57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में शामिल होने वाले सिनेमा प्रेमियों को एक विशेष सौगात मिलने जा रही है, क्योंकि इस महोत्सव में स्पेनिश सिनेमा की समृद्धि और विविधता का उत्सव मनाया जाएगा। स्पेन को ‘सम्मानित देश’ का दर्जा दिए जाने के साथ ही इफ्फी में विशेष रूप से चयनित चार समकालीन स्पेनिश फिल्में प्रदर्शित की जाएंगी, जिनका प्रीमियर विश्व, एशियाई और भारतीय स्तर पर होगा। फिल्मों के इस प्रदर्शन से दर्शकों को समकालीन स्पेनिश सिनेमा की जीवंतता, रचनात्मकता और निरंतर विकसित होती कहानी कहने की शैली की आकर्षक झलक देखने को मिलेगी।
इस वर्ष इफ्फी में प्रदर्शित होने वाली स्पेनिश फिल्मों की रोचक श्रृंखला में निम्नलिखित फिल्में शामिल होंगी:
बिटर क्रिसमस (अमरगा नविदाद)
दो बार के ऑस्कर विजेता फिल्म निर्माता पेद्रो अल्मोदोवार की वर्ष 2026 की फिल्म में फिल्म निर्माण के दौरान व्यक्तिगत अनुभवों और वास्तविक घटनाओं के इस्तेमाल से जुड़े जोखिमों को दर्शाया गया है। यह फिल्म सवाल उठाती है कि एक ईमानदार कहानी की तलाश में कोई फिल्म निर्माता अपने जीवन के कितने निजी पहलुओं को पर्दे पर उजागर कर सकता है। फिल्म की कहानी राउल नामक एक चर्चित फिल्म निर्माता के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी अगली फिल्म के लिए विचार खोजने के लिए जद्दोजहद कर रहा है। कहानी आगे बढ़ने के साथ वह अपने जीवन में घटी एक दुखद घटना को नई पटकथा की प्रेरणा बनाता है।
इस वर्ष कान, टोरंटो और सैन सेबेस्टियन जैसे प्रतिष्ठित फिल्म महोत्सवों में इस फिल्म का प्रदर्शन किया गया। अब इफ्फी में इसका भारतीय प्रीमियर होने जा रहा है।

लुकिंग फॉर माइकल (पर्सिगिएन्दो आ माइकल)
हवाना मासियास द्वारा निर्देशित वर्ष 2026 की यह फिल्म पार्किंसंस रोग से पीड़ित एक युवती की कहानी बयां करती है। वह जीवन की चुनौतियों और दुखों के आगे हार न मानने तथा साहस के साथ जीवन को अलग अंदाज में जीने का निर्णय लेती है। अपने म्यूजिक थेरेपी समूह के सदस्यों के सहयोग से, जो स्वयं भी इसी बीमारी से पीड़ित हैं, वह प्रसिद्ध अभिनेता माइकल जे. फॉक्स से मिलने के लिए निकल पड़ती है। माइकल जे. फॉक्स स्वयं पार्किंसंस रोग से पीड़ित होने के लिए जाने जाते हैं। इफ्फी 2026 में हास्य-नाट्य शैली की इस फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर होगा।

द बैड सन (एल मल हिजो)
स्पेनिश अभिनेता-निर्देशक जैमी लोरेंते की पहली निर्देशित फिल्म एल मल हिजो का इफ्फी 2026 में एशियाई प्रीमियर होगा। यह फिल्म पीढ़ी-दर-पीढ़ी चले आ रहे मानसिक आघात और पारिवारिक रिश्तों की मार्मिक पड़ताल करती है। इससे पहले सैन सेबेस्टियन अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में प्रदर्शित हो चुकी यह फिल्म एक ऐसे व्यक्ति की कहानी है, जिसे 11 वर्ष की उम्र में उसके पिता छोड़ देते हैं। इसके बाद वह अपनी ऐसी दादी के साथ रहने चला जाता है, जिन्हें वह ज्यादा नहीं जानता। अपनी पीड़ादायक यादों का सामना करते हुए और अपने परिवार के अशांत अतीत की परतें खोलते हुए, वह पीढ़ियों से विरासत में मिले भावनात्मक घावों के इस सिलसिले को तोड़ने का प्रयास करता है।

ट्रिनिडाड
लौरा अल्वेआ और होजे ओर्तुन्यो द्वारा निर्देशित वर्ष 2025 की फिल्म ट्रिनिडाड 19वीं सदी के उत्तरार्ध में एक स्पेनिश युवती के रोमांचक सफर की कहानी है, जो भागकर वाइल्ड वेस्ट पहुँच जाती है। एक अपराध के लिए गलत तरीके से दोषी ठहराए जाने के बाद, वह महिला अपराधियों के एक गिरोह के साथ मिलकर काम करती है और एक ऐसे रोमांचक सफर पर निकल पड़ती है, जिसमें एक्शन, खतरे और बदले की भावना शामिल हैं। इस एक्शन फिल्म का इफ्फी 2026 में वर्ल्ड प्रीमियर होगा।

* * *
पीके/केसी/आरटी/आरके