प्रविष्टि तिथि:
15 NOV 2026 3:58PM by PIB Bhopal
केंद्रीय कृषि और किसान कल्याण व ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज इंदौर में आयोजित अखिल भारतीय किरार क्षत्रिय महासभा के 'किरार कुंभ' में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने समाज के वरिष्ठजनों, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों और उपस्थित समाजबंधुओं का अभिनंदन करते हुए समाज की एकता, शिक्षा, युवाओं के रोजगार, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुधार से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से संवाद किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि किरार समाज मेरे जीवन का अभिन्न हिस्सा है। इसी समाज के संस्कारों और माता-पिता के आशीर्वाद ने मुझे जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि प्रतिभाशाली बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी सामूहिक रूप से उठाएं, युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ें और नशे जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए एकजुट होकर प्रयास करें।

किरार समाज मेरे बचपन का झूला, जवानी की फुलवारी और बुढ़ापे की काशी
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, मुझे यह कहते हुए गर्व होता है कि किरार समाज मेरे बचपन का झूला, जवानी की फुलवारी और बुढ़ापे की काशी है। जिस समाज में हमने जन्म लिया, जिसके संस्कारों में पले-बढ़े और जिसके कारण माता-पिता का आशीर्वाद और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली, उस समाज के प्रति हमारा विशेष दायित्व है। उन्होंने कहा कि जीवन में कुछ ऐसे मंत्र हैं, जिन्हें मैं आप सभी के साथ साझा करना चाहता हूं। मैं जैत जैसे छोटे से गांव में किसान परिवार में पैदा हुआ। बचपन से ही मन में कुछ करने की तड़प थी। दादाजी के स्वर्गवास के बाद घर में मिली श्रीमद्भगवद्गीता की प्रति को मैंने तीसरी-चौथी कक्षा में पढ़ने का प्रयास किया। पहली बार पढ़ा तो समझ नहीं आया, फिर दोबारा, तीसरी और चौथी बार पढ़ता रहा। गीता ने मुझे जीवन का सबसे बड़ा संदेश दिया कि जीवन केवल अपने लिए जीने में नहीं है। अपने लिए जिए तो क्या जिए, तू जी ए दिल जमाने के लिए। जो दूसरों के लिए, समाज के लिए, देश के लिए और जनता के लिए जीता है, उसका जीवन ही वास्तव में सार्थक होता है। उन्होंने कहा कि गीता से मुझे यह सीख मिली कि जो काम हमारे हिस्से में आया है, उसे पूरी मेहनत और ईमानदारी से करना चाहिए।

अन्याय के खिलाफ बचपन से ही मन में थी संघर्ष की तड़प
शिवराज सिंह चौहान ने अपने बचपन का एक प्रसंग साझा करते हुए कहा कि जैत गांव में उस समय मजदूरों को बहुत कम मजदूरी दी जाती थी। हरवाए और चरवाहे सुबह से लेकर रात तक काम करते थे और बदले में उन्हें केवल ढाई पाई मजदूरी मिलती थी। एक दिन गांव का एक छोटा चरवाहा देर से आया तो उसे डांट और मार का सामना करना पड़ा। यह देखकर मेरे मन में बहुत पीड़ा हुई। मुझे लगा कि सुबह से रात तक काम कराने के बाद इतनी कम मजदूरी देना अन्याय है। मैंने गांव के मजदूरों को मंदिर में बैठक के लिए बुलाया और उनसे कहा कि अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाओ। अगले दिन गांव में गैस बत्ती लेकर जुलूस निकाला और नारे लगाए कि ढाई पाई नहीं तो काम नहीं, जुलूस जैसे ही घर के पास पहुंचा, कक्का जी डंडा लेकर बाहर आ गए। बाकी मजदूर तो भाग गए, लेकिन मैं फंस गया। उस दिन खूब पिटाई हुई और मुझे भोपाल भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि उस उम्र में भी मन में अन्याय के खिलाफ लड़ने और लोगों के लिए काम करने की तड़प थी। उसी संघर्ष और सेवा की भावना के कारण आज शिवराज सिंह चौहान आपके सामने खड़ा है।
प्रतिभाओं का सम्मान हो, दिसंबर में भोपाल में होगा बड़ा आयोजन
केंद्रीय मंत्री ने किरार समाज की इंदौर इकाई को प्रतिभाओं के सम्मान के लिए आयोजित कार्यक्रम की बधाई देते हुए कहा कि समाज की प्रतिभाओं को पहचानना, उनका सम्मान करना और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देना अत्यंत आवश्यक है। हर जिले में प्रतिभा सम्मान के कार्यक्रम आयोजित होने चाहिए। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती साधना सिंह जी ने भी पूरे देश की प्रतिभाओं के सम्मान के लिए एक बड़ा कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही है। उन्होंने कहा कि पूज्य माताजी के स्वर्गवास के बाद पारिवारिक परंपरा के अनुसार सवा महीने तक घर से बाहर नहीं निकला जाता है, लेकिन केंद्र सरकार में मंत्री होने के कारण मुझे अपने दायित्वों का निर्वहन करना पड़ रहा है। साधना जी ने कहा है कि सवा महीने के बाद वे फिर से कार्यक्रमों में जाना प्रारंभ करेंगी। दिसंबर महीने में भोपाल में समाज की प्रतिभाओं के सम्मान का एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें पूरे देश से प्रतिभाओं को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा।

कोई प्रतिभाशाली बच्चा आर्थिक अभाव में शिक्षा से वंचित न रहे
शिवराज सिंह चौहान ने समाज के लोगों से बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आग्रह करते हुए कहा कि हर बच्चे में बुद्धि, क्षमता, प्रतिभा और योग्यता होती है। कोई भी बच्चा कमजोर नहीं होता। भगवान ने सभी को बुद्धि दी है, जरूरत है तो केवल सही अवसर और प्रोत्साहन की। उचित अवसर मिल जाए तो हमारा हर बच्चा चमत्कार कर सकता है और जीवन में बहुत आगे बढ़ सकता है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रतिभाशाली बच्चे आर्थिक परेशानी के कारण अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ने को मजबूर न हों, यह हम सबकी जिम्मेदारी है। मैं केवल भाषण देने नहीं आया हूं। आज इस मंच से कहना चाहता हूं कि इंदौर में ऐसे मेधावी और प्रतिभाशाली बच्चों की सूची तैयार की जाए, जिनके परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और जो पढ़ाई में आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं। उनकी शिक्षा पूरी कराने में मैं भी सहयोग करूंगा और व्यवस्था बनाने में मदद करूंगा। उन्होंने कहा कि समाज में यदि कोई गरीब, जरूरतमंद या आर्थिक रूप से पिछड़ा है तो उसकी मदद करना हमारा कर्तव्य है। विशेष रूप से बेटा-बेटी की पढ़ाई-लिखाई में सहयोग करना चाहिए। कोई बच्चा कभी यह महसूस न करे कि यदि उसके माता-पिता के पास पैसा होता तो वह भी जीवन में बहुत आगे बढ़ सकता था।
प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए समाज शुरू करे निःशुल्क कोचिंग व्यवस्था
केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि, श्रीमती साधना सिंह जी ने भोपाल में 'संभावना' के नाम से कोचिंग क्लास प्रारंभ की थी, जिसमें समाज के बच्चों के साथ अन्य वर्गों के बच्चे भी पढ़ते थे। मुझे यह बताते हुए खुशी है कि उस कोचिंग के माध्यम से लगभग 100 बच्चों का शासकीय सेवाओं में चयन हुआ। उन्होंने कहा कि वर्तमान में विदिशा में 'मामा कोचिंग क्लास' संचालित की जा रही है। रायसेन और भैरूंदा में भी मामा कोचिंग क्लास प्रारंभ की जा रही हैं। समाज को भी ऐसे बच्चों के लिए निःशुल्क कोचिंग की व्यवस्था करने पर विचार करना चाहिए, जो शासकीय सेवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होना चाहते हैं। प्राइवेट कोचिंग संस्थानों की फीस बहुत अधिक होती है, जिसके कारण गरीब और निम्न मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चे अच्छी कोचिंग प्राप्त नहीं कर पाते। उन्होंने कहा कि समाज के स्तर पर ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जहां प्रतिभाशाली युवाओं को गुणवत्तापूर्ण कोचिंग निःशुल्क उपलब्ध कराई जा सके। समाज के सम्मेलन तभी सार्थक होंगे, जब उनमें विचारों के साथ-साथ ऐसे ठोस काम भी प्रारंभ हों, जिनसे समाज की अगली पीढ़ी का भविष्य बेहतर बने।

युवा केवल नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले भी बनें
केंद्रीय मंत्री ने युवाओं के रोजगार और स्वरोजगार को लेकर कहा कि सरकारी नौकरियों में अवसर सीमित हैं, इसलिए हमें अपने बच्चों को व्यवसाय, उद्योग और स्वरोजगार के लिए भी प्रोत्साहित करना चाहिए। यदि कोई युवा छोटा व्यवसाय करना चाहता है, कोई उद्योग लगाना चाहता है या अपना काम शुरू करना चाहता है तो उसे प्रोत्साहन और सहयोग मिलना चाहिए। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना सहित केंद्र और राज्य सरकार की अनेक योजनाएं हैं, जिनके माध्यम से युवाओं को आर्थिक सहायता और बैंक ऋण उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने समाज के पदाधिकारियों से कहा कि ऐसे युवाओं की सूची तैयार करें, जो अपना व्यवसाय या उद्योग प्रारंभ करना चाहते हैं। उनसे उनकी रुचि और योजना के बारे में जानकारी लें और फिर उन्हें उपयुक्त सरकारी योजनाओं से जोड़ें। जरूरत पड़ने पर बैंक फाइनेंस, प्रशिक्षण और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में भी सहयोग करें। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास होना चाहिए कि समाज के बच्चे केवल नौकरी मांगने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले भी बनें। हमारे युवा उद्यमी बनें और दूसरों को भी रोजगार देने का काम करें।
नशा नाश की जड़ है, समाज को नशामुक्त बनाने का लें संकल्प
केंद्रीय मंत्री ने समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज नशे की आदत लगातार बढ़ती जा रही है। नशा केवल व्यक्ति के शरीर और स्वास्थ्य को ही नष्ट नहीं करता, बल्कि उसकी आर्थिक स्थिति, परिवार और सामाजिक जीवन को भी बर्बाद कर देता है। नशे की आदत लगने के बाद व्यक्ति को सही-गलत का होश नहीं रहता। परिवार में कलह बढ़ती है, बच्चों पर बुरा प्रभाव पड़ता है और घर की सुख-शांति समाप्त हो जाती है। उन्होंने कहा कि नशा नाश की जड़ है। यह धन, संपत्ति, स्वास्थ्य और परिवार सब कुछ बर्बाद कर देता है। मैंने पंजाब में जाकर देखा है कि नशे की वजह से कई परिवार तबाह हो चुके हैं। वहां युवाओं में नशे की गंभीर समस्या है। कुछ युवा इंजेक्शन के माध्यम से नशे के आदी हो जाते हैं और फिर उनकी स्थिति बेहद भयावह हो जाती है। नशे की लत के कारण परिवार के परिवार बर्बाद हो रहे हैं।

उन्होंने समाज के सभी लोगों से दोनों हाथ उठाकर नशामुक्त समाज बनाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह केवल किसी एक व्यक्ति की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि पूरे समाज को मिलकर इस बुराई के खिलाफ खड़ा होना होगा। हमें अपने बच्चों को नशे से दूर रखना है और युवाओं को बेहतर दिशा देनी है।
***