन भी अहम किरदारों में हैं।
इफ्फी 2026 में मिड-फेस्ट प्रस्तुति के तौर पर, आई मैटर को 24 नवंबर 2026 को शाम 4:30 बजे, पणजी के पीवीआर आईनॉक्स (ऑडी 1) और पोरवोरिम के पीवीआर आईनॉक्स (ऑडी 1) में एक साथ दिखाया जाएगा। फिल्म की निर्देशक अलीना सरबान और मुख्य अभिनेत्री डेनिसा फारकास इस फेस्टिवल में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होंगी। स्क्रीनिंग के दिन पणजी के पीवीआर आईनॉक्स में फिल्म से जुड़े मेहमानों के लिए एक रेड-कार्पेट कार्यक्रम भी रखा गया है।

गोवा में कई जगहों पर 20 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाले 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया में 86 देशों की 150 से अधिक अंतरराष्ट्रीय फिल्में दिखाई जाएंगी। यह फिल्म महोत्सव अपने प्रतिस्पर्धात्मक और गैर प्रतिस्पर्धात्मक श्रेणी, क्यूरेटेड पैकेज, रेट्रोस्पेक्टिव, श्रद्धांजलि और थीम-आधारित प्रदर्शनों के जरिए अलग-अलग शैलियों, देशों और भाषाओं की फिल्मों को एक मंच पर लाएगा, जो विभिन्न संस्कृतियों के आदान-प्रदान और बेहतरीन सिनेमा के लिए एक मंच का काम करेगा।
* * *
पीके/केसी/आरटी/एनएस/एसएस