कुछ यात्राएं प्राकृतिक स्थलों से होकर गुजरती हैं, जबकि कुछ यादों, पहचान और अपनेपन की जटिलताओं के बीच से होकर जाती हैं। इतिहास और बेहद निजी रिश्तों को एक साथ पिरोते हुए, पोलैंड के मशहूर फिल्म निर्माता पावेल पावलिकोव्स्की की फिल्म 'फादरलैंड' (ओज्किज़ना) को 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) की उद्घाटन फिल्म के रूप में चुना गया है। इसके साथ ही गोवा में नौ दिनों तक चलने वाले सिनेमाई उत्सव की शुरुआत होगी।
1949 की गर्मियों की पृष्ठभूमि पर बनी 'फादरलैंड', जब 'शीत युद्ध' अपने चरम पर था, नोबेल पुरस्कार विजेता जर्मन लेखक थॉमस मान और उनकी बेटी एरिका—जो एक अभिनेत्री, लेखिका और रैली ड्राइवर थीं—के बीच के रिश्तों की पड़ताल करती है। अमेरिका में 16 साल के निर्वासन के बाद जर्मनी लौटे थॉमस मान, अपनी बेटी के साथ एक काली 'ब्यूक' कार में एक चुनौतीपूर्ण सफर पर निकलते हैं। उनका यह सफर उन्हें युद्ध से तबाह हुए देश के आर-पार ले जाता है—अमेरिका के प्रभाव वाले फ्रैंकफर्ट से लेकर सोवियत नियंत्रण वाले वीमर तक।
जैसे-जैसे पिता और बेटी बंटे हुए जर्मनी से गुजरते हैं, उनका सामना न केवल संघर्ष से टूटे एक राष्ट्र के स्पष्ट निशानों से होता है, बल्कि उन्हें अपने ही परिवार के भीतर मौजूद गहरी दरारों का भी सामना करना पड़ता है। भावनाओं की कई परतों वाली इस कहानी के जरिए, फिल्म निजी रिश्तों, इतिहास और 'घर' की अवधारणा के बीच के संबंधों को खंगालती है।
सैंड्रा हुलर और हंस ज़िशलर की मुख्य भूमिकाओं वाली यह 82 मिनट की ड्रामा फिल्म पोलैंड, जर्मनी, इटली और फ्रांस के संयुक्त सहयोग से बनी है। श्वेत-श्याम में बनी इस फिल्म का भारत में प्रीमियर 57वें आईएफएफआई में होगा।

'फादरलैंड' के जरिए निर्देशक पावेल पावलिकोव्स्की ने यूरोपीय इतिहास के एक महत्वपूर्ण मोड़ को आधार बनाकर, मानवीय रिश्तों और इतिहास की पड़ताल जारी रखी है। यह फिल्म 2026 में कान, सैन सेबेस्टियन और टेलुराइड समेत प्रमुख अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सवों में दिखाई जा चुकी है। पावेल पावलिकोव्स्की को कान फिल्म महोत्सव में 'सर्वश्रेष्ठ निर्देशक' का पुरस्कार मिला है।
'फादरलैंड' के साथ, 57वें आईएफएफआई की यात्रा उन कहानियों के माध्यम से शुरू होती है, जो भौगोलिक और सांस्कृतिक सीमाओं से आगे जाती हैं। चूँकि सिनेमा अलग-अलग दुनियाओं और दृष्टिकोणों को एक साथ लाता है, इसलिए यह उद्घाटन फिल्म इस साल की थीम, 'कहानियाँ, जो सीमाओं के पार जाती हैं' (स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स) के लिए एक उपयुक्त शुरुआत है।
***
पीके/केसी/आरटी/जेके/एसएस