प्रविष्टि तिथि:
14 NOV 2026 3:10PM by PIB Delhi
भारत ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्नत वैज्ञानिक सहयोग के लिए प्रतिबद्धता दोहराई है। इसके अंतर्गत भारत इटली की 'एलेट्रा सिंक्रोट्रोन ट्रायस्टे' (Elettra Sincrotrone Trieste) में 'एलेट्रा 2.0' कार्यक्रम के अंतर्गत अनुसंधान बीमलाइन्स के पुनर्विकास में सह-भागीदार बनेगा। भारत ने अगले पांच वर्षों (2026-27 से शुरू) में 7 मिलियन यूरो से अधिक निवेश करने का संकल्प लिया है।
यह घोषणा विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), डॉ. जितेंद्र सिंह ने 13 नवंबर 2026 को 'एलेट्रा सिंक्रोट्रोन ट्रायस्टे' के दौरे के समय की। भारत की यह भागीदारी अनुसंधान बुनियादी ढांचे और मानव संसाधन क्षमता के विकास में सहायक होगी, जो भारत और इटली के बीच लंबे समय से चले आ रहे वैज्ञानिक सहयोग में नए और महत्वपूर्ण चरण की शुरुआत है।
इन उन्नत सुविधाओं से रसायन विज्ञान, भौतिकी, उन्नत सामग्री, संरचनात्मक जीव विज्ञान और अन्य वैज्ञानिक क्षेत्रों में अनुसंधान के नए रास्ते खुलेंगे। इससे भारत और अन्य देशों के शोधकर्ताओं को लाभ मिलेगा।
'एलेट्रा 2.0' में भारत की भागीदारी, भारतीय अनुसंधान समूहों और इस इतालवी केंद्र के बीच 25 वर्षों से अधिक समय से चले आ रहे वैज्ञानिक सहयोग का परिणाम है। भारतीय वैज्ञानिक 1998 से ही 'एलेट्रा' में शोध प्रयोग कर रहे हैं और लगातार इसकी सुविधाओं का उपयोग कर रहे हैं। वर्तमान में, इटली के बाद भारत 'एलेट्रा' का दूसरा सबसे बड़ा उपयोगकर्ता है, जो इस केंद्र के साथ भारतीय वैज्ञानिक समुदाय के निरंतर जुड़ाव को दर्शाता है।
इस जुड़ाव का अंदाजा इस बात से भी लगाया जा सकता है कि भारतीय शोध समूहों की ओर से 'एलेट्रा' को 1,100 से अधिक प्रायोगिक प्रस्ताव मिले हैं। प्रस्ताव भेजने वाले देशों में भारत दूसरे स्थान पर है; 54,140 प्रस्ताव भेजने के साथ पहले नंबर पर इटली है और भारत 1,098 प्रस्ताव के साथ फ्रांस से आगे है।
'एलेट्रा 2.0' कार्यक्रम के अंतर्गत भारत पर केंद्रित मौजूदा 'XRD2' और 'Xpress' बीमलाइनों को हटा दिया जाएगा और उनकी जगह बेहतर क्षमताओं वाली दो नई बीमलाइनें लगाई जाएंगी। इनमें से एक 'माइक्रो-XRD' (μXRD) होगी, जो मैक्रोमोलेक्यूलर क्रिस्टलोग्राफी के लिए माइक्रोफोकस बीमलाइन है। दूसरी 'एक्सप्रेस सुपरबेंड' (Xpress Superbend - Xpress-SB) होगी, जो उच्च-दबाव विवर्तन के लिए बीमलाइन है।
यह पुनर्विकास कार्य, 'एलेट्रा' में विशेष शोध बुनियादी ढांचे में भारत द्वारा पहले किए गए निवेश को आगे बढ़ाने का अंग है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग ने इटली के साथ मिलकर, लगभग 22 करोड़ रुपये के योगदान से, पहले से मौजूद दो अत्याधुनिक विवर्तन बीमलाइनों - 'XRD2' और 'XPRESS' - के निर्माण में सहयोग दिया था। इन दोनों बीमलाइनों का संयुक्त उद्घाटन 20 अक्टूबर 2016 को किया गया था। उस समय विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव ने इटली का दौरा किया था।
इन बीमलाइनों के शुरू होने के बाद से, भारतीय शोधकर्ताओं ने इनका प्रभावी ढंग से उपयोग किया है। हर साल लगभग 50-60 भारतीय वैज्ञानिक शोध प्रयोग करने के लिए 'ट्रिएस्टे' स्थित इस केंद्र का दौरा करते हैं।
विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग ने 'इंडो-इटैलियन एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम ऑफ कोऑपरेशन' (ईपीओसी) के माध्यम से भी भारतीय शोधकर्ताओं को 'एलेट्रा' तक पहुंच प्रदान करने में मदद की है। ईपीओसी 2022-2024 के तहत, विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग ने तीन वर्षों के लिए 2 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। इससे हर साल 50 भारतीय शोधकर्ताओं को वहां जाने में सहायता मिलेगी और हर सेमेस्टर में 25 दौरे होंगे, ताकि वे 'एलेट्रा' बीमलाइनों पर आवंटित समय में अपने प्रयोग कर सकें।
ईपीओसी 2025-2027 में भारतीय शोधकर्ताओं को इस सुविधा केंद्र में प्रयोग करने में सहायता करने का प्रस्ताव भी शामिल है। इसके लिए तीन वर्षों में 1.5 करोड़ रुपये आवंटित करने का प्रस्ताव है।
विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग पहले ही 'एलेट्रा 2.0' के अंतर्गत भारत-केंद्रित बीमलाइनों के पुनर्विकास में शामिल होने पर सहमति दे चुका है। इस संबंध में आशय-पत्र (एलओआई) पर हस्ताक्षर भी किए गए थे। उस यात्रा के दौरान, भारत ने पांच वर्षों में 7 मिलियन यूरो से अधिक के निवेश का वादा करके 'एलेट्रा 2.0' पहल के लिए प्रतिबद्धता को फिर से दोहराया।
भारत की यह भागीदारी मौजूदा बीमलाइनों के सफल विकास और उपयोग से मिले अनुभव पर आधारित होगी। इसके साथ ही, यह दोनों देशों के बीच वैज्ञानिक सहयोग के अगले चरण के लिए उन्नत अनुसंधान बुनियादी ढांचा तैयार करने में भी सहायता करेगी।
'एलेट्रा 2.0' में शामिल होकर, भारत इतालवी अनुसंधान सुविधा केंद्र के साथ अपने संबंधों को और मजबूत करेगा। इसके साथ ही, यह भारतीय और अंतरराष्ट्रीय शोधकर्ताओं के लिए वैज्ञानिक अनुसंधान के उन्नत और विशिष्ट क्षेत्रों में नए अवसर उपलब्ध कराने में भी सहयोग देगा।




*******
पीके/केसी/आरटी/पीके