प्रविष्टि तिथि:
16 NOV 2026 7:53AM by PIB Delhi
आज, मैं राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर 17 नवंबर, 2026 को आयोजित होने वाले 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए मनीला की यात्रा पर रवाना हो रहा हूँ।
आसियान देशों के साथ हमारे संबंध भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति के केंद्र में हैं और हमारे ‘महासागर’ विजन में इनका महत्वपूर्ण स्थान है। सदियों पुराने सभ्यतागत आदान-प्रदान पर आधारित हमारे संबंध आज व्यापार, कनेक्टिविटी, समुद्री सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और जन-जन के बीच संबंधों सहित विभिन्न क्षेत्रों में विस्तृत एक गतिशील साझेदारी के रूप में विकसित हुए हैं।
आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में, मैं हमारी व्यापक रणनीतिक साझेदारी की प्रगति को आगे बढ़ाने तथा विकास, संपर्क और समृद्धि के हमारे साझा लक्ष्यों को नई गति प्रदान करने के लिए अन्य सदस्य देशों के नेताओं के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हूँ।
पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन क्षेत्रीय और वैश्विक चुनौतियों पर संवाद के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। मैं हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और सहयोग को मजबूत करने के संबंध में इसमें भाग लेने वाले नेताओं के साथ विचारों के आदान-प्रदान के लिए उत्सुक हूँ।
मैं फिलीपींस में रह रहे जी जोशीले भारतीय समुदाय के सदस्यों के साथ बात-चीत करने के लिए भी उत्सुक हूँ, जिनका योगदान हमारे दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करता है।
मुझे विश्वास है कि यह यात्रा आसियान के साथ भारत की साझेदारी को नई ऊर्जा प्रदान करेगी तथा शांतिपूर्ण, समृद्ध और सुदृढ़ हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगी।
***
पीके/केसी/आरटी/पीकेपी