वाणिज्‍य एवं उद्योग मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल द्विपक्षीय आर्थिक और व्यावसायिक संबंधों को मजबूत करने के लिए एक आधिकारिक दौरे पर मिस्र की राजधानी काहिरा पहुंचे


श्री पीयूष गोयल ने हेलियोपोलिस वॉर सिमेट्री (युद्ध स्मारक) में भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि दी और काहिरा में भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की

इस दौरे का उद्देश्य भारत-मिस्र रणनीतिक साझेदारी को प्रगाढ़ करना और व्यापार, निवेश तथा औद्योगिक विकास के क्षेत्र में सहयोग का विस्तार करना है

वाणिज्य और उद्योग मंत्री के साथ 130 से अधिक व्यापारिक हस्तियों और स्टार्टअप्स का प्रतिनिधिमंडल भी गया है

प्रविष्टि तिथि: 15 NOV 2026 9:55AM by PIB Delhi

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल 14 नवंबर 2026 को मिस्र के काहिरा पहुंचे। उनके इस आधिकारिक दौरे का उद्देश्य भारत-मिस्र रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना, द्विपक्षीय व्यापार और निवेश संबंधों को प्रगाढ़ करना, तथा दोनों देशों के बीच औद्योगिक और व्यावसायिक सहयोग के नए अवसरों की तलाश करना है।

भारत और मिस्र के बीच ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और लोगों के आपसी संबंधों पर आधारित पुराना रिश्ता है। समय के साथ, यह रिश्ता राजनीतिक, आर्थिक, सुरक्षा और सांस्कृतिक सहयोग वाली बहुआयामी साझेदारी में बदल गया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में, भारत-मिस्र संबंधों को नई गति मिली है। इसके परिणामस्वरूप, दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंध अब 'रणनीतिक साझेदारी' के स्तर पर पहुंच गए हैं, जिसमें आर्थिक क्षेत्र सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने की साझा प्रतिबद्धता शामिल है।

अपनी यात्रा की शुरुआत में, श्री पीयूष गोयल ने काहिरा स्थित हेलियोपोलिस वॉर सिमेट्री (युद्ध स्मारक) में भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि दी और उनके बलिदान तथा योगदान को नमन किया। इस स्मारक स्थल पर दफनाए गए या स्मारक के रूप में 4,000 सैनिकों में से 3,727 भारतीय सैनिक थे। इनमें से लगभग 2,000 सैनिकों ने प्रथम विश्व युद्ध के दौरान और लगभग 1,700 सैनिकों ने द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान अपने प्राणों की आहुति दी थी।

श्री गोयल ने मिस्र में 'इंडियन कम्युनिटी एसोसिएशन' द्वारा आयोजित भारतीय समुदाय के कार्यक्रम को भी संबोधित किया। इस बातचीत के जरिए उन्हें प्रवासी भारतीयों से जुड़ने और दोनों देशों के बीच आर्थिक, सांस्कृतिक तथा आपसी संबंधों को मजबूत करने में उनके योगदान को सराहने का अवसर मिला।

इस अवसर पर, श्री पीयूष गोयल ने भारत-मिस्र संबंधों की मजबूती पर बल दिया। उन्होंने कहा कि लगभग 6.5 अरब अमेरिकी डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार, इन दो प्राचीन सभ्यताओं के बीच साझेदारी की महज एक शुरुआत है। उन्होंने भारतीय समुदाय को दोनों देशों के बीच 'जीवंत सेतु' बताया। इसके साथ ही, उन्होंने मिस्र में काम कर रही लगभग 70 भारतीय कंपनियों के योगदान का जिक्र किया, जिनका निवेश 5 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक है और जो मिस्र के लोगों के लिए प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर उपलब्ध करा रही हैं।

मिस्र में भारतीय समुदाय दोनों देशों के बीच महत्वपूर्ण सेतु के रूप में काम कर रहा है। वह व्यापारिक आदान-प्रदान, पेशेवर सहयोग और व्यापक भारत-मिस्र संबंधों में अपना योगदान दे रहा है।

इस यात्रा के दौरान 'भारत-मिस्र संयुक्त व्यापार समिति' (जेटीसी) का 7वां सत्र, 'भारत-मिस्र संयुक्त व्यापार परिषद' (जेबीसी) की बैठक और 'भारत-मिस्र व्यापार मंच' आयोजित किए जाएंगे। 'भारत-मिस्र संयुक्त व्यापार समिति' के 7वें सत्र की अध्यक्षता 15 नवंबर 2026 को काहिरा में केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री श्री पीयूष गोयल और मिस्र के निवेश एवं विदेश व्यापार मंत्री डॉ. मोहम्मद फरीद सालेह करेंगे।

इस कार्यक्रम में मिस्र के वरिष्ठ मंत्रियों के साथ द्विपक्षीय बैठकें, प्रमुख व्यावसायिक प्रतिनिधियों के साथ बातचीत, और अफ्रीकन एक्सपोर्ट-इंपोर्ट बैंक (एफ्रैक्सिमबैंक), इजिप्शियन जूनियर बिज़नेसमैन एसोसिएशन तथा मिस्र-भारत स्टार्टअप फोरम के साथ बैठकें शामिल होंगी। इन मुलाकातों से द्विपक्षीय आर्थिक सहयोग की समीक्षा करने, व्यापार और निवेश से जुड़े मुद्दों को सुलझाने, और व्यावसायिक साझेदारी के नए रास्ते तलाशने के लिए मंच मिलने की आशा है। इसके साथ ही, इससे द्विपक्षीय व्यापार, निवेश, औद्योगिक सहयोग और नवाचार के संबंधों को नई गति मिलेगी।

 

***

 

पीके/केसी/आरटी/पीके


(रिलीज़ आईडी: 2336453) आगंतुक पटल : 16
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Gujarati