रक्षा मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

भारतीय वायुसेना की अनुरक्षण कमान ने आत्मनिर्भरता के साथ परिचालन क्षमता बनाए रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई


13 बेस रिपेयर डिपो ने स्वर्ण जयंती मनाई

प्रविष्टि तिथि: 15 NOV 2026 1:49PM by PIB Delhi

भारतीय वायुसेना के 13वें बेस मरम्मत डिपो ने अपनी गौरवशाली सेवा के 50 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में नई दिल्ली स्थित मानेकशॉ सेंटर में “वायु रक्षा 2040: सेंसर, नेटवर्क और आत्मनिर्भर रखरखाव” विषय पर एक सम्मेलन आयोजित किया। इसकी अध्यक्षता अनुरक्षण कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल यल्ला उमेश वीएसएम, पीएचडी ने की। कार्यक्रम में वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों, पूर्व सैनिकों, रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन, शिक्षा जगत के प्रतिनिधियों और प्रमुख रक्षा उद्योग भागीदारों ने भाग लिया।

वर्ष 1976 में स्थापित बेस मरम्मत डिपो भारतीय वायुसेना की अनुरक्षण व्यवस्था का एक प्रमुख स्तंभ रहा है। यह महत्वपूर्ण रडार और संचार उपकरणों की मरम्मत, पूर्ण जांच एवं नवीनीकरण तथा उनके पूरे सेवा काल के दौरान रखरखाव संबंधी सहायता प्रदान करता है। रडार एवं संचार परियोजना कार्यालय से अपनी विरासत जोड़ने वाले इस डिपो ने पिछले पांच दशकों में महत्वपूर्ण वायु रक्षा प्रणालियों की कार्यक्षमता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने में अहम योगदान दिया है। अपने स्वागत भाषण में डिपो के एयर ऑफिसर कमांडिंग ने इसकी अब तक की यात्रा का उल्लेख किया, पूर्व कर्मियों के योगदान की सराहना की और वायु रक्षा 2040 की बदलती जरूरतों को पूरा करने के लिए स्वदेशी अभियांत्रिकी तथा औद्योगिक क्षमताओं को विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया।

अनुरक्षण कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल यल्ला उमेश ने अपने संबोधन में इस बात पर जोर दिया कि किसी भी वायु रक्षा प्रणाली की वास्तविक प्रभावशीलता उसकी परिचालन उपलब्धता पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि उपकरणों की अभिकल्पना एवं उन्हें सेवा में शामिल करने की प्रक्रिया के दौरान ही उनके दीर्घकालिक रखरखाव और निरंतर कार्यक्षमता सुनिश्चित करने की व्यवस्था को अनिवार्य रूप से शामिल किया जाना चाहिए। अनुरक्षण कमान के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ एयर मार्शल यल्ला उमेश ने स्पष्ट किया कि ‘स्वदेशी रखरखाव क्षमता’ का अर्थ देश के भीतर ही जटिल रक्षा प्रणालियों की खामियों का पता लगाने, उनकी मरम्मत करने और उन्हें दोबारा परिचालन योग्य बनाने की क्षमता विकसित करना है। उन्होंने रक्षा उद्योग जगत के साझेदारों से ऐसे उपकरण विकसित करने का आह्वान किया, जिनकी जांच, मरम्मत व पूरे सेवा काल के दौरान रखरखाव संबंधी सहायता देश में ही उपलब्ध हो सके। इससे रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के लक्ष्य को और मजबूती मिलेगी।

इस संगोष्ठी में विशेषज्ञों ने उभरती प्रौद्योगिकियों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इनमें क्वांटम संवेदन तकनीक, जीवन-चक्र प्रबंधन, वायु रक्षा रडार का आधुनिकीकरण और नेटवर्क-केंद्रित वायु रक्षा प्रणाली शामिल थे।

इस सम्मेलन में टिकाऊ रडार संचालन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के बारे में भी जानकारी दी गई। राष्ट्रीय हरित हाइड्रोजन मिशन और एनटीपीसी की साझेदारी से भारतीय वायुसेना के रडार को संचालित करने के लिए हाइड्रोजन ईंधन सेल तकनीक का सफल प्रदर्शन किया गया। यह पहल दर्शाती है कि स्वच्छ ऊर्जा समाधान परिचालन क्षमता और मजबूती बढ़ाने, ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता हासिल करने तथा वायु रक्षा प्रणालियों की टिकाऊ तैनाती सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण परिचालन परिस्थितियों में इस तकनीक की उपयोगिता और भी महत्वपूर्ण हो जाती है।

पीके/केसी/आरटी/एनके


(रिलीज़ आईडी: 2336732) आगंतुक पटल : 11
इस विज्ञप्ति को इन भाषाओं में पढ़ें: English , Urdu , Marathi , Assamese , Gujarati , Tamil