कृषि एवं किसान कल्‍याण मंत्रालय
azadi ka amrit mahotsav

खेत बचाओ अभियान के तहत काजरी वैज्ञानिकों ने रतकुड़िया, सरगिया एवं  बुरछा गांवों के किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण एवं जैविक प्रमाणीकरण की दी जानकारी

प्रविष्टि तिथि: 16 NOV 2026 5:48PM by PIB Jaipur

 

केन्द्रीय शुष्क क्षेत्र अनुसंधान संस्थान (काजरी), जोधपुर के निदेशक डॉ. एच. एस. जाट के मार्गदर्शन में वैज्ञानिकों की टीम ने ‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत भोपाल गढ़ क्षेत्र के रतकुड़िया गांव का दौरा किया। इस अवसर पर रतकुड़िया सहित निकटवर्ती सरगिया एवं बुरछा गांवों के किसानों ने भी भाग लिया। वैज्ञानिकों ने किसानों से सीधा संवाद स्थापित कर मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित पोषक तत्व प्रबंधन, जैविक एवं प्राकृतिक खेती तथा आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रभावी उपयोग पर विस्तृत चर्चा की। वैज्ञानिकों ने बताया कि मृदा की दीर्घकालिक उत्पादकता बनाए रखने के लिए रासायनिक उर्वरकों का संतुलित उपयोग तथा वैकल्पिक पोषक तत्त्व  स्रोतों को अपनाना आवश्यक है। किसानों को बीजोपचार एवं मृदा में उपयोगी जैविक कारकों के प्रयोग, जैव उर्वरकों, हरी खाद, कम्पोस्ट निर्माण तथा जैविक पदार्थों के माध्यम से मृदा की उर्वरता एवं जैविक सक्रियता बढ़ाने की जानकारी दी गई।इस दौरान जैविक एवं प्राकृतिक खेती की विभिन्न पद्धतियों की जानकारी दी गई। किसानों ने जैविक खेती अपनाने के साथ-साथ जैविक उत्पादों के प्रमाणीकरण की प्रक्रिया में विशेष रुचि दिखाई। वैज्ञानिकों ने जैविक प्रमाणीकरण से संबंधित आवश्यक मानकों, अभिलेखों एवं प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान जीरे की बहुफसली सीड ड्रिल द्वारा कतारबद्ध बुवाई पद्धति का सजीव प्रदर्शन किया गया तथा वैज्ञानिकों ने किसानों के समक्ष मशीन द्वारा जीरे की बुवाई का प्रत्यक्ष प्रदर्शन किया तथा इसके लाभों की जानकारी दी। वैज्ञानिकों ने बताया कि कतारबद्ध बुवाई से बीज की समान गहराई पर बुवाई, उचित कतार दूरी, बेहतर फसल स्थापना, निराई-गुड़ाई में सुविधा तथा बीज एवं अन्य कृषि आदानों का दक्ष उपयोग संभव होता है। इस तकनीक से श्रम की आवश्यकता कम करने तथा जीरे की खेती को अधिक वैज्ञानिक एवं लाभकारी बनाने की संभावनाएं बढ़ती हैं। किसान–वैज्ञानिक संवाद के दौरान किसानों की खेती संबंधी समस्याओं पर भी चर्चा की गई। वैज्ञानिकों ने स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप उन्नत कृषि तकनीकों को अपनाने, मृदा स्वास्थ्य बनाए रखने तथा खेती की लागत कम करने के लिए उपलब्ध संसाधनों के समुचित उपयोग पर जोर दिया। काजरी द्वारा खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों तक वैज्ञानिक जानकारी एवं उन्नत कृषि तकनीकों का प्रभावी प्रसार कर शुष्क क्षेत्र में टिकाऊ, संसाधन-संरक्षण धारित एवं लाभकारी खेती को बढ़ावा देना है।

00000


(रिलीज़ आईडी: 2337034) आगंतुक पटल : 10