प्रविष्टि तिथि:
16 NOV 2026 5:03PM by PIB Delhi
केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने इटली के ट्रिएस्टे स्थित ‘अंतरराष्ट्रीय जेनेटिक इंजीनियरिंग एवं जैव प्रौद्योगिकी केंद्र’ (आईसीजीईबी) के परिसर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने उन्नत अनुसंधान सुविधा केन्द्रों की समीक्षा की तथा केंद्र के नेतृत्व और भारतीय शोधकर्ताओं के साथ परस्पर बातचीत की। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय जैव प्रौद्योगिकी अनुसंधान, वैज्ञानिक प्रशिक्षण और प्रौद्योगिकी विकास में भारत की बढ़ती भागीदारी को रेखांकित किया गया।
आईसीजीईबी के महानिदेशक डॉ. लॉरेंस बैंक्स ने भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों की उपस्थिति में डॉ. जितेंद्र सिंह का स्वागत किया। यात्रा के दौरान डॉ. जितेंद्र सिंह ने जैव प्रौद्योगिकी विकास इकाई की जैव-औषधि उत्पादन एवं प्रशिक्षण सुविधा, नई जैव सुरक्षा स्तर-3 प्रयोगशाला तथा कार्यात्मक कोशिका जीव विज्ञान प्रयोगशाला की उच्च क्षमता वाली स्क्रीनिंग सुविधा का अवलोकन किया। उन्होंने आईसीजीईबी के नेतृत्व और केंद्र में कार्यरत भारतीय शोधार्थियों के साथ भी संवाद किया।
इस यात्रा के दौरान देश के जैव प्रौद्योगिकी अनुसंधान एवं नवाचार इको सिस्टम में आईसीजीईबी के भारतीय कम्पोनेंट के महत्वपूर्ण योगदान को रेखांकित करने का अवसर मिला। विशेष रूप से भारत की बायोई3 नीति के अनुरूप क्षेत्रों में इसके योगदान को प्रदर्शित किया गया। इनमें जैव-आधारित रसायन एवं एंजाइम, जलवायु अनुकूल कृषि, कार्बन कैप्चर एवं उपयोग, सटीक जैव-चिकित्सीय उपचार तथा समुद्री एवं अंतरिक्ष जैव-विनिर्माण शामिल हैं।
भारतीय प्रतिनिधिमंडल के समक्ष प्रदर्शित प्रमुख अनुसंधान पहलों में सूक्ष्मजीव जैव-विनिर्माण के लिए भारत की पहली बायोफाउंड्री, जिसका उद्घाटन डॉ. जितेंद्र सिंह ने किया था, इथेनॉल उत्पादन के लिए एंजाइम एवं यीस्ट प्रणालियों पर अनुसंधान, जैविक कार्बन कैप्चर, जीनोम-संपादित फसलें तथा संक्रामक रोगों के विरुद्ध मोनोक्लोनल एंटीबॉडी का विकास शामिल हैं। ये सभी क्षेत्र भारत में आईसीजीईबी नेटवर्क के माध्यम से किए जा रहे जैव प्रौद्योगिकी अनुसंधान और प्रौद्योगिकी विकास के व्यापक दायरे को दर्शाते हैं।
‘अंतरराष्ट्रीय जेनेटिक इंजीनियरिंग एवं जैव प्रौद्योगिकी केंद्र’ एक अंतरराष्ट्रीय अंतर-सरकारी अनुसंधान संगठन है, जो जेनेटिक इंजीनियरिंग, जैव प्रौद्योगिकी और जीवन विज्ञान के क्षेत्र में उन्नत अनुसंधान, उच्च शिक्षा, प्रशिक्षण तथा प्रौद्योगिकी हस्तांतरण में उत्कृष्टता को बढ़ावा देता है। ट्रिएस्टे, नई दिल्ली और केप टाउन में स्थित अपने कम्पोनेंट के माध्यम से आईसीजीईबी अपने अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क में अनुसंधान, प्रशिक्षण और प्रौद्योगिकी विकास को कनेक्ट करता है।
आईसीजीईबी के कार्यकलापों में भारत की महत्वपूर्ण भागीदारी है। भारत सरकार का जैव प्रौद्योगिकी विभाग (डीबीटी), नई दिल्ली स्थित कम्पोनेंट में अनुसंधान एवं विकास कार्यक्रमों, नवाचार संवर्धन तथा मानव संसाधन विकास को सहयोग प्रदान करता है। भारत में केंद्र का कार्य आणविक चिकित्सा, टीके, निदान तकनीक, पादप जैव प्रौद्योगिकी, जैव ऊर्जा और जीनोम संपादन तकनीकों जैसे उन्नत क्षेत्रों में फैला हुआ है।
आईसीजीईबी, नई दिल्ली ने अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक प्रशिक्षण और सहयोग में भी योगदान दिया है। वर्ष 2023 से 2026 के बीच 22 देशों के 67 शोधकर्ताओं ने नई दिल्ली स्थित कम्पोनेंट में प्रशिक्षण प्राप्त किया या प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया। इस सहभागिता को जीव विज्ञान में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, औषधि विकास, जीनोम संपादन, कार्बन कैप्चर, माइक्रोस्कोपी और फ्लो साइटोमेट्री जैसे क्षेत्रों में कार्यशालाओं एवं वैज्ञानिक आदान-प्रदान के माध्यम से और अधिक सुदृढ़ किया गया है।
अपने अनुसंधान, प्रशिक्षण और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण संबंधी कार्यकलापों के माध्यम से आईसीजीईबी ने विकासशील और उभरती अर्थव्यवस्थाओं के साथ वैज्ञानिक सहयोग के लिए एक मंच भी प्रदान किया है। इसके अंतर्गत संयुक्त अनुसंधान, प्रशिक्षण और प्रौद्योगिकी हस्तांतरण के माध्यम से एशिया और अफ्रीका के देशों के साथ सहयोग किया जा रहा है।
इस दौरे ने जैव प्रौद्योगिकी अनुसंधान को आगे बढ़ाने, वैज्ञानिक क्षमताओं को सुदृढ़ करने तथा स्वास्थ्य, कृषि, औद्योगिक प्रक्रियाओं और पर्यावरणीय स्थिरता के क्षेत्रों में अनुसंधान को व्यावहारिक अनुप्रयोगों में परिवर्तित करने में भारत-आईसीजीईबी साझेदारी के महत्व को रेखांकित किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत आईसीजीईबी में कार्यरत भारतीय शोधार्थियों के साथ कार्यकारी दोपहर भोज का भी आयोजन किया गया, जिसमें शोधकर्ताओं, वरिष्ठ वैज्ञानिकों और केंद्र के प्रशासकों ने भाग लिया।





***
पीके/केसी/आरटी/एसकेजे/पीके